HomeNEWSजिला न्यायपालिका के वर्ष 2027 के अवकाश घोषित, दीपावली पर छह दिन...

जिला न्यायपालिका के वर्ष 2027 के अवकाश घोषित, दीपावली पर छह दिन की छुट्टी…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जिला न्यायपालिका के अंतर्गत वर्ष 2027 के लिए अवकाशों की घोषणा कर दी है। हाईकोर्ट की ओर से 17 नवंबर को जारी अधिसूचना में वर्षभर के 20 प्रमुख अवकाशों की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इसमें होली और दशहरा पर दो-दो दिन, जबकि दीपावली पर लगातार छह दिन का अवकाश रहेगा।
अधिसूचना के अनुसार, वर्ष का पहला अवकाश 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर रहेगा। इसके बाद 6 मार्च को महाशिवरात्रि और 10 मार्च को ईद-उल-फितर की छुट्टी रहेगी। होली पर 22 और 23 मार्च को दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। 26 मार्च को गुड फ्राइडे, 14 अप्रैल को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती तथा 15 और 16 अप्रैल को रामनवमी का अवकाश रहेगा। 19 अप्रैल को महावीर जयंती की छुट्टी होगी।
इसके अलावा 17 मई को ईद-उल-जुहा (बकरीद), 16 जून को मुहर्रम, 2 अगस्त को हरेली, 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस, 17 अगस्त को रक्षाबंधन और 25 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी का अवकाश रहेगा। 3 सितंबर को हरतालिका तीज और 4 सितंबर को गणेश चतुर्थी की छुट्टी घोषित की गई है।
अक्टूबर में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती, 7 और 8 अक्टूबर को दशहरा का दो दिवसीय अवकाश रहेगा। वहीं, दीपावली पर 27 अक्टूबर से 1 नवंबर तक लगातार छह दिन जिला न्यायालय बंद रहेंगे। वर्ष का अंतिम अवकाश 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर रहेगा।
दूसरे और तीसरे शनिवार को भी न्यायालय बंद
हाईकोर्ट की अधिसूचना के अनुसार जिला न्यायपालिका में सभी रविवार को अवकाश रहेगा। इसके अलावा प्रत्येक महीने के दूसरे और तीसरे शनिवार को भी न्यायालय बंद रहेंगे। रविवार को पड़ने वाले मिलाद-उन-नबी, स्वतंत्रता दिवस और गुरु नानक जयंती के लिए अलग से अवकाश घोषित नहीं किया गया है। वहीं, गुरु घासीदास जयंती बंद शनिवार को पड़ने के कारण इसके लिए भी अतिरिक्त छुट्टी नहीं रहेगी।

Sunil Agrawal
Sunil Agrawal
Chief Editor - Pragya36garh.in, Mob. - 9425271222
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments