Blog

  • बड़ा खुलासा…ट्रिपल हत्याकांड में रिश्तेदार ही निकला हत्यारा,एक आरोपी अभी भी फरार…

    बड़ा खुलासा…ट्रिपल हत्याकांड में रिश्तेदार ही निकला हत्यारा,एक आरोपी अभी भी फरार…

    रायपुर। कोरबा में ट्रिपल मर्डर केस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. हत्यारा और कोई नहीं मृतक के बड़े भाई का साला निकला. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में शामिल एक व्यक्ति फरार है. जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

    दरअसल, उरगा थाना क्षेत्र के भौसमा गांव में अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्यारेलाल कवंर के पुत्र हरीश कंवर, पत्नी सुमित्रा कंवर, पुत्री आशी कंवर की हत्या सुबह कर दी गई. इस खबर को लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था. ख़बर के बाद गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने मामले को संज्ञान में लिया. सूचना मिलते ही तत्काल एसपी, आईजी से त्वरित रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

    निर्देश के कुछ घंटे बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी को धर दबोचा. चौंकाने वाली बात है कि तीन लोगों का हत्यारा मृतक के बड़े भाई के साला निकला. बताया जा रहा है कि हत्या में शामिल एक व्यक्ति फ़रार है. पुलिस गिरफ़्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है. गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने इसकी पुष्टि की है।

    गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि लल्लूराम डॉट कॉम की खबर से सूचना मिलते ही कोरबा के एसपी और आईजी को तत्काल निर्देशित किया गया है कि गंभीरता से कार्रवाई की जाए, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या के एक आरोपी को पकड़ लिया है. एक फरार पुलिस तलास में जुट गई है।

    गृहमंत्री ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या पैसों का लेन देन का मामला सामने आ रहा है. आगे पूछताछ में हत्या के कारण खुलासा हो पाएगा. जो आरोपी पकड़ा गया है वो मृतक के बड़े भाई का साला है. उसके साथ एक और व्यक्ति था जो अभी फरार है. पुलिस तलाश में जुट गई है।

    बता दें कि घटना के बाद घटना मौके पर राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, महापौर राज किशोर प्रसाद और अन्य कांग्रेसी नेता पहुंचे थे।

  • छत्तीसगढ़ में 1 मई तक लगाया गया पूर्ण लॉकडाउन, अति आवश्यक सेवायें रहेंगी चालू…

    छत्तीसगढ़ में 1 मई तक लगाया गया पूर्ण लॉकडाउन, अति आवश्यक सेवायें रहेंगी चालू…

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के अनियंत्रित हालात को देखते हुए सभी 28 जिलों में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है. अलग-अलग तारीखों तक सभी जिलों में पाबंदी लगाई गई है. ताजा आदेश सुकमा जिले को लेकर जारी किया गया है. यहां 20 अप्रैल की शाम 6 बजे से 1 मई की सुबह 7 बजे तक संपूर्ण पाबंदी के निर्देश जारी किए गए हैं. हालांकि इस दौरान मेडिकल व अन्य अति आवश्यक सेवाएं चालू रखी जाएंगी. इससे पहले अलग तारीखों में विभिन्न जिलों में लॉकडाउन का ऐलान किया जा चुका है।

    कोरोना के दूसरे स्ट्रेन के दौरान प्रदेश में सबसे पहले दुर्ग जिले में लॉकडाउन का ऐलान किया गया. यहां 6 अप्रैल से ही संपूर्ण पाबंदियां लागू हैं.इसके बाद राजधानी रायपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, पेंड्रा, सरगुजा, महासमुंद, धमतरी समेत अन्य जिलों में लॉकडाउन के आदेश जारी किए गए. कोरोना संक्रमण के मामलों के साथ ही मरीजों की मौत के आंकड़े भी बढ़ते जा रहे हैं. ऐसे में कोरोना की चेन को रोकने के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया गया है।

    गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में 13834 नए मरीज मिले हैं. इस दौरान 165 लोगों की मौत हो गई है. राजधानी रायपुर में 2378 नए मरीज मिले हैं. सबसे ज्यादा मरीज मिलने के मामले में दुर्ग दूसरे नंबर पर है. यहां बीते 24 घंटे में 1761 नए मरीज मिले. इस दौरान प्रदेश में 11815 ने कोरोना को मात दी. प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 1 लाख 29000 है. कुल पीड़ितों की संख्या हुई 5 लाख 58 हजार 674 है. कोरोना से अब तक प्रदेश में 6083 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि अब तक कुल 423591 मरीज रिकवर हुए हैं।

  • MLA शकुंतला साहू ने गुजराती समाज से मांगी माफी, जानिए क्या है पूरा मामला ?

    MLA शकुंतला साहू ने गुजराती समाज से मांगी माफी, जानिए क्या है पूरा मामला ?

    रायपुर। बलौदाबाजार जिले के कसडोल से कांग्रेस विधायक शकुंतला साहू ने गुजराती समाज से माफी मांग ली है. दरअसल शकुंलता साहू ने गुजराती को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा था। जिसके बाद गुजराती समाज ने भी सार्वजनिक माफी मांगने की बात कही थी. माफी नहीं मांगने पर सामाजिक भावना को आहत और अपमानित किए जाने के खिलाफ पूरे प्रदेश के पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने को कहा था।

    कसडोल से कांग्रेस विधायक शकुंतला साहू ने ट्वीट कर सार्वजनिक तौर पर गुजराती समाज से माफी मांगी है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि लोकतंत्र में हम जन प्रतिनिधि ही समाज का आईना होते है. कोशिश करनी है की अपना चेहरा और आईना दोनों पर कोई दाग ना हो. मेरी मंशा किसी समाज विशेष के मान को ठेस पहुंचाने की कदापि नहीं थी, अगर किसी को मेरी बातों से कष्ट पहुंची है, तो मैं खेद प्रकट करती हूं।

    बता दें कि शकुंतला साहू ने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए टिप्पणी की थी. उन्होंने लिखा था कि ”गुजराती है, उसके खून में व्यापार है, देश को तो बेचकर ही मानेगा”. विरोध के शकुंतला साहू ने अपना ट्वीट हटा दिया. लेकिन उस ट्वीट का स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हुआ. जिसके बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक देवजीभाई पटेल ने इस ट्वीट कर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि गुजराती समाज को देश का प्रतिष्ठित समाज बताते हुए कांग्रेस से पूछा कि क्या लौह पुरूष सरकार पटेल, स्वामी दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी जैसे महापुरूषों ने देश में क्या बेचा ? इसकी सूची उपलब्ध कराएं।

    जिसके बाद छत्तीसगढ़ सर्व गुजराती समाज के अध्यक्ष प्रीतेश गांधी ने शकुंतला साहू के ट्वीट को समाज का अपमान बताया है. उन्होंने कहा कि यह अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. गांधी ने शकुंतला साहू से माफी मांगे जाने की मांग की है. प्रीतेश गांधी ने कहा कि विधायक सत्ता के नशे में चूर है. वह समाजिक द्वेष फैलाने की कोशिश कर रही हैं. वह जातिवाद की राजनीति कर रही हैं. बतौर जनप्रतिनिधि सामाजिक भावना को ठेस पहुंचाना उन्हें शोभा नहीं देता.
    प्रीतेश गांधी ने कहा कि यदि शकुंतला साहू माफी नहीं मांगती है, तो सामाजिक भावना को आहत और अपमानित किए जाने के खिलाफ गुजराती समाज पूरे प्रदेश के पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएगी. गुजराती समाज के सदस्यों द्वारा शिकायत दर्ज कराई जाएगी. गांधी ने कहा कि गुजराती समाज देश का एक प्रतिष्ठित समाज है, जिसने देश के विकास में योगदान दिया है. इस समाज से कई महापुरुष, महात्मा और देशभक्त हुए हैं।

  • पूर्व उप मुख्यमंत्री के बेटे-बहु और नाती की हत्या…पूरे प्रदेश में सनसनी… धारदार हथियार से हुई हत्या…

    पूर्व उप मुख्यमंत्री के बेटे-बहु और नाती की हत्या…पूरे प्रदेश में सनसनी… धारदार हथियार से हुई हत्या…

    कोरबा। कोरबा जिले में एक बड़ी वारदात सामने आ रही है जहां उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसमा ग्राम पंचायत मैं निवासरत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अविभाजित मध्यप्रदेश में उप मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय प्यारेलाल कंवर के पुत्र हरीश कंवर उनकी पत्नी सुमित्रा कमर और 6 वर्षीय पुत्री आशी की अज्ञात लोगों ने सुबह चार व 5:00 बजे के बीच मे धारदार हथियार से हत्या कर दी ।

    दिल दहला देने वाले इस घटना के बाद क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है वहीं घटना की जानकारी होने के बाद छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित वरिष्ठ नेता और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं वही डाग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है ।

  • नरेंद्र मोदी ने किया बड़ा ऐलान, 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को लगेगी कोरोना की वैक्सीन…

    नरेंद्र मोदी ने किया बड़ा ऐलान, 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को लगेगी कोरोना की वैक्सीन…

    देश में कोरोना से जंग के लिए वैक्सीनेशन के अभियान को सरकार ने तेज करने का फैसला लिया है। अब 1 मई से 18 साल से अधिक आयु के सभी लोगों को कोरोना का टीका लगेगा। पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मीटिंग में यह फैसला लिया गया है।
    वहीं देश में महामारी कोरोना वायरस की दूसरी लहर बेकाबू हो चुकी है। कोरोना संक्रमण के मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में जारी बेतहाशा वृद्धि ने सभी की चिंता बढ़ा दी है। महामारी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही देश में स्वास्थ्य प्रणाली चरमरा गई है।

    कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत देखी जा रही है। सोमवार को बीते 24 घंटों में सर्वाधिक रिकॉर्ड 2.74 लाख नए कोरोना मरीज मिले और करीब 1,619 लोगों की जान चली गई है। इसी के साथ देश में सोमवार को संक्रमितों की संख्या डेढ़ करोड़ से ज्यादा हो गई है। अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा सक्रिय मामले भारत में हैं।

  • जानिए बैंकों को किन शर्तों के साथ खोलने की मिली अनुमति, किस समय पर खुलेंगे बैंक…?

    जानिए बैंकों को किन शर्तों के साथ खोलने की मिली अनुमति, किस समय पर खुलेंगे बैंक…?

    इस संबंध में सभी जिला के कलेक्टरों को पत्र जारी कर दिया गया है. जारी आदेश के मुताबिक बैंकों को कहा गया है कि केवल सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सीमित घंटों के लिए काम कर सकते हैं. बैंक आदेश द्वारा विशेष रूप से अनुमत कार्यों के अलावा कोई भी सामान्य लेनदेन नहीं कर सकते हैं।

    बैंकों को न्यूनतम कर्मचारियों के साथ काम करना चाहिए, और यदि संभव हो तो उन्हें दैनिक आधार पर रोटेट किया जाना चाहिए. रुग्ण और गर्भवती कर्मचारियों को बैंकों द्वारा सक्रिय ड्यूटी से छूट दी जा सकती है. चिकित्सा उपकरण और चिकित्सा संबंधित लेनदेन, पेट्रोल / डीजल पंप, एलपीजी संबंधित लेनदेन, पीडीएस लेनदेन, उद्योग / व्यवसाय लेनदेन और उनके श्रम भुगतान, चिकित्सा ऑक्सीजन आपूर्तिकर्ता / तरल ऑक्सीजन उत्पादक को लेनदेन की अनुमति दी जा सकती है.

    देखें आदेश की कॉपी-

  • जिला प्रशासन ने की कोविड मरीजों के उपचार के लिए सुविधा व संसाधन हेतु सहायता राशि की अपील…

    जिला प्रशासन ने की कोविड मरीजों के उपचार के लिए सुविधा व संसाधन हेतु सहायता राशि की अपील…


    रायगढ़। रायगढ़ जिले में कोरोना वायरस कोविड-19 से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। संक्रमित व्यक्तियों को स्वास्थ्य लाभ तथा उपचार हेतु जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए गए जिला कोविड अस्पताल, एमसीएच एवं कोविड केयर सेंटर केआईटी रायगढ़ में रखा गया है। कोविड-19 से संक्रमित मरीजों को बेहतर सुविधा जैसे ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटीलेटर, मास्क, दवाई उपलब्ध कराने हेतु समस्त दानदाताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं, चेंबर ऑफ कॉमर्स, चेम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एवं उद्योगों से उक्त कार्य हेतु सहायता राशि प्रदान किए जाने हेतु जिला प्रशासन ने अपील किया है। समस्त इच्छुक दानदाता बैंक खाते में सहयोग सहायता राशि जमा कर सकते हैं।
    बैंक खाते का विवरण
    खाता का नाम-सिविल सोसाईटी ऑर्गेनाइजेशन
    खाता क्रमांक-39235868392
    बैंक का नाम-स्टेट बैंक ऑफ इंडिया
    शाखा का नाम-चक्रधर नगर, रायगढ़ (छ.ग.)
    आईएफएससी कोड-SBIN0004802

  • AIIMS के डायरेक्टर ने गिनाए देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना के कारण…. 

    AIIMS के डायरेक्टर ने गिनाए देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना के कारण…. 

    देश में कोरोना के मामलों में बेतहाशा वृद्धि देखी जा रही है। महामारी की दूसरी लहर इतनी खतरनाक है कि मरीजों के सेवा में जुटे डॉक्टर और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ भी कोरोना संक्रमति हो रहे हैं। इस बीच दिल्ली स्थित एम्स के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि देश में कई कारणों से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन इनमें दो प्रमुख कारक हैं।
    गुलेरिया न कहा, ”जनवरी/फरवरी में जब टीकाकरण शुरू हुआ और मामलों में कमी आई तो लोगों ने COVID के प्रोटोकॉल का पालन करना बंद कर दिया। आज के समय में यह डबल म्यूटेंट वायरस तेजी से फैल गया।” उन्होंने कहा, ”हम हेल्थकेयर सिस्टम पर भी इसका व्यापक असर देख रहे हैं। हमें मामलों की बढ़ती संख्या के लिए अपने अस्पताल के बेड/संसाधनों को बढ़ाना होगा। हमें तत्काल COVID-19 मामलों की संख्या को नीचे लाना होगा।’

    उन्होंने कहा, ”यह एक ऐसा समय है जब हमारे देश में बहुत सारी धार्मिक गतिविधियां होती हैं और चुनाव भी चल रहे हैं। हमें समझना चाहिए कि जीवन भी महत्वपूर्ण है। हम इसे प्रतिबंधित तरीके से कर सकते हैं ताकि धार्मिक भावना आहत न हो और COVID के उचित व्यवहार का पालन किया जा सके।” उन्होंने कहा, ”6-7 महीने पहले की तुलना में अब हमारे पास दिल्ली में एक बड़ा स्पाइक है। स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे और नियंत्रण के संदर्भ में जो व्यवस्था हमले पहले किए, उसे फिर से करने की जरूरत है।”

  • कबूतर जासूस नही, पैरों में लगे टैग के चलते लोगों में बना था कौतूहल का विषय… जानिए पूरा मामला

    कबूतर जासूस नही, पैरों में लगे टैग के चलते लोगों में बना था कौतूहल का विषय… जानिए पूरा मामला

    कोंडागांव। सोमवार को आया कबूतर जासूस नहीं था। उसके पैरों में रिंग लगे होने और उस पर कुछ लिखे होने से उसका इस्तेमाल जासूसी के लिए किए जाने के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन जांच के बाद यह खुलासा हुआ कि यह कबूतर जासूसी के काम में नहीं लगा था बल्कि रेसिंग का प्रतिभागी था जो 8 अप्रैल को तेलंगाना से उड़ान भरा और रास्ता भटकर कर 12 अप्रैल को साढ़े 3 सौ किमी दूर तेलंगाना से यहां आ पहुंचा। खराब मौसम के कारण रास्ता भटकर यहा आना बताया गया है।

