Blog

  • साल की शुरुवात में पीएम के खिलाफ पत्र लिखने वाली 49 हस्तियों को राहत

    सभी के खिलाफ दर्ज राजद्रोह (Sedition) का मामला बंद करने का पुलिस ने दिया आदेश

    मुजफ्फरपुर. ‘मॉब लिंचिंग’ (Mob Lynching) के खिलाफ साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को पत्र लिखने वाली 49 हस्तियों (49 Personalities) के खिलाफ दर्ज राजद्रोह (Sedition) का मामला बंद करने का पुलिस ने बुधवार को आदेश दिया. मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि मामला बंद करने का उन्होंने आदेश दिया है क्योंकि अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोप ‘शरारतपूर्ण’ हैं और उनमें कोई ठोस आधार नहीं है. गौरतलब है कि स्थानीय अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा की एक याचिका पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पिछले हफ्ते सदर पुलिस थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

    शिकायतकर्ता वकील के खिलाफ दायर होगा मुकदमा

    एडीजी हेडक्वार्टर जीतेंद्र कुमार का कहना है कि शिकायतकर्ता, सबूत उपलब्ध करा पाने में नाकाम रहा है। यहां तक कि वो वह पत्र भी नहीं दिखा सका जिसके आधार पर उसने केस किया था। इसके साथ यह भी पाया गया कि इस याचिका को दायर करने के पीछे उद्देश्य ठीक नहीं थे. उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 182 और 211 के तहत मुकदमा दायर किया जाएगा।

  • पुलिस मांगे रिश्वत, तो करें शिकायत – डीजीपी

    विभाग का नाम खराब करने वाले पुलिस अधिकारियों पर होगी कार्यवाही

    डीजीपी डीएम अवस्थी ने भ्रष्टाचार एवं कदाचार में लिप्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही हेतु पुलिस अधीक्षक ओ को कड़े निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही समस्त थाना प्रभारियों को भी पत्र जारी कर चेताया गया है, डीजीपी ने तमाम जिलों के कप्तानों को निर्देश दिए हैं। कि यदि किसी भी पुलिस कर्मी द्वारा विभाग का नाम खराब करने की स्थिति निर्मित की गई तत्काल उस पर कार्यवाही किया जावे।



    साथ ही डीजीपी डीएम अवस्थी ने आम लोगों से अपील किया कि, यदि किसी भी पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपके पास शिकायत हो तो पुलिस मुख्यालय मैं शिकायत सेल का गठन किया जा चुका है वहां पर अपनी शिकायत पत्र को दिया जा सकता है। जांच के पश्चात यदि पुलिसकर्मी गलत पाए जाएंगे उन पर कठोर कार्यवाही भी की जाएगी।

  • CM भूपेश बघेल ने मितव्ययिता के लिए अपने सुरक्षा में की कटौती, कहा- फिजूलखर्ची रोककर आम जनता के हित में किया जा रहा खर्च

    रायपुर। सीएम बघेल का बड़ा बयान मितव्ययिता के लिए मैंने अपनी सुरक्षा में भी कटौती की है, कारकेड को कम किया है क्योंकि मितव्ययिता ही एकमात्र तरीका है, जिससे फिजूलखर्ची रोककर आम जनता के हित में खर्च किया जा सकता है। इसके अलावा वित्तीय अनुशासन से हमने कई काम किए हैं आगे भी करेंगे।

    मुख्यमंत्री आवास में आयोजित जनचौपाल के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि फिजूलखर्ची रोकने के लिए मैने अपने कारकेट में कटौती की है। लेकिन पुराने लोग आज भी लम्बी कारकेट में है,ऐसे लोगों को ख़ुद को सोचना चाहिए।
    सीएम भूपेश बघेल ने इसके अलावा कई मसलों पर रखी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि आर्थिक मदद और खेती-किसानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे ज्यादा आए हैं. विद्या मितानों की हड़ताल, जिले में खाली पदों पर उनको रखने की बात हुई थी, कहीं विसंगति होगी तो दिखाया जाएगा।

    चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव जीतने का जताया भरोसा

    उन्होंने नक्सल आपरेशन के लिए जवानों को शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि गांधी विचार यात्रा ब्लॉक स्तर पर भी शुरू की जाएगी, हर गाँव और गली में गांधी जी के योगदान की चर्चा होगी. वहीं उन्होंने कहा कि चित्रकोट चुनाव हम जीतेंगे. लोगों में बहुत उत्साह है, अभी तक राजनीतिक दलों का प्रचार शुरू नहीं हुआ है कल मैं चित्रकोट जा रहा हूँ और पूरा भरोसा है कि हम जीतेंगे.
    सड़कों पर मवेशी की समस्या को उन्होंने 5 साल के कुशासन का परिणाम बताते हुए कहा कि 35 लाख आवारा पशु खुले में हैं. 2000 से ज्यादा गौठान बन चुके हैं, अब शहरी निकायों में गौठान बनाना भी हमारा लक्ष्य है, सालभर में हम इसका निदान कर देंगे.

  • अपने वादे से पलटे अम्बानी

    रिलायंस जियो के ग्राहकों को दिया बड़ा झटका

    जिओ की लॉन्चिंग के समय मुकेश अम्बानी ने अपने कस्टमर्स से वायदा किया था कि जियो से डेटा बेस कॉल कनेक्ट होगी और उन्हें सिर्फ डेटा के पैसे ही देने होंगे इसका मतलब यह था कि जियो के ग्राहक आजीवन मुफ्त कॉल कर सकेंगे, उन्हें सिर्फ डेटा के लिए ही पैसे देने होंगे, इसी प्लान की वजह से जियो ने आज तक कोई रिचार्ज प्लान पेश नही किया था, लेकिन अपने ग्राहकों से किये वायदे को तोड़ते हुए जियो ने IUC का बहाना बनाते हुए दूसरे ऑपरेटर को किये जाने वाले आउटगोइंग कॉल करने पर अपने ग्राहकों से प्रति मिनट 6 पैसे चार्ज करने की घोषणा की है।

    रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका देते हुए कॉलिंग के लिए पैसे लेने का एलान किया है। जियो के ग्राहकों को अब फोन पर बात करने के लिए पैसे देने होंगे। जियो के एक बयान के मुताबिक जियो के ग्राहकों को किसी दूसरी कंपनी के नेटवर्क पर कॉल करने के  लिए प्रति मिनट 6 पैसे देने होंगे, हालांकि जियो से जियो के नेटवर्क पर कॉलिंग पहले की तरह ही फ्री रहेगी।जियो ने कहा है कि वह अपने 35 करोड़ ग्राहकों को आश्वस्त करता है कि आउटगोइंग ऑफ-नेट मोबाइल कॉल पर 6 पैसा प्रति मिनट का शुल्क केवल तब तक जारी रहेगा जब तक TRAI अपने वर्तमान रेगुलेशन के अनुरूप IUC को समाप्त नहीं कर देता। हम TRAI के साथ सभी डाटा को साझा करेंगे ताकि वह समझ सके कि शून्य IUC यूजर्स के हित में है।

    वर्तमान में 6 पैसे प्रति मिनट है IUC शुल्क

    बता दें कि यह पूरा मामला इंटरकनेक्ट यूजेज चार्ज से जुड़ा है। IUC एक मोबाइल टेलिकॉम ऑपरेटर द्वारा दूसरे को भुगतान की जाने वाली रकम है। जब एक टेलीकॉम ऑपरेटर के ग्राहक दूसरे ऑपरेटर के ग्राहकों को आउटगोइंग मोबाइल कॉल करते हैं तब IUC का भुगतान कॉल करने वाले ऑपरेटर को करना पड़ता है। दो अलग-अलग नेटवर्क के बीच ये कॉल मोबाइल ऑफ-नेट कॉल के रूप में जानी जाती हैं। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) द्वारा IUC शुल्क निर्धारित किए जाते हैं और वर्तमान में यह 6 पैसे प्रति मिनट हैं।

    जियो नेटवर्क पर हर रोज आते हैं 40 करोड़ मिस्ड कॉल

    जियो नेटवर्क पर मुफ्त वॉयस कॉलिंग और 2G नेटवर्क पर अत्यधिक टैरिफ होने की वजह से Airtel और Vodafone-Idea के 35 – 40 करोड़ 2G ग्राहक, Jio ग्राहकों को मिस्ड कॉल देते हैं। Jio नेटवर्क पर रोजाना 25 से 30 करोड़ मिस्ड कॉल प्राप्त होते हैं। अन्य नेटवर्क से जियो पर रोजाना होने वाले 25 से 30 करोड़ कॉलिंग (मिस्ड कॉल) से Jio को 65 से 75 करोड़ मिनट इनकमिंग ट्रैफिक मिलना चाहिए था।

    जिओ द्वारा जारी प्लान की लिस्ट

    जारी हुए 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक के प्लान
    अन्य कंपनियों के नेटवर्क पर कॉलिंग के लिए जियो 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक के टॉप अप वाउचर भी जारी करेगी। 10 रुपये वाले प्लान में दूसरे नंबर पर 124 मिनट कॉलिंग की जा सकेगी। वहीं 20 रुपये वाले प्लान में 249 मिनट, 50 रुपये वाले प्लान में 656 मिनट और 100 रुपये वाले प्लान में 1,362 मिनट कॉलिंग की जा सकेगी

  • BSNL & MTNL के करोड़ों उपभोक्ता और 85 हजार कर्मचारियों के लिए बुरी खबर

    दिल्ली।दिवाली से पहले बीएसएनएल और एमटीएनएल के करोड़ों उपभोक्ता और करीब 85 हजार कर्मचारियों के लिए बुरी खबर है. बुरी खबर इसलिए क्योंकि अब खबरें ये आ रही है कि केंद्र की मोदी सरकार बीएसएनएल के दफ्तरों में ताला लगाने की तैयारी कर रही है। वहीं 85 हजार कर्मचारियों को वीआरएस देने की भी तैयारी है। वहीं कुछ खबरें ये भी आ रही है कि रिवाइवल प्लान के तहत एमटीएनएल और बीएसएनएल के कर्मचारियों की संख्या घटाकर आधी की जाएगी।

    मिली जानकारी के अनुसार उपरोक्त नियम के संबंध में गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बनी ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (जीओएम) के बीच सहमति बन गई है और जीओएम ने इस प्लान को हरी झंडी दे दी है। वहीं रिवाइवल प्लान के तहत सरकार एमटीएनएल और बीएसएनएल के कर्मचारियों की रिटायरमेंट की उम्र कम कर 58 साल करेगी। स्पेशल केस के तहत कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र कम होगी। इन सब के बीच इस बात से भी अवगत करा दें कि सरकार एमटीएनएल और बीएसएनएल के 50 साल से ऊपर के करीब 85 हजार कर्मचारियों को वीआरएस स्कीम देगी। इससे दोनों कंपनियों में 85 हजार कर्मचारी ही बचेंगे अभी दोनों में मिलाकर 1.80 लाख कर्मचारी हैं। वीआरएस पर सरकार 40 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी, सरकार अगले 8 साल के अंदर कर्मचारियों को रकम चुकाएगी।

    रिपोर्ट के मुताबिक अभी कुछ दिन पहले खबर आई थी कि दोनों (BSNL और MTNL) को फिर से पटरी पर लाने के लिए 74000 करोड़ के पैकेज को सरकार ने ख़ारिज कर दिया है, अब ख़बर आ रही है कि BSNL और MTNL बंद होगा। फ़ाइनेंशियल एक्सप्रेस किरण राठी ने सूत्रों के हवाले से ख़बर की है, कुछ लोगों को दूसरी जगहों पर एडजस्ट किया जाएगा और बाकी को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति देकर चलता कर दिया जाएगा। सरकार के पास इन दो कंपनियों को बचाने के पैसे भी नहीं है। कश्मीर पर फैसले के बाद वह बंद करने का जोखिम आसानी से ले सकती है, जैसे कश्मीर पर लोग चुप रहे वैसे ही इन पौने दो लाख लोगों के मामले में बाकी चुप रहेंगे।

  • नौ महीनों में टाटा मोटर्स ने बेची केवल एक नैनो कार

    टाटा मोटर्स ने बताया कि साल 2019 में उसने सिर्फ एक नैनो कार बेची है। ये कार भी फरवरी महीने में बिकी थी। कंपनी ने हालांकि अभी ये घोषणा नहीं की है कि उसने मॉडल को बंद कर दिया है।

    टाटा मोटर्स ने बड़े जोर शोर से लखटकिया कार नैनो को लांच किया था लेकिन कार की क्वालिटी और परफारमेंस ऐसी रही कि आज इसको पूछने वाला कोई नहीं है।

    टाटा मोटर्स ने कहा कि नैनो को आगे जारी रखना संभव नहीं होगा क्योंकि नए सुरक्षा नियमों और BS-VI उत्सर्जन मानकों को पूरा करने में कार सक्षम नहीं है। कंपनी ने साल 2008 में वाहन प्रदर्शनी के दौरान इस गाड़ी को पेश किया था। इसे लोगों को काफी उम्मीदें भी थी।

  • राजधानी से सटे इलाके में दो पुलिसकर्मी की हुई पिटाई, दशहरा में लगी थी ड्यूटी, आरोपी अब तक फरार

    छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर में दो पुलिसकर्मियों की उस वक्त जमकर पिटाई हो गई, जब उनकी ड्यूटी दशहरा कार्यक्रम में लगी थी। हिंसक भीड़ में लड़ाई कर रहे युवकों को छुड़ाने पहुंचे अभनपुर थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल उज्जवल नाग और कांस्टेबल महेश यादव की उल्टे युवकों द्वारा पिटाई कर दी गई। इतना ही नहीं मौका देख भीड़ ने भी उन पर हमला कर दिया। दोनों पुलिसकर्मियों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। लेकिन आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

    मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को ग्राम खोरपा में आयोजित दशहरा उत्सव में रात करीब 9 बजे दोनों पुलिसकर्मियों के पास सूचना आती है कि गांव के साहू किराना स्टोर के पास एक व्यक्ति को कुछ लोग बुरी तरह पीट रहे हैं। जिसे वहां मौजूद भीड़ मूकदर्शक बनी देख रही थी। इस पर दोनों मौके पर पहुंचे और पीट रहे व्यक्ति को आरोपियों से छुड़ाने लगे। इतने में युवक को पीट रहे राजू साहू और कौशल मंडल सहित अन्य आरोपी दोनों पुलिसवालों को अश्लील गालियां देने लगते हैं, इतने में भी जी नहीं भरता तो मारने लगे और अन्य लोगों को भी उन्हें मारने के लिए भड़काने लगे। इसके बाद मौके पर मौजूद ढाई सौ लोगों की भीड़ में से कई लोग दोनों पुलिसकर्मियों को हाथ मुक्के, लाठी से मारने लगे और पथराव भी किया।

    पिटाई के दौरान कांस्टेबल महेश यादव का सर लाठी के वार से फट गया और वह बेहोशी की अवस्था में पहुंच गया, जबकि हेड कांस्टेबल उज्जवल नाग के होंठ के नीचे कटने के साथ-साथ शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट आई। इस दौरान मौके पर पहुंची डायल 112 के जवानों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पुलिसकर्मियों को ग्रामीण के हाथों बचाया और अस्पताल में भर्ती करवाया।
    अभनपुर थाना प्रभारी बोधन साहू ने बताया कि रात में ही आरोपी राजू साहू और कौशल मंडल सहित अन्य आरोपियों के विरुद्ध धारा 294, 332, 506, 186,353,34 के तहत अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

  • रविन्द्र पटेल को मुख्यमंत्री ने दी 3 लाख की आर्थिक सहायता
    किडनी के इलाज के लिए लगाई थी सीएम से गुहार

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सी. एम. हाउस में आयोजित जनचौपाल भेंट-मुलाकात में रायगढ़ जिले के ग्राम बोतल्दा (तहसील खरसिया) निवासी रविन्द्र पटेल को किडनी के इलाज के लिए तीन लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। यहाँ यह बताना लाजमी होगा कि रविन्द्र पटेल एक समय वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हुआ करते थे लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में रविन्द्र पटेल ने भाजपा के पक्ष में जोर शोर से प्रचार किया था और भाजपा केे प्रत्याशी पूर्व कलेक्टर ओपी चौधरी को जिताने और कांग्रेस केे प्रत्याशी एवं वर्तमान उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल को हराने के लिए अपनी एड़ी चोटी एक कर दी थी, यहाँ तक की रविन्द्र पटेल ने आईसीयू में  रहते हुए भी कांग्रेस के प्रत्याशी को वोट ना कर भाजपा के प्रत्याशी पूर्व कलेक्टर ओपी चौधरी को वोट करने की अपील की थी।

    बहरहाल राजधानी में जनचौपाल में आए रविन्द्र पटेल ने मुख्यमंत्री को बताया कि वो एक साल से किडनी की बिमारी से ग्रस्त है, जिसका इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, जिससे आगे का इलाज नहीं करा पा रहें है। मुख्यमंत्री ने रविन्द्र पटेल के आवेदन पर मौके पर ही उनके आगे के बेहतर इलाज के लिए 3 लाख रूपए की आर्थिक सहायता की स्वीकृति प्रदान की।


