खरसिया। असत्य पर सत्य की विजय का पर्व दशहरा नगर में बड़े जोर शोर से मनाया जाता है, नगर के टाउन हॉल मैदान में विशाल रावण का पुतला बनाया जा रहा है, 12 अक्टूबर की शाम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के हाथों रावण दहन किया जाएगा। रावण दहन के दिन ओडिशा की प्रसिद्ध आतिशबाजी भी लोगों को लुभाएंगी, कर्मा पार्टी तथा बैंड बाजे के साथ नगर में भगवान राम का जुलूस निकाला जाता है तथा नगर भ्रमण कर टाउन हॉल मैदान में भगवान राम के हाथों रावण दहन किया जाएगा।
विजयादशमी महोत्सव के अध्यक्ष रूपेश सराफ ने बताया कि खरसिया का दशहरा पूरे अंचल में प्रसिद्ध है और दूर दूर से लोग नगर में आकर दशहरा मेला का लुत्फ उठाते हैं। 12 अक्टूबर को राजा राम के हाथों रावण दहन का कार्यक्रम होगा, उसके अगले दिन राम राज्य गद्दी का कार्यक्रम सम्पन्न होगा साथ ही उसी दिन समिति के द्वारा बॉलीवुड नाईट का आयोजन किया गया है जिसमे बिग बॉस फेम् जसलीन मथरू शिरकत करेंगी। टाउन हॉल के मैदान में मीना बाजार भी लगाया गया है साथ ही आकर्षक झूले भी लगाए गए हैं। रावण दहन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह रहेंगे तथा क्षेत्रीय विधायक उमेश पटेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, वहीं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती राधा सुनील शर्मा होंगी। विजयादशमी महोत्सव समिति के अध्यक्ष रूपेश सराफ समिति के सचिव जगदीश मित्तल,विजय शर्मा, कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, साहिल तथा अन्य सदस्यों तथा पदाधिकारियों के साथ भव्य व विशाल दशहरा आयोजन की तैयारी में जोर शोर से लगे हुए हैं।
बिलासपुर। आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने प्रदेशभर के सीएमएचओ को पत्र लिखकर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत चिकित्सकों के प्राइवेट प्रैक्टिस के संबंध में जरुरी गाइड लाइन जारी करते हुए निजी प्रैक्टिस के संबंध में सशर्त में छूट दी है।
प्रदेशभर के सीएमएचओ के नाम जारी पत्र में कहा है कि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के चिकित्सकों को निजी प्रैक्टिस करने की छूट रहेगी। संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने जरुरी शर्त भी लगा दी है। इसमें कहा है कि निजी प्रैक्टिस केवल उसी शर्त पर कर सकेंगे जब संबंधित चिकित्सक का ड्यूटी ऑफ हो। संचालक ने प्राइवेट प्रैक्टिस के संबंध में भी साफ-साफ कहा है कि शासकीय अस्पतालों में काम करने वाले चिकित्सकों को नर्सिंग होम या प्राइवेट क्लीनिक में जाकर इस प्रकार की प्रैक्टिस करने की अनुमति नहीं होगी।
आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने प्रदेशभर के CMHO को लिखे में पत्र साफ कहा है कि जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन कराना होगा। यह जिम्मेदारी उनकी रहेगी।आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना व शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजनांतर्गत पंजीकृत सभी निजी अस्पतालों को शपथ पत्र के साथ यह जानकारी देनी होगी कि उनके अस्पताल में कोई भी शासकीय चिकित्सक पूर्ण-कालिक या अंश-कालिक या ऑन-कॉल प्रैक्टिस नहीं कर रहे हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार की दोनों महत्वपूर्ण योजनाओं से संबद्ध निजी अस्पताल प्रबंधन को 10 दिनों के भीतर शपथ पत्र के साथ घोषणा पत्र सीएमएचओ को सौंपना होगा।
खरसिया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशन पर जिला पुलिस रायगढ़ द्वारा 05 से 19 अक्टूबर तक जिले में साईबर जनजागरूकता पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हेल्पिंग हैण्ड क्लब फाउण्डेशन की विशेष सहभागिता है। पखवाड़ा के माध्यम से साईबर फ्राड की जानकारी देने के साथ ही जनसामान्य को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जिला पुलिस एवं हेल्पिंग हैण्ड क्लब फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वाधान में खरसिया के स्टेशन चौक में साईबर जनजागरूकता पखवाड़ा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल ने कहा कि साईबर जनजागरूकता पखवाड़ा में साईबर फ्रॉड से बचने के लिए चार स्तंभ बताए गए है जिसमें प्यार, विश्वास, लालच एवं अज्ञानता है। क्योंकि सोशल मीडिया के दौर में यह चीजें सामान्य हो चुकी है। इन चारों चीजों से सावधानी बरतते हुए साईबर फ्रॉड से बचा जा सकता है। जो नहीं दिखता उसे पैसे देने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विस्तृत जानकारी देते हुए युवा, व्यापारी एवं महिलाओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि खरसिया व्यापार का केन्द्र है। अत: यह साईबर फ्रॉड के लिए सॉफ्ट टारगेट हो सकता है, इसलिए आपका जागरूक होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस विभाग एवं हेल्पिंग हैण्ड क्लब फाउण्डेशन की सराहना करते हुए कहा कि हेल्पिंग हैण्ड फाउण्डेशन अपनी पहुंच का उपयोग करते हुए ग्रामीण अंचल तक इस मुहिम को पहुंचाये। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी अपने घर एवं आसपास के लोगों को साईबर फ्रॉड के बारे में जानकारी देकर जागरूक करें। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने कहा कि साईबर फ्रॉड को रोकने के लिए सर्वप्रथम लोगों को जागरूक होना जरूरी है। अगर आज आप जागरूक नहीं रहेेंगे तो हर समय ठगे जायेेंगे। उन्होंने कहा कि एक साल में जितने चोरी के मामले सामने नहीं आते है, उससे अधिक एक माह में साईबर फ्रॉड के मामले आ रहे है। इसलिए साईबर फ्रॉड से बचने के लिए आप सब सजग रहे एवं सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि इनवेस्टमेंट पर ज्यादा रिटर्न का वादा करने वाले लोगों पर भरोसा न करें। निवेश के लिए सिर्फ औपचारिक चैनल का इस्तेमाल करें। विश्वसनीय इंटरनेट सुरक्षा सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करें। संदिग्ध लिंक को क्लिक करने एवं व्यक्तिगत जानकारी देने से बचे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तुरंत अपने नजदीकी थाना में शिकायत करनी चाहिए। या साईबर सेल अथवा राष्ट्रीय साईबर हेल्पलाईन नंबर 1930 या व्हाट्स-अप नंबर 94792-81934 पर सूचना दे सकते है। साइबर सेल डीएसपी श्री अभिनव उपाध्याय ने साईबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए उसके बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने कहा कि आपके साथ धोखाधड़ी होने पर डरे नहीं, आप अपराधी नहीं हो, ऐसी स्थिति में अपने नजदीकी थाना में तत्काल सूचित करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एकाउंट को लॉक रखने, एटीएम एवं व्यक्तिगत जानकारी देने से बचने जैसे सावधानियों के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम खरसिया श्रीमती प्रियंका वर्मा, एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात कुमार पटेल, उप निरीक्षक संजय नाग, हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री अंकित अग्रवाल, संरक्षक श्री मनोज गोयल, श्री बंटी सोनी, चीफ एडवाइजर श्री अविचल अग्रवाल, स्टेट कोऑर्डिनेटर विनय सलूजा, हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यगण डॉ.दिलेश्वर पटेल, हिमांशु अग्रवाल, लोकेश गर्ग, राहुल डनसेना, विकास शारदा, निलेश अग्रवाल, रजत शर्मा, अंबर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, साहिल शर्मा, कैलाश शर्मा, अनिकेत अग्रवाल, डॉ.विकास अग्रवाल तथा साइबर सेल, थाना खरसिया, चौकी खरसिया के स्टाफ उपस्थित रहे।
विभाग द्वारा साईबर फ्रॉड से बचने के लिए ‘साईबर सुबह‘
पुलिस विभाग द्वारा साईबर फ्रॉड से बचने के लिए ‘साईबर सुबह’ व्हाट्सअप मैसेज के माध्यम एक मुहिम चलायी जा रही है। जिसमें प्रतिदिन सुबह-सुबह साईबर फ्रॉड से बचने संंबंधी उपाए बताए जा रह है। इस मैसेज को अपने व्हाट्सअप ग्रुप के साथ ही अपने आसपास के लोगों को ज्यादा से ज्यादा फारवर्ड करें। आप स्वयं जागरूक रहे और लोगों को भी ज्यादा से ज्यादा जागरूक करें।
साईबर सुरक्षा हेतु ली गई शपथ
साईबर जनजागरूकता पखवाड़ा के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने लोगों को साईबर सुरक्षा के लिए शपथ दिलाई। शपथ लेते हुए सभी ने कहा कि साईबर सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं लेता हूं, जिसके लिए मैं लगातार अपनी सजगता और अपना ज्ञानवर्धन करता रहूंगा। मैं किसी भी अज्ञात लिंक पर जिसे मैं अच्छी तरह से नहीं जानता, क्लिक नहीं करूंगा न ही अपनी निजी जानकारी उसमें दर्ज करूंगा। गूगल या किसी भी सर्च इंजन पर कोई भी कस्टमर केयर नंबर से सीधे सर्च नहीं करूंगा, उनके अधिकृत साइट का ही उपयोग करूंगा। अज्ञात नंबरों से आये वीडियो कॉल नहीं उठाउंगा। एटीएम से रूपये निकालते समय अपना पासवर्ड छिपाकर एन्ट्री करूंगा। किसी अनजान व्यक्ति को किसी या किसी भी अनजान साईट पर अपने खातों की जानकारी, एटीएम की जानकारी, सीव्हीव्ही नंबर, ओटीपी किसी अन्य व्यक्ति से शेयर नहीं करूंगा। साईबर जनजागरूकता वाहनों की दिखाई हरी झण्डी, निकली यात्रा कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने साईबर जनजागरूकता के लिए निकाली गई वाहन रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। वाहन रैली खरसिया शहर में घूम-घूमकर साईबर फ्रॉड से बचने के लिए लोगों से अपील करेगी। इसी तरह पुलिस विभाग द्वारा यात्रा भी निकाली गई और लोगों को साईबर फ्रॉड से बचने के लिए सजग रहने एवं सुरक्षित रहने का आग्रह किया। इस दौरान साईबर जागरूकता से संबंधित पाम्पलेट जनसामान्य को वितरित किया गया।
खरसिया। वर्तमान में खरसिया नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों दुर्गा उत्सव का धार्मिक पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। सभी दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा नौ दिनों तक मॉं दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूरे धार्मिक भाव से पूजा अर्चना किया जाता है तथा नौ दिनों बाद मॉं दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन अपने सामर्थ्य अनुसार विभिन्न तालाबों एवं नदियों में प्रतिमा का विजर्सन किया जाता है। विगत वर्ष ग्राम मौहापाली के तालाब में शहर के प्रतिमाओं का विसर्जन हेतु ग्राम पंचायत मौहापाली के कुछ लोगों को मना किया गया था, जिससे वाद विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। इस तरह की स्थिति का पुनरावृत्ति न हो इसके लिये युवा भाजपा नेता मोनू केसरी ने जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि नगर सहित आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसी भी तालाब में प्रतिमा विसर्जन हेतु कोई रोक टोक न हो तथा किसी तरह की विवाद की स्थिति निर्मित न हो इसके लिये अपने स्तर पर कार्यवाही किया जाना न्यायोचित होगा।