    दोनो पैरो मे प्लास्टिक गोल जैसा बैंड

    कोण्डागाॅव थाना मे लिखित आवेदन के मुताबिक दिनांक 13.04.2021 के सुबह 09.00 बजे वह अपने घर के अन्दर था तभी स्लेटी काले कलर का कबूतर चलता हुआ उसके पास आया जिसके दोनो पैरो मे प्लास्टिक गोल जैसा बैंड बन्धा हुआ था इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव सिद्धार्थ तिवारी को दी गई, पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल संज्ञान में लेते हुए उक्त कबूतर के संबंध में जानकारी एकत्र करने हेतु अनुविभागयीग अधिकारी कोण्डागांव के नेतृत्व में थाना कोण्डागांव को निर्देशित किया गया।

    कबूतर की प्रजाति रेसिंग होमर

    जाॅच के दौरान उक्त कबूतर के संबंध में पशु चिकित्सा अधिकारी कोण्डागाॅव से उक्त कबूतर के संबन्ध मे राय मंागी गई जिस पर उनके द्वारा बताया गया कि कबूतर की प्रजाति रेसिंग होमर (Racing Homer)बताया गया है । पशु चिकित्सक के द्वारा बताये गये जानकारी के आधार पर कबूतर रेस के संबंध में जानकारी एकत्र की गई जिससे पता चला कि यह कबूतर सामान्यतः दक्षिण भारत में खेल (Racing) प्रतियोगिता में उपयोग किया जाता है।

    जानिए कबूतर के बारे में

    सामान्यतः इस प्रजाति का कबूतर का उपयोग कबूतर खेल हेतु किया जाता है। जाॅच के दौरान पता चला कि उक्त कबूतर के स्वामी का नाम एन0 नागासेल्वम (N. Nagaselvum) पिता का नाम नागार्जन Tiruvallur , Tamilandu का होना पाया गया है । उपरोक्त कबूतर Legand Racing Pigeon Society के रजिस्टर नंबर 305/19 के अंतर्गत पंजीकृत है।

    खराब मौसम के कारण रास्ता भटकर यहां पहुंचा

    कबूतर स्वामी एन नागासेल्वम द्वारा बताया गया कि दिनांक 08.04.2021 को तमिलनाडू में आयोजित कबूतर रेस में शामिल था जो खराब मौसम के कारण रास्ता भटकर यहा आना बताया गया है ।

  • मेडिकल कॉलेज में बड़ा हादसा ऑक्सीजन सप्लाई के प्रेशर में कमी से 12 कोरोना मरीज़ों की मौत..ICU में भर्ती थे कोरोना मरीज….

    मेडिकल कॉलेज में बड़ा हादसा ऑक्सीजन सप्लाई के प्रेशर में कमी से 12 कोरोना मरीज़ों की मौत..ICU में भर्ती थे कोरोना मरीज….

    शहडोल। स्थानीय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन सप्लाई के प्रेशर में कमी से 12 मरीज़ों की मौत की खबर है। सभी ICU में भर्ती थे। घटना शनिवार रात 12 बजे की है। ऑक्सीजन कम होते ही मरीज तड़पने लगे। इसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। ऑक्सीजन सिलेंडरों की व्यवस्था के लिए अफरा तफरी मच गई।
    मेडिकल प्रबंधन ऑक्सीजन की सप्लाई का प्रेशर बनाने के लिए सिलेंडरों की व्यवस्था में जुट गया। ऑक्सीजन की कमी वाले 12 मरीजों से पहले मेडिकल कॉलेज में ही कोरोना के 10 और मरीजों की मौत हो गई थी। इस तरह शनिवार को कुल 22 मरीजों की जान गई।

    अपर कलेक्टर ने की पुष्टि
    ऑक्सीजन की कमी के बाद कई मरीजों को ऑक्सीजन मास्क हाथ से दबाना पड़ा, मरीजों को लग रहा था कि शायद सही तरह से दबाने से ऑक्सीजन आ जाए। मामले में पहले मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. मिलिंद शिरालकर ने 6 मौतों की पुष्टि की। इसके थोड़ी देर बाद ही अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने 12 मौतें होने की जानकारी दी।