मुंबई। बोरीवली पुलिस को दिल्ली के चंद्र बिहार इलाके में आरोपी के छिपे होने की सूचना मिली थी.विदेशी नागरिक इफिनाई मदुकासी प्रिंस (30) और नार्थ ईस्ट से हेयो बोलो मेइंग (23) नाम के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान आरोपीयों के पास से पुलिस को 16 डेबिट कार्ड, 10 पासबुक, 2 लेपटॉप, 9 मोबाइल, 4 नए सिम कार्ड और 2 इंटरनेशनल सिम कार्ड बरामद हुए हैं. शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लॉकडाउन के दौरान सैकड़ों महिलाओं से 1.5 से 2 करोड़ रुपये तक की ऑनलाइन ठगी की है. और बाद में ये सारा पैसा उन्होंने डेबिट कार्ड की मदद से निकाल लिया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इफिनाई मदुकासी प्रिंस (30) नाम का ये विदेशी नागरिक 10 फर्जी फेसबुक आईडी के जरिए भारतीय महिलाओं को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था. जो महिलाएं फ्रेंड रिक्वेट एक्सेप्ट कर लेती थीं तो फिर वो उनको अपने प्रेमजाल में फंसाकर उनका वॉट्सऐप नंबर मांग लेता था. जब महिला पूरी तरीके से उसके चंगुल में फंस जाती तो वो लंदन से उसके लिए गिफ्ट भेजने की बात कहता था. इसके 2-3 दिन बाद उक्त महिला को मुंबई एयरपोर्ट का फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर फोन किया जाता था और करीब 2-3 लाख का टैक्स देकर पार्सल ले जाने को कहा जाता था. ऐसे में अगर कोई महिला पैसे देने से इनकार करती थी तो विदेशी नागरिक दोबारा महिला को फोन कर पार्सल में 3 से 4 करोड़ के गहने की बात कहकर महिला को मना लेता था. ठगी का ये सिलसिला आगे बढ़ता गया और अब महिला से सर्विस फी भरने को कहा जाने लगा. अगर महिला मना करती तो पुलिस से गिरफ्तार करवाने की धमकी दी जाती. मजबूर होकर महिला 2 से 3 लाख रुपये अलग एकाउंट में ट्रांसफर कर देती. जब तक महिला को पता चलता कि उसके साथ ठगी हो रही है, तब तक आरोपी अपने सारे मोबाइल और फेसबुक आईडी बंद कर चुका होता था. ऑनलाइन ठगी करने वाले विदेशी नागरिक और एक महिला को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