खरसिया। धर्म नगरी खरसिया की धन्य धरा पर नगर की विभिन्न मोहल्ले में समितियां बनाकर मां दुर्गा को विराजमान कर जगत जननी मां जगदंबे की पूजा अर्चना में समूचा नगर मां की भक्ति में डूबा हुआ है दुर्गा पूजा मेला के दौरान खरसिया ही नहीं खरसिया नगर के आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में माता के भक्तों द्वारा नगर में 2 दर्जन से अधिक पंडालों के माध्यम से माताओं के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद लेने के लिए खरसिया नगर में आते हैं।
नगर में दुर्गा उत्सव नव दुर्गा उत्सव समिति गंज बाजार, गजिया पंडा दुर्गा उत्सव समिति पीपल गली, अग्रवाल दुर्गा उत्सव समिति पोस्ट ऑफि स के पास, नव दुर्गा उत्सव समिति मोहापाली रोड, जय दुर्गा उत्सव समिति गोपीराम गर्ग गली, गंज पीछे सर्वोत्तम दुर्गा उत्सव समिति माधव प्रिया होटल के पीछे, नव दुर्गा उत्सव समिति अजय विजय गली के पास, नव दुर्गा उत्सव समिति हमालपारा, अग्रसेन दुर्गा उत्सव समिति अग्रसेन चौक के पास नव दुर्गा उत्सव समिति गुरुद्वारा के पास, नव दुर्गा उत्सव समिति शनि मंदिर रोड,, नव दुर्गा उत्सव समिति स्टेट बैंक के सामने, शिव दुर्गा उत्सव समिति, रानी सती दादी दुर्गा उत्सव समिति छपरी गंज, नव दुर्गा उत्सव समिति रामनाथ गली, हनुमान चौक दुर्गा उत्सव समिति, पुरानी बस्ती, संजय नगर, ठाकुर दिया, रायगढ़ चौक, पुरानी बस्ती के अंदर आदि अनेक स्थानों पर जगत जननी मां दुर्गे की पूजा अर्चना नगर के मोहल्ला समितियों द्वारा विशाल पंडाल एवं साज-सज्जा कर की जा रही है संपूर्ण खरसिया नगर में माता दुर्गा का मेला होने के कारण रंग बिरंगी झालरों से खरसिया नगर पटा हुआ है भक्तों द्वारा प्रत्येक समितियों के माध्यम से प्रतिदिन प्रत्येक पंडालों में अनेक प्रकार की सवामणी प्रसाद माता को अर्पण कर भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया जाता है।
खरसिया का दुर्गा मेला देखने एवं माता का आशीर्वाद लेने के लिए चंद्रपुर, सरिया, बरमकेला, सारंगढ़, रायगढ़, शक्ति, बाराद्वार, डभरा, धर्मजयगढ़, पत्थलगांव आदि कई स्थानों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में खरसिया नगर पहुंचते हैं।
माता के दरबार में प्रतिदिन लगता है सब्जी पूरी का भंडारा
नगर में नवरात्र मेला के दौरान जगत जननी मां जगदंबे के दरबार में समितियों द्वारा आए हुए श्रद्धालुओं के लिए सवामणि प्रसाद के अलावा पूरी सब्जी का भी भंडारा विशाल रूप से लगाया जाता है भक्तों द्वारा सब्जी पूड़ी का भंडारा को विशेष रूप से ग्रहण कर माता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं नगर का प्रमुख नवरात्र मेला खरसिया नगर में दुर्गा उत्सव का मेला देशभर में खास पहचान बना चुका है यहां का दुर्गा उत्सव का मेला छत्तीसगढ़ की शान है यही वजह है कि यहां स्थापित माताओं की प्रतिमा का दर्शन करने के लिए अनेक स्थानों से दूर-दूर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।
जगह जगह लग रहे भण्ड़ारे
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शहर में शारदीय नवरात्र पर्व को धूमधाम से मनाया जा रहा है और मां जगत जननी के विविध रूपों की पूर्ण भक्तिभाव से पूरे नौ दिनों तक पूजा अर्चना की जा रही है। नगरवासियों द्वारा नगर के अनेक स्थानों पर भव्य पंडाल बनाकर मां जगत जननी की जींवत प्रतिमा की स्थापना पूर्ण विधि विधान से करते हुए सुबह शाम माता की अराधना की जा रही है, जिससे पूरा शहर माता के भक्ति में रमा हुआ है। जगह-जगह पूडी सब्जी का भंडारा का आयोजन किया जा रहा है जिसमें प्रतिदिन नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु भंडारारूपी प्रसाद ग्रहण रहे है। वहीं इस पूरे नौ दिनों में खरसिया नगर का वातावरण पूर्ण रूपेण माता के रंगों में रंगा हुआ है। पूरे प्रदेश में खरसिया का नवरात्र पर्व प्रसिद्ध है और इस प्रसिद्धी को निरंतर बनाये रखने में नगरवासियों ने कोई कोर कसर नहीं छोडा है। जगह जगह भव्य एवं विषाल पंडाल बनाये गये है जहां मनमोहक झांकियां बनाई गई वहीं रंग बिरंगी झालरों से पूरे नगर को सजाया गया है।
बनाये गए आकर्षक पण्डाल
शारदीय नवरात्र के चलते नगर का माहौल भक्तिमय हो गया है। इस वर्ष भी नगर में आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं, पूरे नगर को लाइट से सजाया गया है। कन्या भवन के पास नवरात्रि में हर वर्ष नए प्रकार का पंडाल बनाया जाता है। इस बार कन्या भवन में गोकुल धाम सोसायटी का पंडाल भक्तों को काफी पसंद आ रहा है। रेलवे स्टेशन के बाहर भारत का प्रसिद्ध मंदिर रामेश्वरम की तर्ज पर विशाल पंडाल बनाया गया है और यहां के पंडाल को बेहतरीन लाइट से सजाया गया है। पोस्ट ऑफिस रोड में मदुरई का मीनाक्षी मंदिर की थीम पर बना पंडाल लोगों को काफी आकर्षित कर रहा है, वहीं हमाल पारा का दुर्गा पांडाल में बनाई गई झांकी लोगों का मन मोह रही है।
ऑनलाइन प्लेटफार्म से खरीदारी करने से बचें तथा स्थानीय व्यापारियों एवं छोटे दुकानदारों से सामान खरीदें :- सन्टी सोनी
खरसिया-छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी, महामंत्री अजय भसीन, कोषाध्यक्ष उत्तमचंद गोलछा, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी,विक्रम सिंहदेव,राम मंधान, मनमोहन अग्रवाल, उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, सचिव सुनील शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए चेम्बर ने पारंपरिक बाजारों की रौनक लौटाने तथा ऑनलाइन प्लेटफार्म से खरीदारी नहीं करने हेतु लोगों में जागरूकता लाने आया त्यौहार चलो बाजार अभियान के तहत चेंबर ने आमजनों से लोकल बाजार के स्थानीय व्यापारियों एवं छोटे दुकानदारों से खरीदारी करने निवेदन किया है । खरसिया ईकाई अध्यक्ष श्री रामनारायण सोनी(सन्टी) ने बताया कि त्योहारी सीजन में व्यवसाय में ऑनलाइन दखल रोकने, स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने एवं बाजार की रौनक लौटाने हेतु छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में आया त्यौहार चलो बाजार अभियान की शुरुआत की गई जो देश के प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी के विजन वोकल फॉर लोकल अभियान को समर्थन देना है। श्री अमर पारवानी जी ने कहा कि चेम्बर व्यवसाय और उद्योग के उत्थान के लिए सदैव प्रयासरत है। ऑनलाइन व्यापार से परंपरागत व्यवसाय बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। लोग आकर्षक छूट के लालच में घर बैठे सामान खरीद रहे हैं एवं बाजार से भी विमुख हो रहे हैं, परंपरागत व्यवसाय विभिन्न चुनौतियों से जूझ रहा है जिसे रोकने आया त्यौहार चलो बाजार अभियान के तहत चेंबर द्वारा आमजनों से स्थानीय बाजार के व्यापारियों एवं छोटे दुकानदारों से खरीदारी करने निवेदन किया जा रहा है । स्थानीय व्यापारी अर्थव्यवस्था की जान हैं और बाजार की शान हैं। स्थानीय बाजार में खरीदारी से न सिर्फ व्यापार में वृद्धि होगी, अपितु त्योहारों की सार्थकता भी सिद्ध होगी। यह अभियान लोगों को आपस में भावनात्मक रूप से जोड़ने का माध्यम भी बनेगा। श्री पारवानी जी ने आम नागरिकों के साथ ही चेम्बर के सदस्यों से भी अपील करते हुए सपरिवार बाजार जाकर स्थानीय व्यापारियों एवं छोटे दुकानदारों से खरीदारी करने हेतु निवेदन किया।
रायपुर। प्रदेश में जीएसटी अफसरों द्वारा कारोबारियों से वसूली की शिकायत पर बड़ी कार्यवाही की गई है। छग के मंत्री की शिकायत पर सेंट्रल जीएसटी ने दो अफसरों को सस्पेंड कर दिया है। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। जीएसटी के अधिकारी कारोबारियों से जबरिया वसूली कर रहे हैं, उन्हें डरा धमकाकर मोटा पैसा मांग रहे हैं। ऐसी शिकायत वित्त मंत्री ओपी चौधरी को मिली थी. इसके बाद चौधरी ने इसकी शिकायत दिल्ली जीएसटी में की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। इस मामले में सेंट्रल जीएसटी के छत्तीसगढ़ में पदस्थ सुप्रिटेंडेंट पल्लव पारगनिहा और आशीष पाठक को लिप्त पाया गया। दोनों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया। बता दें कि दोनों अफसर लंबे समय से छत्तीसगढ़ में कार्यरत हैं। इस कार्रवाई के बाद अब सेंट्रल जीएसटी ने छत्तीसगढ़ में पदस्थ अफसरों पर निगरानी बढ़ा दी है।
PM मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मौसम और जलवायु अनुसंधान के लिए तीन परम रुद्र सुपर कंप्यूटर का उद्घाटन किया। इस दौरान PM ने कहा कि आज जिन तीन सुपर कंप्यूटर का लोकार्पण हुआ है, भौतिक विज्ञान से लेकर भू-विज्ञान औरब्रह्मांड विज्ञान तक ये उन्नत अनुसंधान में मदद करेंगे। ये वो क्षेत्र हैं, जिनमें आज का विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जगत, भविष्य की दुनिया को देख रहा है।
क्या है ‘परम रुद्र’ सुपर कंप्यूटर्स?
> देश को मिले ये 3 परम रुद्र सुपर कंप्यूटर पर्यावरण, जलवायु समेत दूसरे कई सारे क्षेत्रों में बड़े मददगार साबित होने वाले हैं
> सुपर कंप्यूटर सामान्य कंप्यूटर से हजारों गुना तेज काम करते हैं
> जो काम सामान्य कंप्यूटर 500 साल में कर सकते हैं, वही काम ये कंप्यूटर मिनटों में कर सकते हैं
> 130 करोड़ की लागत से तैयार हुए इन कंप्यूटर को पुणे, दिल्ली और कोलकाता में लगाया जाएगा
खरसिया। राज्य सरकार पत्रकार सुरक्षा और उनके सम्मान की बातें तो करती हैं पर उनके ही नुमाइंदे जमीनी स्तर पर इसका पालन करते नजर नहीं आते। ऐसी घटना रायगढ़ शहर में घटित हुई,दैनिक इस्पात टाइम्स के स्थानीय संपादक,समाजसेवी, पूर्व पार्षद,अनूप रतेरिया (भोट्टू) के साथ मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर दिनेश पटेल ने बदसलूकी की और उन्हें खूब खरी खोटी सुनाई। मेडिकल कॉलेज के कान-नाक-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पटेल की उक्त कृत्य की रायगढ़ प्रेस क्लब ने घोर निंदा की है और डॉक्टर पर उचित कार्रवाई के लिए संबिधितों को शिकायत भी की है। प्रेस क्लब अध्यक्ष और सचिव ने स्पष्ट तौर पर कहा कि अगर डॉक्टर दिनेश पटेल पर यथोचित कार्रवाई नहीं हुई तो प्रेस क्लब भी मौन नहीं रहेगा। यहां सोचने वाली बात यह है कि जब एक पत्रकार के साथ ऐसी अभद्रता की जा सकती है तो आम आदमी के साथ ऐसे डॉक्टर के द्वारा किस प्रकार से व्यवहार किया जाता होगा इस बात का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस संबंध में पत्रकार अनूप (भोट्टू) ने बताया कि 22 सितंबर को उनकी बेटी के कान में असहनीय दर्द हो रहा था और वह बेसुध थी। बेटी को लेकर मेडिकल कॉलेज गए तो वहां 2 बजे से ओपीडी बंद थी, फिर डॉ. दिनेश पटेल को बार-बार संपर्क किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस पर मेडिकल कॉलेज के एक और ईनएटी डॉक्टर जया साहू को शाम 6 बजे दिखाया, फिर विशेषज्ञ की सलाह लेने के लिए वह डॉ. दिनेश पटेल के क्लीनिक शाम 7.00 बजे गए। यहां डॉ. पटेल मेडिकल कॉलेज की ओपीडी बंद होने के बाद नियमित मरीजों की जांच करते हैं। पहले तो उनके स्टाफ ने मना कर दिया की वह नहीं है फिर जब बेटी के कान की तकलीफ की गंभीर समस्या के बारे में अवगत कराया गया तो स्टाफ ने अंदर भेजा। जहां कुछ देर बैठाए रखने के बाद डॉक्टर ने गुस्से में आकर पत्रकार अनूप के साथ बदतमीजी की और बाहर भगा दिया।
अनूप अपनी बेटी के इलाज के लिए आए थे इस कारण वह बाहर बैठे रहे कि डॉक्टर जब निकलेंगे तब उनसे सलाह लेंगे। इस पर भी डॉक्टर दिनेश पटेल ने उन्हें खूब लताड़ा। परेशान होकर अनूप ने सिटी कोतवाली में डॉक्टर की शिकायत करने गए तो उन्हें लिखित में शिकायत करने को कहा। अनूप ने डॉक्टर पर उचित कार्रवाई करने की लिखित शिकायत की है, साथ ही यह भी बताया कि डॉ. पटेल के क्लिनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच हो जिसमें पता चल जायेगा कि एक डॉ. ने बिना मतलब अपना आपा खोया और मरीज को देखने से मना किया साथ ही परिजन से बदतमीजी की। रायगढ़ के पत्रकार मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर के इस प्रकार के व्यवहार से आक्रोशित हैं और प्रेस क्लब रायगढ़ ने डॉ. दिनेश पटेल पर कार्रवाई की मांग की है।
एससी/एसटी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी कहा उच्च जाति के व्यक्ति के भी कुछ अधिकार हैं सुप्रीम कोर्ट ने कहा जाति के कारण SC/ST समुदाय के व्यक्ति की जान- बूझकर प्रताड़ना नहीं हो तो SC/ST ऐक्ट लागू नहीं होगा सुप्रीमकोर्ट ने कहा शिकायकर्ता के SC/ST समुदाय से होने का मतलब यह नहीं कि उच्च जाति के व्यक्ति को अपराधी मान लिया जाए उच्च जाति वर्ग के भी अधिकार है किसी भी सूरत में एक्ट का दुरपयोग नहीं होना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) से संबंधित किसी व्यक्ति के खिलाफ घर की चारदीवारी के अंदर किसी गवाह की अनुपस्थिति – में की गई अपमानजनक टिप्पणी अपराध नहीं है।
इसके साथ ही न्यायालय ने एक व्यक्ति के खिलाफ एससी-एसटी कानून के तहत लगाए गए आरोपों को रद्द कर दिया, जिसने घर के अंदर एक महिला को कथित तौर पर गाली दी थी। – न्यायालय ने कहा कि किसी व्यक्ति का अपमान या धमकी अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति कानून के तहत अपराध नहीं होगा। जब तक कि इस तरह का अपमान या धमकी पीड़ित के अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति से संबंधित होने के कारण नहीं है।
न्यायालय ने कहा कि एससी व एसटी कानून के तहत अपराध तब माना जाएगा जब समाज के कमजोर वर्ग के सदस्य को किसी स्थान पर लोगों के सामने अभद्रता, अपमान और उत्पीड़न का सामना करना पड़े। न्यायमूर्ति एल नागेश्वर राव, न्यायमूर्ति हेमंत गुप्ता और न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी की पीठ ने कहा, तथ्यों के मद्देनजर हम पाते हैं कि अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) कानून, 1989 की धारा 3 (1) (आर) के तहत अपीलकर्ता के खिलाफ आरोप नहीं बनते हैं। इसलिए आरोपपत्र को रद्द किया जाता है। इसके साथ ही न्यायालय ने अपील का निपटारा कर दिया।