Blog

  • एसोसिएशन की बैठक में हुआ फैसला छत्तीसगढ़ में नहीं खुलेंगे उद्योग, उद्योगपतियों ने सरकार के नियम-शर्तों पर जताई असहमति….

    एसोसिएशन की बैठक में हुआ फैसला छत्तीसगढ़ में नहीं खुलेंगे उद्योग, उद्योगपतियों ने सरकार के नियम-शर्तों पर जताई असहमति….

    रायपुर। राज्य सरकार ने रविवार को प्रदेश के तमाम उद्योगों को कुछ नियम शर्तों के आधार पर ही कारोबार चलाने का आदेश जारी किया था. जिसके बाद सोमवार को उद्योग एसोसिएशन की वीडियो कॉंफ्रेसिंग के जरिए बैठक हुई. जिसमें प्रदेश के बड़े एसोसिएशन ने यह निर्णय लिया है कि वो लॉकडाउन की अवधि में उद्योग का कारोबार चालू नहीं करेंगे।

    एसोसिएशन की बैठक में जो बातें निकलकर सामने आई है उसमें प्रमुख बाते यह रही है कि छत्तीसगढ़ राज्य माल का उत्पादन करता है, फिर उसे दिल्ली, महाराष्ट समेत अन्य राज्यों में भेजा जाता है. लेकिन लॉकडाउन की वजह से माल का ट्रांसपोर्ट नहीं हो सकेगा. जिसे लेकर सरकार की तरफ से कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किया गया है. ऐसे में माल बनाने के बाद उसका ट्रांसपोर्ट नहीं हो पाएगा. माल बनकर केवल डंप ही रह जाएगा।

    सरकार ने उद्योगों में सिर्फ 40 प्रतिशत मजदूरों से काम लिए जाने का शपथ पत्र मांगा था. इतने मजदूरों में काम नहीं होने का हवाला देते हुए एसोसिएशन ने सरकार के इस फैसले पर असहमति जताई है. इनका कहना है कि 40 प्रतिशत मजदूरों से सिर्फ मेंटेनेंश का काम ही हो सकता है. इनसे उत्पादन का काम नहीं लिया जा सकता है।

    एसोसिएशन ने बैठक में इस बात पर भी कड़ी अपत्ति जताई कि केंद्र और राज्य सरकार ने उद्योगों को लॉकडाउन के दौरान किसी भी प्रकार की राहत नहीं दी है. जिससे वो काम कर पाने अपनी असहमित जाहिर कर रहे हैं. उन्होंने बैंकों को भी आढ़े हाथों लेते हुए कहा कि केंद्र सरकार से मिले निर्देशों के बाद भी बैंकों द्वारा ईएमआई काटी जा रही है।

    कई राज्यों में उद्योगों को बिजली फिक्स चार्जेस की छूट दी गई है, लेकिन छत्तीसगढ़ में इस प्रकार की कोई राहत नहीं दी गई है. बिजली को लेकर भी किसी प्रकार की छूट नहीं मिलने पर अपनी अपत्ति जाहिर की है।

    इस बैठक में वीडियो कॉंफ्रेसिंग के जरिए उरला उद्योग एसोसिएशन, रोलिंग मिल एसोसिएशन, मिनी स्टील एसोसिएशन, स्पंज आयरन एसोसिएशन समेत प्रदेश के कई छोटे-बड़े उद्योग एसोसिएशन के सदस्य शामिल रहे।

  • शराब दुकान खोले जाने को लेकर लगाई गई याचिका पर हाईकोर्ट की खंडपीठ ने सुनाया फैसला…

    शराब दुकान खोले जाने को लेकर लगाई गई याचिका पर हाईकोर्ट की खंडपीठ ने सुनाया फैसला…

    रायपुर। शराब दुकान खोले जाने को लेकर लगाई गई याचिका पर हाईकोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई. जस्टिस प्रशांत मिश्रा व जस्टिस गौतम भादुड़ी की खंडपीठ ने छत्तीसगढ़ बेवरेज कारपोरेशन द्वारा गठित कमेटी को निरस्त कर दिया।

    याचिकाकर्ता ममता शर्मा ने अधिवक्ता रोहित शर्मा के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नियम विरुद्ध शराब दुकानों को खोले जाने के लिए कमेटी गठित किए जाने के खिलाफ याचिका लगाई थी।

    याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि शराब दुकानें खुलती हैं, तो भीड़ होने की वजह से कोरोना वायरस फैल सकता है, इसलिए लॉक डाउन तक शराब दुकानें बंद रखी जाए।

    कोर्ट ने मामले पर सुनवाई करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने लॉकडाउन में शराब दुकान नहीं खोलने का निर्णय लिया है, ऐसे में कमेटी अपने आप निर्योग्य हो चुकी है. मामले पर फैसला सुनाने के बाद कोर्ट ने याचिका को निराकृत कर दी है।

  • सीएम भूपेश ने बदली अपनी डीपी, मास्क पहने नजर आए….

    सीएम भूपेश ने बदली अपनी डीपी, मास्क पहने नजर आए….

    रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में मास्क की अनिवार्यता होने के बाद अपने सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मास्क वाला डीपी लगाकर लोगों को जागरूक करने की पहल की है. अब तक 17 हजार से अधिक लोगों ने फेसबुक पर इसे पंसद किया है. बघेल ने इस डीपी के साथ अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य में प्रत्येक व्यक्ति को घर से बाहर सार्वजनिक स्थानों में निकलते समय मास्क पहनना अनिवार्य है. चिकित्सकीय विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार कोविड-19 की रोकथाम और बचाव के लिए मास्क फेस कव्हर पहना आवश्यक है।

    उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य में प्रत्येक व्यक्ति को अब घर से बाहर सार्वजनिक स्थानों में निकलते समय मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा इस माह की 11 तारीख को मंत्रालय महानदी भवन से इस आशय का आदेश जारी किया गया है। चिकित्सकीय विशेषज्ञों द्वारा कोविड-19 के रोकथाम एवं बचाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति को मास्क-फेस कवर पहनना आवश्यक बताया गया है। यह एपिडेमिक एक्ट 1897 एवं छत्तीसगढ़ एपिडेमिक डीसीजेज कोविड-19 विनियम 2020 तथा छत्तीसगढ़ पब्लिक हेल्थ एक्ट 1949 की धारा 71 (1) के तहत अनिवार्य किया गया है। बिना मास्क-फेस कवर के घर से बाहर सार्वजनिक स्थानों पर जाना इसका उल्लंघन माना जाएगा और तदनुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।

    आदेश में कहा गया है कि बाजार में मिलने वाले ट्रिपल लेयर मास्क का प्रयोग किया जा सकता है. होम मेड तीन परतों वाला फेस कवर बनाया जा सकता है. इस होम मेड मास्क-फेस कवर को साबुन से सफाई से धोकर पुनः प्रयोग में लाया जा सकता है। मास्क और फेस कवर उपलब्ध ना होने की स्थिति में गमछा, रूमाल, टुपट्टा आदि का भी उपयोग फेस कवर के रूप में किया जा सकता है। बशर्ते मास्क-फेस कवर पूर्ण रूप से मुंह एवं नाक को ढकने में सक्षम हो। कभी भी उपयोग में लाया हुआ फेस कवर मुंह, नाक ढकने में प्रयुक्त होने वाला गमछा आदि का पुनः प्रयोग बिना साबुन से अच्छी तरह साफ किए नहीं किया जाना चाहिए।

  • परिवहन विभाग ने जारी किया निर्देश, लॉकडाउन में आवश्यक वस्तुओं का मार्ग पर संचालन के लिए ड्राइविंग लाइसेंस के अतिरिक्त किसी और अनुमति की आवश्यकता नहीं…

    परिवहन विभाग ने जारी किया निर्देश, लॉकडाउन में आवश्यक वस्तुओं का मार्ग पर संचालन के लिए ड्राइविंग लाइसेंस के अतिरिक्त किसी और अनुमति की आवश्यकता नहीं…

    रायपुर। कोरोना वायरस की वजह से देश में लगे लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सामग्री लेकर आवाजाही कर रहे मालवाहक चालकों को बेवजह परेशान किया जा रहा है. ऐसी स्थिति में छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग ने तमाम कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और परिवहन अधिकारियों को नए सिरे से निर्देश जारी किया है।

    परिवहन विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह की ओर से जारी दिशा-निर्देश में केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए बताया गया कि आवश्यक और गैर-आवश्यक माल परिवहन और मालवाहकों को राज्य के भीतर और अंतरराज्यीय मार्ग पर संचालन के लिए ड्राइविंग लाइसेंस के अतिरिक्त किसी और अनुमति की आवश्यकता नहीं है. ऐसे में ड्राइविंग लाइसेंस होने पर माल लदे होने के अलावा माल नहीं लदे रहने पर भी उन्हें न रोका जाए. इसके अलावा परिवहन विभाग की ओर से मालवाहकों के ड्राइवर और क्लिनरों को उनके निवास से ट्रकों तक आने-जाने की सुविधा प्रदान की जाए।

    विभाग ने स्पष्ट किया कि यह निर्देश कोरोना वायरस की वजह से प्रतिबंधित किए गए क्षेत्र पर लागू नहीं होता. इसके अलावा वाहनों की आवाजाही के दौरान स्वच्छता और सोशल डिस्टेंसिंग के मापदंडों के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने कहा है।

  • लॉकडाउन का उल्लंघन किया तो पुलिस ने 500 बार ‘मैने लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं किया, मैं शर्मिंदा हूं’ लिखने की सजा दी….

    लखनऊ। कोरोना वायरस की वजह से लगे लॉकडाउन में गंगा किनारे सैर कर रहे 10 विदेशियों को पुलिस ने ऐसी सजा दी, जिससे बच्चे भी शर्मा जाएंगे. इन विदेशियों को पुलिस ने 500 बार ‘मैने लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं किया, मैं शर्मिंदा हूं’ लिखने की सजा दी।

    जानकारी के अनुसार, ऋषिकेष में गंगा नदी के किनारे तपोवन क्षेत्र में अमरीका, आस्ट्रेलिया, मेक्सिको और इजराइल के कुल 10 लोग घूमते पाए गए. उत्तराखंड पुलिस ने इन्हें जब रोककर पूछा तो उन्होंने कहा कि वे लॉकडाउन का उल्लंघन नहीं कर रहे हैं, क्योंकि वे छूट दी गई अवधि में ही बाहर निकले हैं. इस पर मौके पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि छूट घूमने के लिए नहीं दी गई है, केवल जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए दी गई है।

    इसके बाद सजा के तौर पर सभी 10 विदेशियों को मौके पर ही कागज पर 500 बार ‘I did not follow the rules of lockdown so I am so sorry.’ लिखने के लिए कहा गया. विदेशियों ने भी स्थिति को देखते हुए कागज पर अपनी गलती स्वीकार करने में ही भलाई समझी।

  • विश्व बैंक की रिपोर्ट में हुआ खुलासा,अर्थव्यवस्था को भी ले डूबेगा कोरोना वायरस….

    विश्व बैंक की रिपोर्ट में हुआ खुलासा,अर्थव्यवस्था को भी ले डूबेगा कोरोना वायरस….

    दिल्ली। कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में तबाही मचा रखी है। इस वायरस ने पूरी दुनिया की चूलें हिला दी हैं। बुरी खबर ये है कि इसकी वजह से हमारी अर्थव्यवस्था भी तबाही की कगार पर पहुंच जाएगी।

    विश्व बैंक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कोरोना वायरस  भारतीय अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचाएगी। इसके चलते देश की आर्थिक विकास दर में भारी गिरावट आएगी। विश्व बैंक ने कोविड-19 का दक्षिण एशिया की अर्थव्यवस्था पर प्रभाव नाम से जारी रिपोर्ट में कहा है कि 2019-20 में भारतीय अथव्यवस्था की वृद्धि दर घटकर पांच प्रतिशत रह जाएगी। इसके अलावा अर्थव्यवस्था की विकास दर में भी भारी गिरावट आएगी और यह घटकर 2.8 फीसदी रह जाएगी।

    दरअसल, पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था कोरोना के चलते लड़खड़ा गई हैं। इसने लंबे अरसे से सुस्त पड़ी दुनियाभर की इकानमी का भट्ठा बैठा दिया है। इसके चलते सरकार ने देशव्यापी लॉकडाउन लागू किया है जिसकी वजह से लोगों की आवाजाही रुक गई है और वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक कोविड-19 की वजह से घरेलू आपूर्ति और मांग प्रभावित होने के चलते 2020-21 में आर्थिक विकास दर घटकर सिर्फ 2.8 प्रतिशत रह जाएगी।

  • एक ही जैसा नाम होने के कारण हुआ  भ्रम, बिलासपुर की महिला नहीं है कोरोना पॉजिटिव…

    एक ही जैसा नाम होने के कारण हुआ भ्रम, बिलासपुर की महिला नहीं है कोरोना पॉजिटिव…

    कोरबा। बिलासपुर की महिला कोरोना पॉजिटिव नहीं है, एक ही जैसा नाम होने के चलते कन्फ्यूजन हुआ है।

    इस विषय में बिलासपुर रेंज के आईजी दीपांशु काबरा ने एक ट्वीट भी किया है, दीपांशु काबरा ने ट्वीट पर लिखा है, “आज जो 5 मरीज पॉजिटिव हैं वे सभी कटघोरा के ही हैं।” बिलासपुर वाली महिला पॉजिटिव नही है,एक ही जैसा नाम होने के चलते हुआ ऐसा भ्रम,इसलिए सभी पॉजिटिव कटघोरा के ही है।

  • छत्तीसगढ़ के लिए निराशाजनक खबर…कटघोरा में 2 और नये कोरोना के मरीज मिले, आज एक दिन में 6 रिपोर्ट आयी पॉजेटिव…. 20 घंटे के भीतर 13 नये मरीज मिले…

    छत्तीसगढ़ के लिए निराशाजनक खबर…कटघोरा में 2 और नये कोरोना के मरीज मिले, आज एक दिन में 6 रिपोर्ट आयी पॉजेटिव…. 20 घंटे के भीतर 13 नये मरीज मिले…


    कोरबा। कोरोना मरीजों की तादाद छत्तीसगढ़ में बढ़ती जा रही है। खासकर कोरबा में बढ़े आंकड़ों ने तो प्रशासन और सरकार के पसीने छूड़ा दिये हैं। पिछले 20 घंटे में कोरबा जिले में अकेले ही 13 नये मरीज मिले हैं। इस आंकड़े के साथ प्रदेश में मरीजों की संख्या बढ़कर 32 हो गयी है, जिनमें से 22 लोगों का इलाज अभी एम्स में चल रहा है। रविवार को कुल 6 नये कोरोना के मरीज मिले हैं। 5 मरीज की रिपोर्ट दोपहर में पॉजेटिव आयी थी, जबकि एक की रिपोर्ट शाम में पॉजेटिव आयी है। 6 नये मरीजों में 1 महिला शामिल है।

    इधर लगातार कोरोना के नये मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन सकते में आ गया है। कलेक्टर किरण कौशल खुद पूरी व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं। लॉकडाउन का पहले ही आदेश दिया जा चुका है, वहीं अब कटघोरा के सभी लोगों की सैंपलिंग भी की जा रही है।

  • कटघोरा में 4 और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, पिछले 12 घंटे में मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 11

    कटघोरा में 4 और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, पिछले 12 घंटे में मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 11

    कोरबा। प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही, कोरबा जिले के कटघोरा में लिए गए संदिग्धों के सैंपल एक बार फिर पॉजिटिव आए हैं आपको बता दें पिछले 12 घंटे में 11 सैंपल पॉजिटिव आए हैं, ज्ञात हो प्रदेश में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज कोरबा जिले के क्षेत्र में ही पाए जा रहे हैं, जिससे वर्तमान में प्रदेश में मरीजों की बढ़कर 19 हो गई है।

  • शहर से लापता 2 युवा व्यवसायियों की गोली मारकर हत्या की खबर, पड़ोसी पर शक, हत्या के बाद घर के पीछे लाश गाड़े जाने की सूचना…

    शहर से लापता 2 युवा व्यवसायियों की गोली मारकर हत्या की खबर, पड़ोसी पर शक, हत्या के बाद घर के पीछे लाश गाड़े जाने की सूचना…

    अंबिकापुर। शहर के 2 युवा व्यवसायी चचेरे भाई 10 अप्रैल की रात इनोवा कार से घूमने निकले और लापता हो गए थे। 24 घंटे बाद उनकी कार शहर के आकाशवाणी चौक के पास लावारिस हालत में बरामद हुई थी।
    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऐसी खबर आ रही है कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति व उसके साथी ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने हत्या के दोनों संदेहियों को हिरासत में ले लिया है, पुलिस कंट्रोल रूम में फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।


    गौरतलब है कि अंबिकापुर के ब्रम्हरोड निवासी व्यवसायी सौरभ अग्रवाल 27 वर्ष व सुनील अग्रवाल 40 वर्ष चचेरे भाई थे। 10 अप्रैल की रात करीब 8.30 बजे दोनों अपनी इनोवा कार क्रमांक सीजी 15 डीएच-8449 कार लेकर निकले। घर पर उन्होंने बताया कि दोनों घूमने जा रहे हैं। जब काफी देर तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों को उनकी चिंता हुई।
    इस बीच उन्होंने कॉल किया तो दोनों ने बताया कि वे खाना खाने घर आ रहे हैं। इसी बीच उनका मोबाइल स्वीच ऑफ हो गया। घरवालों ने इसके बाद उनके नंबरों पर कई बार ट्राई किया लेकिन मोबाइल बंद बताने लगा।
    11 अप्रैल की सुबह इसकी शिकायत परिजनों ने कोतवाली में दर्ज कराई तो पुलिस उनकी खोजबीन में जुट गई थी। इसी बीच देर शाम उनकी कार शहर के आकाशवाणी चौक के पास स्थित पुराने रोजगार कार्यालय के पास वाली गली में लावारिस हालत में मिली थी।


    दोनों की गोली मारकर हत्या, गाड़ दी लाश
    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस दोनों व्यवसायियों की खोजबीन में जुटी ही थी कि पुलिस ने संदेह के आधार पर उनके पड़ोसी से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि पड़ोसी ने ही लेन-देन के विवाद में अपने एक साथी के साथ मिलकर दोनों की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद पड़ोसी ने अपने घर के पीछे ही दोनों की लाश व हथियार को गाड़ दिया है।


    हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
    पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आधी रात एसपी, एएसपी समेत पूरा पुलिस अमला मामले की जांच में जुटा रहा। पुलिस दोनों आरोपियों से कंट्रोल रूम में पूछताछ कर रही है।


    टीआई ने नहीं रिसीव किया कॉल
    मामले की आधिकारिक पुष्टि के लिए पत्रिका ने कोतवाली टीआई को उनके शासकीय नम्बर पर कॉल भी किया था लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।