बच्चों को वाहन देना पड़ा भारी: रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने 16 अभिभावकों पर की कार्रवाई, दी सख्त हिदायत…

बच्चों को वाहन देना पड़ा भारी: रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने 16 अभिभावकों पर की कार्रवाई, दी सख्त हिदायत…

रायगढ़। शहर की सड़कों पर नाबालिगों और स्कूली छात्रों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के बढ़ते मामलों पर रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर ऐसे 16 अभिभावकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की, जिन्होंने अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति दी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और स्कूलों के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान कई स्कूली छात्र और नाबालिग बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के दोपहिया वाहन चलाते मिले। पुलिस ने नाबालिग चालकों के साथ उनके अभिभावकों को भी मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान पकड़े गए 16 नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें स्पष्ट रूप से बताया कि नाबालिग को वाहन चलाने देना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ दंडनीय अपराध भी है।

अधिकारियों ने मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों, आर्थिक दंड और इससे जुड़े अन्य कानूनी परिणामों की जानकारी देते हुए भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं सौंपने की सख्त हिदायत दी। यातायात पुलिस का कहना है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि उनकी अपनी और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। इसे देखते हुए शहर में आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यातायात पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की जिद या सुविधा के कारण उन्हें वाहन चलाने की अनुमति न दें। जिम्मेदार अभिभावक की भूमिका निभाते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहें और सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

img 20260730 wa00136170792247662212350
img 20260730 wa00126206240211713178286
img 20260730 wa00118669303430110973137

Sunil Agrawal

Chief Editor - Pragya36garh.in, Mob. - 9425271222

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *