बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की मौत, जलती भट्ठी में कूद गया था, दोहरे हत्याकांड में मिली थी उम्रकैद की सजा…
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में केंद्रीय जेल में दोहरे हत्याकांड का सजायाफ्ता एक कैदी ने आत्महत्या कर ली। कैदी गैसीफायर प्लांट की भट्ठी में कूद गया जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। पिछले डेढ़ महीने के दौरान केंद्रीय जेल में किसी कैदी की मौत का पांचवां मामला है।
मामले की जानकारी देते हुए जेल के एक अधिकारी ने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह निवासी राहुल कंवर उम्रकैद की सजा काट रहा था। उसे 2016 से दोहरे हत्याकांड के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
बुधवार शाम की है घटना
एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को केंद्रीय जेल की रसोई से जुड़ा लकड़ी और बायोमास-आधारित गैसीफायर प्लांट चालू था, तभी राहुल कंवर अचानक उस जगह की ओर भागा और भट्टी में कूद गया। उन्होंने बताया कि जब तक जेलकर्मी और अन्य कैदी उसे बाहर निकाल पाते, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था और उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद बिलासपुर के जिलाधिकारी संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और जेल के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल केंद्रीय जेल पहुंचे। पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
आत्महत्या का मामला
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सटीक पता लगाने के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस और जेल प्रशासन इस घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, पिछले डेढ़ महीने में बिलासपुर केंद्रीय जेल के भीतर किसी कैदी की मौत का यह पांचवां मामला है।
- बिलासपुर केंद्रीय जेल में कैदी ने की आत्महत्या
- जलती हुई भट्टी में कूद गया कैदी
- दोहरे हत्याकांड में काट रहा था उम्र कैद की सजा
- जेल प्रशासन ने न्यायिक जांच के दिए आदेश
23 जून को भी एक कैदी ने की थी आत्महत्या
अधिकारियों ने बताया कि 23 जून को एक सजायाफ्ता कैदी ने जेल के भीतर एक अन्य कैदी की हत्या कर दी थी। इसके बाद तीन अन्य कैदियों की अलग-अलग घटनाओं में बीमारी और दुर्घटनावश लगी चोटों के कारण मौत हो गई थी।