बुजुर्ग महिला को अकेला पाकर घर में घुसा अज्ञात चोर, गला दबाकर सोने का लॉकेट लूटा; हालत गंभीर…
पुसौर। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम कंवरिहा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर में अकेली रहने वाली लगभग 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला हंस कुमारी पटेल को निशाना बनाते हुए एक अज्ञात चोर ने बाड़ी के रास्ते घर में घुसकर हमला कर दिया और लगभग 50,000 रुपये कीमत का सोने का लॉकेट (पदक) लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाड़ी में छिपा था बदमाश, खांसने की आवाज सुन जैसे ही देखा…
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता हंस कुमारी पटेल (पति स्व. दानीराम पटेल) गांव में अकेली रहती हैं। उनकी इकलौती बेटी कृष्णा पटेल की शादी डभरा तहसील में वकालत करने वाले घासीलाल पटेल से हुई है। घटना 20 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे की है। बुजुर्ग महिला जब बाथरूम से निकलकर अपने कमरे की ओर लौट रही थीं, तभी उन्हें घर के पीछे (जहां लकड़ी व खाद रखा रहता है) किसी के खांसने की आवाज सुनाई दी। जब महिला ने टॉर्च की रोशनी से देखना चाहा, तो पहले से छिपा बैठा एक काले हुलिए का अज्ञात बदमाश पीछे से आया और उनका गला दबाकर खींच दिया।
हमले से बेहोश हुई महिला, लॉकेट छीन भागा चोर
अचानक हुए हमले से वृद्धा जमीन पर गिर गईं। इस धक्का-मुक्की में उनके गले की सोने की माला टूटकर गिर गई। महिला के चिल्लाने पर आरोपी ने जमीन पर गिरा लगभग 14 माशा वजनी सोने का लॉकेट (कीमत करीब ₹50,000) उठाया और मौके से रफूचक्कर हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और पीड़िता का भतीजा विजय पटेल का परिवार मौके पर पहुंचा। वृद्धा सदमे और चोट के कारण अचेत अवस्था में पड़ी हुई थीं।
अपेक्स अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में अचेत महिला को रायगढ़ के अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता के दामाद घासीलाल पटेल और बेटी कृष्णा पटेल अस्पताल पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुसौर थाना पुलिस ने दामाद घासीलाल पटेल की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में आरोपी की पतासाजी में जुट गई है।