कोरिया। कानून और संविधान के मुताबिक, पहली पत्नी होते हुए, दूसरा विवाह, बिना तलाक दिए संभव नहीं है। बल्कि इसे कानूनन अपराध माना गया है। लेकिन कोरिया जिले के एक पुलिसकर्मी की करतूत से उसकी पत्नी परेशान है। मामले में कानून के रखवाले ने ही कानून और संविधान का मज़ाक बनाकर रख दिया है। हैरानी इस बात को लेकर भी है कि पुलिस अधीक्षक, आईजी और डीजीपी तक शिकायत करने के बावजूद मामले को संज्ञान में नहीं लिया गया, कार्यवाही तो बहुत दूर की बात है। मामले में पीड़ित पत्नी ने अपने पति की शिकायत विभागीय आला अधिकारियों से कर रही है लेकिन उसे पुलिस विभाग ही न्याय नहीं दिला पा रहा। दरअसल कोरिया जिले के बैकुंठपुर में पदस्थ इंस्पेक्टर विमलेश दुबे ने दूसरी शादी कर ली है, वह भी पहली पत्नी के होते हुए। ना तो पहली पत्नी को तलाक दिया गया है और ना ही पहली पत्नी से लिखित में सहमति प्राप्त की है। इस बात को लेकर उनकी पहली पत्नी खफा है और डीजीपी तक से शिकायत कर चुकी है। विमलेश दुबे दूसरी शादी करने की तैयारी में थे, इस बात की खबर उसकी पहली पत्नी को लगी तो उसने समय रहते अधिकारियों से इस मामले की शिकायत की थी मगर अपने महकमे के इंस्पेक्टर के खिलाफ अधिकारियों ने कोई एक्शन नहीं लिया और हाल ही में विमलेश दुबे ने दूसरी शादी कर ली है और पहली पत्नी को बेसहारा छोड़ दिया है। अब महिला के पास सिवाय अफसरों के दरवाजे पर न्याय की गुहार लगाने के लिए चक्कर काटने के सिवा कोई विकल्प नहीं बचा है।
