HomeNEWSअस्पताल में दारू-मुर्गा की पार्टी, फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वॉय निलंबित, सफाई कर्मी...

अस्पताल में दारू-मुर्गा की पार्टी, फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वॉय निलंबित, सफाई कर्मी की सेवा समाप्त…

विश्रामपुर। सूरजपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी में अस्पताल परिसर के भीतर कर्मचारियों द्वारा चिकन और शराब पार्टी (Chicken-Liquor party in Hospital) किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। सूरजपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा ने मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए 2 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं एक संविदा सफाई कर्मी की सेवा समाप्त कर दी गई है। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य कर्मियों में हडक़ंप मचा हुआ है।

बता दें कि अनुशासन को ताक पर रखकर कुछ शासकीय कर्मचारी सरकारी दफ्तरों में मुर्गा-दारू की पार्टी समेत अन्य संदिग्ध गतिविधियां करते हैं। इनके वीडियो भी कई बार वायरल हो चुके हैं। इसी कड़ी में कुछ दिन पूर्व सूरजपुर जिले के लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वॉय व सफाईकर्मी का चिकन व शराब की पार्टी करते वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।

इस मामले में स्वास्थ्य विभाग (Surajpur CMHO) ने कड़ी कार्रवाई की है। सूरजपुर सीएमएचओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार अस्पताल में पदस्थ वार्ड ब्वॉय प्रेम कुशवाहा तथा फार्मासिस्ट ग्रेड-2 रंजीत जायसवाल को कार्य में लापरवाही बरतने और अस्पताल परिसर में मांस एवं मदिरा सेवन से जुड़ी घटना का वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित होने के मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया।

इस आधार पर दोनों के निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय ओडग़ी निर्धारित किया गया है। वहीं मामले में शामिल जीवनदीप समिति के अंतर्गत सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत चंद्रदीप राजवाड़े की सेवाएं समाप्त करने का आदेश भी जारी कर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई

गौरतलब है कि अस्पताल परिसर में शराबखोरी और अनुशासनहीनता से जुड़े मामलों की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी ऐसे मामलों की शिकायतें सामने आती रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे। इसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ दंडात्मक कदम उठाए हैं। अब मामले की विस्तृत जांच भी की जा रही है।

Sunil Agrawal
Sunil Agrawal
Chief Editor - Pragya36garh.in, Mob. - 9425271222
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments