एयर-शो के लिए वायुसेना के स्पेशल जेट्स रायपुर पहुंचे, आसमान पर दिखेगा सूर्यकिरण का नजारा…

Written by

in

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर में 5 नवंबर को होने वाले एयर शो के लिए भारतीय वायुसेना के स्पेशल जेट्स रायपुर पहुंच चुके हैं। ये जेट्स आगामी 5 नवंबर को नया रायपुर (अटल नगर) में होने वाले एयर शो में हिस्सा लेंगे।
एयर शो में भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम अपने दमदार करतबों से आसमान में अद्भुत नजारे पेश करेगी। हॉक जेट विमानों से लैस यह टीम अपने सटीक फॉर्मेशन और रोमांचक एरियल डिस्प्ले के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है।

5 नवंबर को होगा सूर्यकिरण एयरोबेटिक शो

भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम और आकाश गंगा पैराट्रूपर टीम पहली बार रायपुर के आसमान में अपने अद्भुत करतब दिखाएगी। यह ऐतिहासिक एयर शो नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर आयोजित होगा, जहां हजारों लोग वायुसेना के शौर्य और तिरंगे की झिलमिलाती छटा का नजारा देख सकेंगे।

वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि 4 नवंबर को रिहर्सल और 5 नवंबर की सुबह 10 बजे मुख्य कार्यक्रम होगा। सूर्यकिरण टीम के 9 फाइटर जेट्स करीब 40 मिनट तक लगातार आसमान में करतब दिखाएंगे। इनमें “बॉम्ब बर्स्ट”, “हार्ट इन द स्काई” और “एरोहेड” जैसे फार्मेशन शामिल रहेंगे।

पैराट्रूपर्स दिखाएंगे फ्री फॉल जंप

शो की सबसे रोमांचक झलक होगी आकाश गंगा टीम का प्रदर्शन, जिसमें कमांडो 10 हजार फीट की ऊंचाई से फ्री फॉल जंप करेंगे। यह वही तकनीक है, जिसे दुनिया की स्पेशल फोर्स गुप्त अभियानों में अपनाती हैं। अधिकारियों के मुताबिक रायपुर के लोग पहली बार इतने करीब से सूर्यकिरण टीम और पैराट्रूपर्स के शौर्य का गवाह बनेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *