Homeधर्मनम आंखों से दी गई माता रानी को विदाई,ढोल-ताशों के साथ नगर...

नम आंखों से दी गई माता रानी को विदाई,
ढोल-ताशों के साथ नगर भ्रमण कर महानदी में किया विसर्जन..



खरसिया। शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर रहे खरसिया नगर में अब माता रानी की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया है। नौ दिनों तक नगर के विभिन्न पंडालों में मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्तिमय वातावरण बना रहा। माता रानी के जयकारों से गूंजते पंडालों में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ नौ दिनों तक मां की आराधना की। नवरात्रि पर्व के समापन के साथ ही अब भक्त भारी मन और नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दे रहे हैं।



इसी कड़ी में रानी सती दुर्गोत्सव समिति, छपरिगंज द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। विसर्जन से पूर्व माता रानी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। इसके पश्चात ढोल-ताशों की गूंज और माता रानी के जयकारों के बीच प्रतिमा को लेकर भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, पूरे नगर का भ्रमण करते हुए निकली इस यात्रा के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा।



नगर भ्रमण के पश्चात श्रद्धालु माता रानी की प्रतिमा को लेकर महानदी पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान भक्तों ने मां दुर्गा से खरसिया नगर सहित पूरे क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। मां दुर्गा की विदाई के समय श्रद्धालुओं के चेहरों पर जहां नौ दिनों तक माता की सेवा और आराधना पूर्ण होने की संतुष्टि थी, वहीं अगले वर्ष तक मां से बिछड़ने का भावुक क्षण भी देखने को मिला।



नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की आराधना ने नगर में धार्मिक उल्लास और आपसी सद्भाव का वातावरण निर्मित किया। विसर्जन के साथ ही नवरात्रि पर्व का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने माता रानी से प्रार्थना की कि वे पुनः अगले वर्ष पधारकर सभी भक्तों को अपना आशीर्वाद प्रदान करें। इसी विश्वास और श्रद्धा के साथ भक्तों ने भावपूर्ण विदाई देते हुए जयकारा लगाते हुए माता की प्रतिमा का विसर्जन किया।

Sunil Agrawal
Sunil Agrawal
Chief Editor - Pragya36garh.in, Mob. - 9425271222
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments