Blog

  • खरसिया में आगजनी का तांडवःकानून-व्यवस्था ध्वस्त, दहशत में नगरवासी…

    खरसिया में आगजनी का तांडवःकानून-व्यवस्था ध्वस्त, दहशत में नगरवासी…

    खरसिया। न्यू बस स्टैंड पर बीती रात आगजनी की भयावह घटना ने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया। मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद उपद्रवियों ने नगर पालिका द्वारा लगाए गए शुद्ध पानी के आरओ प्लांट को आग के हवाले कर दिया। आगजनी में एक ठेला और दो स्कूटियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। यह घटना नगर की कानून-व्यवस्था की खस्ता हालत और प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है।

    आग में जल उठा नगर का विश्वास

    घटना के बाद नगरवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आगजनी योजनाबद्ध थी और इसे अंजाम देने वाले अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे। खरसिया चौकी में पुलिस बल की कमी ने इस स्थिति को और गंभीर बना दिया। बल की कमी ने नगर अपराधियों को बेखौफ होकर अपना मंसूबा पूरा करने का मौका दिया।

    फायर ब्रिगेड ने बचाई स्थिति, बड़ा हादसा टला

    स्थानीय नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिससे आस-पास खड़ी बसों और अन्य संपत्तियों को बचाया जा सका। अगर आग समय पर नहीं बुझाई जाती, तो यह एक बड़े हादसे का रूप ले सकती थी, जिसमें जन-धन की भारी हानि संभव थी।

    रहवासियों में आक्रोश, प्रशासन पर उठे सवाल

    घटना के बाद नगर के नागरिकों ने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि खरसिया में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और प्रशासन की निष्क्रियता ने अपराधियों के हौसले बुलंद कर दिए हैं।

    क्या प्रशासन संभाल पाएगा स्थिति?

    इस घटना ने नगर के प्रशासन पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। क्या खरसिया के अधिकारी और पुलिस प्रशासन इस चुनौती का सामना कर पाएंगे, या नगरवासी डर और असुरक्षा के साए में जीने को मजबूर रहेंगे? घटना के बाद प्रशासनिक सक्रियता पर निर्भर करेगा कि खरसिया में शांति बहाल हो सकेगी या नहीं।

    रहवासियों की सुरक्षा पर मंडराता सवाल

    यह घटना खरसिया में कानून और सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर करती है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस घटना से सबक लेकर अपनी जिम्मेदारियों को निभाता है या फिर नगरवासियों को इसी दहशत में जीने को मजबूर होना पड़ेगा।

  • जशपुर में 50KM दूर ड्रोन से भेजी गई दवाइयां:मेडिकल किट लेकर वापस भी आया, दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पहल…

    जशपुर में 50KM दूर ड्रोन से भेजी गई दवाइयां:मेडिकल किट लेकर वापस भी आया, दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पहल…

    जशपुर जिले के सुदूर अंचलों में भी त्वरित गति से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने ड्रोन की किस तरह से मदद की जा सकती है। इसका प्रदर्शन किया गया। जहां जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बेंगलुरु की एक निजी कंपनी के द्वारा प्रायोगिक तौर पर पुलिस लाइन से एक ड्रोन की मदद से दवाइयों को 50 किलोमीटर दूर स्थित सन्ना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। फिर वहां से ड्रोन सकुशल मेडिकल किट लेकर वापस आ गया।

    इस पूरी गतिविधि में लगभग एक घंटे का समय लगा। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा कार्यों में गति लाने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहा है। कलेक्टर ने ड्रोन संचालन दल से इसके संचालन और क्षमता की जानकारी ली।

    पहाड़ों और पठारों से घिरे जशपुर जिले में कई इलाके दुर्गम होने की वजह कई बार इन क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना कठिन कार्य हो जाता है। ऐसे में ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकी इन समस्याओं के समाधान का एक जरिया बन सकती है।

    ड्रोन की क्षमता के बारे में रेडविंग कंपनी के रोहित देवांगन ने बताया कि यह ड्रोन इंडिया में बना हुआ है। यह एक बार में 60 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है। इसे डीजीसीए द्वारा प्रमाणित किया गया है।

    यह 5 किलोग्राम तक का भार लेकर 75 से 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है। इसमें कोल्ड चेन की भी सुविधा होने की वजह से इसके माध्यम से वैक्सिन, ब्लड सैंपल, दवाइयों का सुरक्षित परिवहन भी किया जा सकता है।

    इसके इस्तेमाल से 90 प्रतिशत तक कार्बन फुटप्रिंट तक कम किया जा सकता है। ड्रोन टीम ने बताया कि यह प्रदर्शन भारत सरकार की स्वास्थ्य सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हेल्थ केयर ड्रोन प्रौद्योगिकी के प्रयोग का एक भाग है। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी, सीएचएमओ जीएस जात्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

  • कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करने वाले व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों पर स्टेट जीएसटी की दबिश

    कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करने वाले व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों पर स्टेट जीएसटी की दबिश


    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य कर निरीक्षकों को शासकीय कार्य के दौरान व्यवसायियों द्वारा धमकाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए इस पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए है। उल्लेखनीय है कि राज्य कर जीएसटी विभाग द्वारा बोगस फर्मों, संदिग्ध फर्मों की पहचान के लिए रिस्क पैरामीटर के आधार पर ऐसे फर्मों की पहचान कर भौतिक सत्यापन की कार्यवाही की जा रही है। विभाग के निर्देश पर निरीक्षकों द्वारा रायपुर स्थित मेसर्स योगेश कमर्शियल, महेश कालोनी, गुढियारी के मुनीश कुमार शाह एव मेसर्स श्री जगन्नाथ कन्स्ट्रक्शन, दलदल सिवनी के राहुल शर्मा के विरूद्ध अनियमितता की शिकायत प्राप्त होने पर व्यवसाय के भौतिक सत्यापन हेतु राज्य कर निरीक्षक रितु सोनकर और होमेश वर्मा को निर्देशित किया गया था। आदेश के परिपालन में कर निरीक्षक भौतिक सत्यापन करने गये थे, लेकिन उक्त दोनों व्यवसायियों के द्वारा निरीक्षकों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए धमकी दिया गया जिससे व्यवसाय के भौतिक सत्यापन के शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री श्री साय के द्वारा व्यवसायियों के इस कृत्य को गंभीरता से लिया गया।
    मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देशन में विभाग ने व्यवसायियों के संव्यवहारों की पड़ताल की तथा कर अपवंचन और जीएसटी अधिनियम के प्रावधानो का पालन नहीं करने पर आज विभाग ने दोनों फर्मों के प्रतिष्ठानों पर जांच जब्ती की कार्यवाही की। विभाग द्वारा शासकीय कार्यों में बाधा पहुंचाने एवं अधिकारियों को धमकाने के लिए उक्त व्यक्तियों के विरूद्ध पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की गई।

  • जनता जनार्दन ही चुनेगी मेयर-अध्यक्ष, वही हटाएगी भी,डायरेक्ट इलेक्शन के लिए सरकार ने जारी किया अध्यादेश…

    जनता जनार्दन ही चुनेगी मेयर-अध्यक्ष, वही हटाएगी भी,डायरेक्ट इलेक्शन के लिए सरकार ने जारी किया अध्यादेश…

    प्रदेश में फिर एक बार शहर सरकार चुनने की पूरी जिम्मेदारी जनता के हाथों में आ गई है। नगर पालिकों में पार्षद से लेकर महापौर और अध्यक्ष का चुनाव अब सीधे जनता के वोट से होगा। राज्य में नगरीय निकाय चुनाव में बदलाव को लेकर राज्य सरकार ने अध्यादेश जारी किया है। इमसें वार्डों के आरक्षण के साथ ही मेयर के चुनाव की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है।

    राज्य सरकार की तरफ से जारी अध्यादेश के अनुसार मेयर का चुनाव लडऩे के लिए न्यूनतम आयु सीमा 25 वर्ष और पार्षद का चुनाव लडऩे के लिए यह सीमा 21 वर्ष तय कर दी गई है। कोई भी व्यक्ति एक साथ मेयर और पार्षद का चुनाव लड़ सकता है, लेकिन दोनों चुनाव जीतने के सात दिन के भीतर एक पद छोडऩा होगा। महापौर का चुनाव जनता करेगी और उसे हटाने का अधिकार भी वोटरों को ही दिया गया है। हालांकि इसके लिए निर्वाचित पार्षदों को पहल करनी पड़ेगी। महापौर को कार्यकाल पूरा होने से पहले हटाने की प्रक्रिया (अविश्वास प्रस्ताव) पदभार ग्रहण करने के दो वर्ष से पहले शुरू नहीं की जा सकती है।  किसी भी महापौर को कार्यकाल से पहले पद से हटाने के लिए निर्वाचित पार्षदों को तीन चौथाई बहुमत से प्रस्ताव पास करना होगा। यह प्रस्ताव संभागीय आयुक्त को भेजा जाएगा। संभागीय आयुक्त संतुष्ट होंगे तो आगे की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके तहत जनता महापौर को हटाने के लिए मतदान करेगी। यह मतदान गोपनीय होगा। वहीं, उप चुनाव के जरिये मेयर बनने वालों को खिलाफ तभी अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है, जबकि उन्होंने आधा कार्यकाल पूरा कर लिया हो। आचार संहिता 15-20 के बीच नगरीय निकायों के चुनाव के लिए 15 से 20 दिसंबर के बीच आचार संहिता लागू हो सकती है। निकाय चुनाव के लिए वोटर लिस्ट 11 दिसंबर तक फाइनल की जा सकती है। निकायों को लेकर जब 11 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। इसके तीन से   चार दिन बाद यानी 15 से 20 दिसम्बर के बीच चुनावों के ऐलान के साथ आचार संहिता लागू कर दी जाएगी।

  • पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर फायरिंग…

    पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर फायरिंग…



    पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला हुआ है। उन पर अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के गेट के पास गोली चली। गनीमत रही कि सुखबीर बाल-बाल बच गए। वहां मौजूद लोगों ने गोली चलाने वाले आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अकाल तख्त द्वारा तनखैया करार दिए जाने के बाद सुखबीर सेवा करने गोल्डन टेंपल पहुंचे थे।

  • बैंक अकाउंट में 4 नॉमिनी कर सकेंगे ऐड…

    बैंक अकाउंट में 4 नॉमिनी कर सकेंगे ऐड…



    लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंकिंग अमेंडमेंट बिल 2024 पेश किया। इस बिल में कुल 19 संशोधन प्रस्तावित हैं। इसे लोकसभा से पास कर दिया गया है। नए कानून के लागू होने के बाद बैंक ग्राहक अकाउंट में 4 नॉमिनी ऐड कर सकेंगे। बैंकों को RBI को रिपोर्ट देने की समय सीमा में बदलाव करने की अनुमति होगी। इसके अलावा अन्य संशोधन भी किए गए हैं, जो बैंक और ग्राहकों से संबंधित हैं।

  • नाराजगी दूर कर दी राइस मिल वालों की- राइस मिल संचालकों को विष्णु सरकार ने दिया आश्वासन, कहा- कस्टम मिलिंग के प्रावधानों में करेंगे संशोधन, 7 दिसंबर को स्वास्थ्य मंत्री निवास में संपन्न बैठक पश्चात हुआ निर्णय, मिल मालिकों ने जताया सरकार का आभार…

    नाराजगी दूर कर दी राइस मिल वालों की- राइस मिल संचालकों को विष्णु सरकार ने दिया आश्वासन, कहा- कस्टम मिलिंग के प्रावधानों में करेंगे संशोधन, 7 दिसंबर को स्वास्थ्य मंत्री निवास में संपन्न बैठक पश्चात हुआ निर्णय, मिल मालिकों ने जताया सरकार का आभार…

    सक्ति। छत्तीसगढ़ सरकार की नई कस्टम मिलिंग से नाराज प्रदेश भर के हजारों राइस मिल संचालकों ने आज 7 दिसंबर को शासन एवं चावल उद्योग संघ के बीच हुए अनौपचारिक समझौते के बाद अपनी मिलो को चलाने का निर्णय लिया है, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदेश के चावल मिल संचालकों की समस्या के समाधान का आश्वासन छत्तीसगढ़ प्रदेश राईस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सभी जिलों के अध्यक्ष को मुख्यमंत्री निवास में दिया है, जिसके बाद प्रदेश भर के मिलर्स ने कस्टम मिलिंग कार्य करने सहमति दी। इसके बाद सभी जिलों में सीएमआर कार्य आरंभ हो गया

    ज्ञात हो कि प्रदेश भर के राईस मिलर्स धान खरीदी के उपरांत पंजीयन से लेकर अनुबंध का कार्य नहीं कर धान का उठाव नहीं कर रहे थे। धान का उठाव नहीं होने से सोसाइटी में अव्यवस्था और किसानों को परेशानी हो रही थी। इसके समाधान के लिए अनेक स्तर पर शासन और प्रदेश मिलर्स एसोसिएशन के बीच चर्चा हुई लेकिन मिलर्स की प्रोत्साहन राशि, मिलर्स का बकाया भुगतान, परिवहन व्यय इत्यादि को लेकर गतिरोध बना हुआ था जिसके बाद प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निवास पर मुख्यमत्री के निर्देश पर प्रदेश एसोसिएशन के साथ बैठक हुई। जिसमें मिलर्स की सभी प्रमुख मांगों के साथ अनुबंध की विभिन्न कंडिकाओं में संशोधन पर सहमति बनी, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल जी ने प्रदेश एसोसिएशन अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, महामंत्रीद्वय विजय तायल, प्रमोद जैन, कोषाध्यक्ष चंदन अग्रवाल, सचिव संजय गर्ग के साथ सभी पदाधिकारियो को मुख्यमंत्री जी से मुलाकात करायी। जिसमें मुख्यमंत्री जी ने मिलर्स को दिए आश्वासन को अगले कैबिनेट में पूरा करने ठोस आश्वासन दिया। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा की मिलर्स तुरंत अनुबंध कर धान का उठाव करेंगे। किसानों को किसी तरह की समस्या नहीं होगी। उन्होंने मा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं अरुण साव, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल जी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जी, वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, श्री राम गर्ग, भारतीय किसान संघ एवं लघु उद्योग भारती का धन्यवाद ज्ञापित किया जिनके प्रयासों से सीएमआर संबंधी समस्याओं का समाधान हुआ। इसके उपरांत अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, महामंत्रीद्वय विजय तायल, प्रमोद जैन ने अपने मिलर्स साथियों से तत्काल सीएमआर कार्य करने अपील जारी की, इसके उपरांत छोटी अन्य समस्याओं के लिए मार्कफेड के प्रबंध संचालक रमेश शर्मा के साथ भी बैठक हुई जिसमें अनुबंध के विभित्र प्रावधान में संशोधन को लेकर सहमति बनी, आज की बैठक में दिनेश केडिया, गोपाल अग्रवाल, मोहन भाई पटेल, ईश्वर लालवानी, राजीव अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, सुरेश जैन, सुरेश कटारिया, बंटी अग्रवाल, गौतम दुग्गड़, संदीप मित्तल, गोलू अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, नूरु शेख, सुमित अग्रवाल, मनोज पालीवाल, जुगल लिखमणीय, रतन अग्रवाल, मनोज पीचा, मनोज अग्रवाल, संजय अग्रवाल, बलबीर सलूजा, संजय दुआ असलम भाई सहित अनेक मिलर्स उपस्थित थे।

  • युवा अग्निवीरो को किस तरह कचरा गाडी में भर कर लाया जा रहा…

    युवा अग्निवीरो को किस तरह कचरा गाडी में भर कर लाया जा रहा…

    रायगढ़ शहर में 3 दिसंबर रात से अग्नि भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है ऐसे में जिला प्रशासन और रायगढ़ नगर निगम शहर पहुंचने वाले युवाओं को भर्ती स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाली है और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड से युवाओं को निशुल्क स्टेडियम पहुंचने की व्यवस्था की है।

    और प्रदेश के अन्य जिलों से आने वाले युवाओं को निशुल्क भोजन देने की भी बात जिला प्रशासन और नगर निगम ने कही थी लेकिन इस व्यवस्था में नगर निगम की चुक भी सामने आई है अग्नि वीर भर्ती प्रक्रिया में आए युवाओं को रायगढ़ नगर निगम के कचरा ढोने वाले गाड़ी में लोड कर रायगढ़ रेलवे स्टेशन से स्टेडियम तक लाया गया , रायगढ़ नगर निगम अग्नि वीर भर्ती प्रक्रिया में आए युवाओं का कहना है कि रेलवे स्टेशन उतरने के बाद कचरा गाड़ी आने की व्यवस्था की गई थी ऑटो गाड़ियों की अधिक मूल्य होने की वजह से निगम की व्यवस्था से उन्हें आना पड़ा ,रात में किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं होने के कारण सभी युवा इसी गाड़ी में आने की लिए मजबूर थे फिलहाल उन्हें बेहतर व्यवस्था की आशा थी इतनी बड़ी भर्ती प्रक्रिया चल रही है लेकिन युवाओं को कचरा गाड़ी  मे  ला ना  गलत है बता दें कि रायगढ़ शहर में 3 दिसंबर से 12 दिसंबर तक अग्नि वीर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है जिसके लिए 3 दिसंबर की रात सारंगढ़ भिलाईगढ़ और जांजगीर-चांपा जिले से 917 अभ्यर्थी पहुंचे हुए थे और पूरे प्रदेश भर से आने वाले कुछ दिनों में लगभग 856 युवा इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।

  • लगातार भाड़े में गिरावट और स्थानीय गाड़ियों की उपेक्षा से परेशान हैं ट्रांसपोर्टर…

    लगातार भाड़े में गिरावट और स्थानीय गाड़ियों की उपेक्षा से परेशान हैं ट्रांसपोर्टर…


    रायगढ़। जिले के लारा पुसौर क्षेत्र में संचालित औद्योगिक संयंत्र एनटीपीसी के बाहर रविवार से रायगढ़ फ्लाईऐश एसोसिएशन के सदस्य अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे है। जिससे हजारों गाड़ियों के पहिये थम गए है।

    एशोसिएशन का कहना है कि इतनी महंगाई में तीन वर्ष से भाड़े में लगातार गिरावट की जा रही है और स्थानीय गाड़ियों की उपेक्षा हो रही है। जिससे स्थानीय गाड़ी मालिको और उनके परिवार पर रोज़ी रोटी का संकट आ खड़ा हुआ है। बार बार प्रबंधन को सूचित करने के बाद भी कोई समाधान नही निकल रहा है इसलिए अब हमें अपने हितों की रक्षा के लिए हड़ताल करने पर मजबूर होना पड़ा।

    फ्लाई ऐश ठेका एजेंसी और एनटीपीसी कंपनी की साठगांठ
    एनटीपीसी से निकलने वाले फ्लाईऐश के परिवहन के लिए प्लांट द्वारा टेंडर जारी किया जाता है और यह टेंडर बड़ी बड़ी नागपुर कोलकाता की एजेंसीयो द्वारा लिया जाता है। प्रतिस्पर्धा में एजेंसी कम से कम रेट का टेंडर डालती है और इसका खामयाजा गाड़ी मालिको को भुगतना पड़ता है।

    पीछले तीन वर्ष से लगातार भाड़े में गिरावट हो रही है और आज स्थिति यह  है कि तीन वर्ष पूर्व के भाड़े से भी रेट आधा हो गया है। इस विषय को लेकर गाड़ी मालिको की बहुत बार प्रबंधन से चर्चा हुई प्रबधंन द्वारा भी इनकी मांगो को जायज ठहराया जाता है और एजेंसीयो से बात करने की बात कही जाती है पर प्लांट और एजेंसीयो की साठगांठ के चलते कुछ होता नही और गाड़ी मालिको को खामियाजा भुगतना पड़ता है।

    प्रदेश फ्लाईऐश एसोसिएशन और रायगढ़ ट्रेलर मालिक संघ का मिला समर्थन
    रायगढ़ फ्लाईऐश वेलफेयर एसोसिएशन की चल रही हड़ताल को प्रदेश फ्लाईऐश एशोसिएशन (रायपुर,बिलासपुर, कोरबा) और रायगढ़ ट्रेलर मालिक संघ ने अपना समर्थन दिया है और इनकी मांगो को जायज बताया है।

    बहरहाल यह हड़ताल मांग पूरी नही होने तक जारी रहेगी। एसोसिएशन की मांग है कि महंगाई को देखते हुए गाड़ी मालिको को उचित भाड़ा मिले और परिवहन में 80% स्थानीय गाड़ी को जगह दी जाए।

  • छात्रा की मौत : हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिली 12वीं छात्रा, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, जताई जा रही ये आशंका…

    छात्रा की मौत : हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिली 12वीं छात्रा, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, जताई जा रही ये आशंका…

    रायगढ़। जिले से छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी मिली है कि छात्रा हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिली, जिसे आन फानन में अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही छात्रा ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद अब छात्रा की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जतायी जा रही है।

    ये पूरा मामला जूट मिल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक छात्रा मूलतः सक्ती जिला की रहने वाली थी। वह रायगढ़ में आकर 12वीं बोर्ड की पढ़ाई कर रही थी। छात्रा वैदिक स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। तभी अचानक आज सुबह उसकी तबीयत बिगड़ी। बताया जा रहा है कि छात्रा सुबह बाथरूम गयी थी। लेकिन वहीं वह बेहोश होकर गिर गई।

    हाॅस्टल में मौजूद दूसरी छात्राओं ने जब छात्रा को बेहोश होकर गिरते देखा, तो उन्होने स्कूल प्रबंधन इस बात की तत्काल जानकारी दी। छात्रा को तत्काल अपेक्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन छात्रा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन रायगढ़ पहुंचे। पुलिस को बिना सूचना दिए और बिना पोस्टमॉर्टम के शव को अपने गृह ग्राम ले गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद जूटमिल पुलिस ने मालखरौदा पुलिस को सूचना दी है।

    वहीं जूटमिल पुलिस भी छात्रा के गांव के लिए रवाना हुई। इस घटना पर जूटमिल थाना प्रभारी ने बताया कि हॉस्टल प्रबंधन से छात्रा की मौत की जानकारी काफी देर से मिली। तब तक परिजन छात्रा के शव लेकर अपने गृहग्राम के लिए रवाना हो गये थे। हाॅस्टल प्रबंधन छात्रा की मौत की वजह हार्ट अटैक बता रहा है। लेकिन पोस्टमॉर्टम नहीं होने की वजह से मौत की सही जानकारी नहीं मिल सकी है।