शराब के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक पर हमला करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार…

शराब के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक पर हमला करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत खरसिया पुलिस को एक और सफलता मिली है। मौहापाली मेन रोड पर शराब के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक एवं उसके साथियों से मारपीट करने वाले फरार आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी के मेमोरेंडम पर मारपीट में प्रयुक्त लोहे का कड़ा भी जब्त किया गया है, जबकि उसके दो अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम छोटे मुड़पार निवासी विनोद रायल (32 वर्ष) ने पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जनवरी 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपने मित्र रोहन जांगड़े को कार से उसके घर मौहापाली छोड़ने गया था। वापस लौटते समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार आरोपी फैज खान, अमनप्रीत, करतार और फरीद वहां पहुंचे। फैज खान ने कार रुकवाकर शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। पैसे नहीं होने की बात कहने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया और तीनों ने शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों, लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस दौरान फैज खान ने अपने पास रखे लोहे के कड़े जैसे कठोर औजार से विनोद रायल के सिर पर वार किया, जिससे उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं और काफी रक्तस्राव हुआ। घटना में प्रार्थी के साथ रोहन जांगड़े और कुंज किशोर पटेल को भी चोटें आईं, जिनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

प्रकरण में पुलिस चौकी खरसिया द्वारा अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2), 119(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। घटना के बाद तीनों मुख्य आरोपी फरार हो गए थे। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर 28 जुलाई 2026 को आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद के घर आने की जानकारी मिली। एएसआई मनोज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर मारपीट में प्रयुक्त लोहे का कड़ा भी बरामद कर जब्त किया गया।

गैर-जमानती धाराओं के तहत गिरफ्तार आरोपी फैजान अहमद उर्फ फैज खान, पिता मुस्ताक अहमद, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 05, हनुमान चौक, पुरानी बस्ती, खरसिया को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं घटना में शामिल फरार आरोपी करतार और फरीद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।

Sunil Agrawal

Chief Editor - Pragya36garh.in, Mob. - 9425271222

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *