छात्रा की मौत : हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिली 12वीं छात्रा, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, जताई जा रही ये आशंका…

Written by

in

रायगढ़। जिले से छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी मिली है कि छात्रा हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिली, जिसे आन फानन में अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही छात्रा ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद अब छात्रा की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जतायी जा रही है।

ये पूरा मामला जूट मिल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक छात्रा मूलतः सक्ती जिला की रहने वाली थी। वह रायगढ़ में आकर 12वीं बोर्ड की पढ़ाई कर रही थी। छात्रा वैदिक स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। तभी अचानक आज सुबह उसकी तबीयत बिगड़ी। बताया जा रहा है कि छात्रा सुबह बाथरूम गयी थी। लेकिन वहीं वह बेहोश होकर गिर गई।

हाॅस्टल में मौजूद दूसरी छात्राओं ने जब छात्रा को बेहोश होकर गिरते देखा, तो उन्होने स्कूल प्रबंधन इस बात की तत्काल जानकारी दी। छात्रा को तत्काल अपेक्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन छात्रा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन रायगढ़ पहुंचे। पुलिस को बिना सूचना दिए और बिना पोस्टमॉर्टम के शव को अपने गृह ग्राम ले गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद जूटमिल पुलिस ने मालखरौदा पुलिस को सूचना दी है।

वहीं जूटमिल पुलिस भी छात्रा के गांव के लिए रवाना हुई। इस घटना पर जूटमिल थाना प्रभारी ने बताया कि हॉस्टल प्रबंधन से छात्रा की मौत की जानकारी काफी देर से मिली। तब तक परिजन छात्रा के शव लेकर अपने गृहग्राम के लिए रवाना हो गये थे। हाॅस्टल प्रबंधन छात्रा की मौत की वजह हार्ट अटैक बता रहा है। लेकिन पोस्टमॉर्टम नहीं होने की वजह से मौत की सही जानकारी नहीं मिल सकी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More posts