IG कार्यालय में महिला का हंगामा.. पुलिसकर्मियों पर लगाया था रेप का आरोप.. तीन सदस्यीय महिला अधिकारियों की जाँच में आरोप पाया गया झूठा.. वापस लौटी महिला
अंबिकापुर। रेंज आईजी कार्यालय में कोरिया ज़िले के खड़गंवा क्षेत्र की महिला ने पहुँच कर हंगामा बरपाने की कोशिश की, हालाँकि कुछ ही देर में वह पुलिस अधिकारियों की समझाईश पर वापस लौट गई। महिला कोरिया ज़िले के खडगंवा क्षेत्र की निवासी है, और उसने खड़गंवा थाना प्रभारी समेत आरक्षकों पर यौन वर्धक दवा खिलाकर अनाचार का आरोप लगाया था। महिला ने आईजी कार्यालय में यह कहते हुए रोष प्रकट किया कि, उसकी शिकायत पर कार्यवाही नहीं हुई।
महिला जो कि अपने परिजनों के साथ आई थी, उसे इस संबंध में अधिकारियों ने जानकारी दी कि, उसके द्वारा लगाए आरोपों की जाँच महिला अधिकारियों के दल द्वारा किया गया जिसमें उसकी शिकायत असत्य पाई गई है।जबकि महिला आईजी कार्यालय पहुँची थी, आईजी प्रवास पर थे। महिला के आईजी कार्यालय पहुँचने के पहले ही कतिपय व्हाट्सएप ग्रुपों में यह प्रचारित किया गया था
इस मामले को लेकर आईजी सरगुजा के सी अग्रवाल ने NPG से कहा
“महिला का आरोप था कि उसके साथ खड़गंवा थाना प्रभारी और सहयोगी आरक्षकों ने सामूहिक अनाचार किया है। इस मामले में विरोधाभासी तथ्य थे, इसके लिए पृथक ज़िलों से तीन महिला अधिकारियों की टीम बनाई गई, जिसके जाँच के तथ्य महिला के आरोपों को असत्य बताते हैं। इस जाँच रिपोर्ट में कथित रुप से आरोपी बताए गए थाना प्रभारी और आरक्षकों के मोबाईल लोकेशन भी शामिल हैं जिससे यह प्रमाणित होता है कि, वे महिला द्वारा बताए गए घटनास्थल पर नहीं थे।जाँच प्रतिवेदन को राज्य सरकार को भी भेजा गया है, जिसमें CID भी शामिल है”
सूत्रों के अनुसार जाँच रिपोर्ट में इस बात का उल्लेख है कि, महिला के पति के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं, और जबकि यह आरोप लगे महिला का पति के ख़िलाफ़ खड़गंवा थाने में विवेचना चल रही थी। जाँच रिपोर्ट में इस बात का भी उल्लेख है कि, महिला पूर्व में अपने नज़दीकी रिश्तेदार पर भी अनाचार का आरोप लगा चुकी है, जिस आरोप से वह न्यायालय में मुकर गई।पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस यह मान रही है कि महिला को जानबूझकर आईजी कार्यालय कतिपय लोगों ने भेजा, ताकि विवाद की स्थिति निर्मित हो, पुलिस ने ऐसे तत्वों के ख़िलाफ़ कार्यवाही करने की क़वायद की है, हालाँकि किसी अधिकारी ने कोई पुष्टि नहीं की है।