  • श्याम मंदिर में हुआ भव्य चांदी के दरबार का लोकार्पण

    श्याम पाठ कर लगाया गया बाबा को भोग


    खरसिया। स्टेशन चौक स्थित श्याम बाबा मंदिर में नवनिर्मित भव्य चांदी के दरबार का लोकार्पण श्याम प्रेमी भक्तो के द्वारा एकादशी के दिन किया गया, उस दौरान बाबा श्याम का पूजन आरती कर भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।
    खरसिया स्टेशन चौक श्याम बाबा मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय गर्ग ने बताया की स्टेशन चौक स्थित श्याम बाबा के मंदिर में श्याम प्रेमी भक्तो के द्वारा मंदिर की सजावट कर के भव्य आकर्षक चांदी से सुसज्जित दरबार का विधि विधान के साथ श्याम बाबा के चरणों मे अर्पित किया गया। भक्तो ने श्याम पाठ का आयोजन कर अपने बाबा के प्रति आस्था जताकर बाबा का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया। विजय गर्ग ने कहा की श्याम बाबा के मंदिर में सच्ची श्रद्धा भक्ति के कलयुग के महादानी बाबा श्याम के प्रति आस्था रखने वाले भक्तों को बाबा श्याम कभी निराश नही करते तथा उनकी सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करते है।

  • रावण दहन के साथ पुनः हुयी असत्य पर सत्य की विजय


    जोरशोर से मना विजयादशमी का पर्व
    खरसिया। खरसिया नगर की ख्यातिप्राप्त दशहरा मेला का सफल आयोजन संपन्न हुआ। रावण दहन का कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक एवं केबिनेट मंत्री उमेश पटेल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ वहीं इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान स्थानीय टाउन हाल मैदान में हजारों लोगो ने इस रंगारंग कार्यक्रम का लुफ्त उठाया। विजयादशमी महोत्सव समिति ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये नगरवासियों सहित क्षेत्रवासियों का एवं दशहरा मेले में सुव्यस्थित सुरक्षा व्यवस्था के लिये खरसिया पुलिस का आभार माना।
    विदित हो कि खरसिया का दशहरा मेला क्षेत्र में ख्याति प्राप्त मेला है इस दौरान रावण दहन के कार्यक्रम के साथ राम राजगद्दी का आयोजन के साथ साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होता है। क्षेत्रीय विधायक एवं केबिनेट मंत्री उमेश पटेल के मुख्य आतिथ्य एवं नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग की अध्यक्षता में रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान टाउन हाल मैदान में हजारों लोगो की उपस्थिति में रावण दहन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। रावण दहन के पश्चात विजयदशमी महोेत्सव समिति के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसका हजारों की संख्या में उपस्थित लोगो ने लुफ्त उठाया वहीं कार्यक्रम स्थल टाउन हाल मैदान में खरसिया पुलिस के जवानों की चुस्त दुरूस्त सुरक्षा व्यवस्था के चलते कार्यक्रम में कहीं भी कोई अप्रिय स्थिति निर्मित नही हुई, जिसका आयोजन समिति ने खरसिया पुलिस का आभार माना वहीं कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये विजयदशमी महोत्सव समिति ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

    बारिश के बावजूद भी भारी भीड रही दशहरा मेले में


    खरसिया के प्रसिद्ध दशहरा मेले में शाम होते ही लोगो का मेला स्थल टाउन हाल में आना प्रारंभ हो गया और देखते ही देखते पूरा टाउन हाल मैदान लोगो से खचाखच भर गया था। जबकि दिन भर से नगर में हल्की बारिश हो रही थी, जिस वजह से एैसा लग रहा था कि रावण दहन में बोई बाधा न आ जाये किंतु इंद्र देव की कृपा से रावण दहन का कार्यक्रम निर्बाध रूप से सन्पन्न हुआ और बारिश के बावजूद भी हजारों की संख्या में मेले में जुटे लोग रावण दहन कार्यक्रम में रूके रहे साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भी हजारों की संख्या में लोगों ने कार्यक्रम का लुत्फ उठाया।
    पुलिस की रही चाक चौबंद व्यवस्था
    दशहरे का यह विराट कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढ़ंग से संपन्न हो इसके लिये खरसिया पुलिस ने जोरदार तैयारियां कर रखी थी और कार्यक्रम स्थल में चारो तरफ बेरिकेटिंग कर कलाकारों एवं दर्शकों को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया करायी गयी थी। पुलिस की चुस्त दुरूस्त सुरक्षा व्यवस्था की वजह से दशहरे का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढ़ंग से संपन्न हुआ। खरसिया अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पीताम्बर पटेल के नेतृत्व में थाना प्रभारी सुमत राम साहू, चौकी प्रभारी जयसिंह खूंटे, महिला ड़ेस्क प्रभारी श्रीमती सरोजनी राठौर सहित इनकी पूरी टीम ने पूरे समय तक मेला प्रांगण में मोर्चा संभाले रखा जिससे मेले में आये दर्शकों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।