Blog

  • अखिलेश राजधर्म निभाते तो योगी जेल में होते…

    अखिलेश राजधर्म निभाते तो योगी जेल में होते…

    उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार को अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मुहम्मद अहमद ने अखिलेश यादव के उस बयान की निंदा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि सपा सरकार में योगी आदित्यनाथ की फाइल उनके सामने आई थी लेकिन उन्होंने उस पर कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने राजधर्म का पालन नहीं किया। उनका यह बयान सपा और भाजपा के गुप्त समझौते को प्रमाणित करता है। इतना ही नहीं, अहमद ने कहा कि अखिलेश यादव और उनके दिवंगत पिता मुलायम सिंह यादव ने हमेशा बीजेपी और उसके नेताओं को बढ़ावा दिया ताकि उत्तर प्रदेश का मुस्लिम समाज भयभीत रहे और बीजेपी के डर से मुसलमान सपा को वोट देते रहें।

    मुहम्मद अहमद ने कहा कि सपा और बीजेपी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। इससे पहले भी अनेक उदहारण सपा और बीजेपी के आंतरिक गठबंधन के सामने आए हैं और अब पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के इस बयान से मुसलमानों को पूरी तरह समझ लेना चाहिए कि सपा और अखिलेश यादव के सहयोग के चलते ही आज उत्तर प्रदेश में बीजेपी सत्ता में है और योगी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। अगर उन्होंने राजधर्म निभाया होता तो सपा शासन काल में हुए अनेकों दंगों की निष्पक्ष जांच होती और देश तथा प्रदेश में नफरत फैलाने वाले और भड़काऊ भाषण देने वाले नेताओं पर मुकदमा दर्ज हुआ होता। वे उन मुकदमों में जेल में होते।

    मुहम्मद अहमद ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव का ये बयान निंदनीय है कि मुख्यमंत्री काल में उनके सामने भी योगी की फाइल आई थी लेकिन उन्होंने अधिकारियों से एफआईआर दर्ज न करने और मामलों को बन्द कर देने का निर्देश दिया था। अखिलेश यादव का ये बयान सपा और भाजपा के बीच गुप्त समझौते को प्रमाणित करता है। अखिलेश यादव और इससे पहले उनके पिता मुलायम सिंह यादव ने हमेशा बीजेपी और उसके नेताओं को बढ़ावा दिया ताकि उत्तर प्रदेश का मुस्लिम समाज भयभीत रहे और बीजेपी के डर से मुसलमान सपा को वोट देते रहें।

    गौतमबुद्ध नगर अल्पसंख्यक कांग्रेस के नव नियुक्त जिला चेयरमैन जावेद अली खान ने कहा कि अब प्रदेश के मुसलमानों को यह भी समझना होगा कि जब तक वो सपा को वोट देते रहेंगे भाजपा को हराना नामुमकिन है क्योंकि उनके सपा को वोट करने के कारण ही न चाहते हुए भी गैर सपाई पिछड़ों, अतिपिछड़ों, दलितों व सवर्णो का बड़ा हिस्सा भाजपा को वोट करता है। यही भाजपा की ताकत का राज है।

  • हाईकोर्ट के जज का रौद्र रूप… बुलडोजर चलाने पर पुलिस को जमकर खींचा, कोर्ट की इस कार्यवाही की तारीफ कर रहे लोग…

    हाईकोर्ट के जज का रौद्र रूप… बुलडोजर चलाने पर पुलिस को जमकर खींचा, कोर्ट की इस कार्यवाही की तारीफ कर रहे लोग…

    एक पीड़ित के सामने कोर्ट ही उसका आखिरी आसरा होता है| उसको यह उम्मीद रहती है कि कोर्ट में उसे जरूर सुना जाएगा और उसे इंसाफ मिलेगा| फिलहाल इस वक्त पटना हाईकोर्ट (Patna High Court) की एक कार्यवाही बेहद ज्यादा वायरल हो रही है| हाईकोर्ट की इस कार्यवाही को लोग बार-बार देख रहे हैं और जज की तारीफ करते नहीं थक रहे| लोग कह रहे हैं कि देश को ऐसे जज की ही जरूरत है।
    दरअसल, पटना हाईकोर्ट में बुलडोजर द्वारा एक घर को अवैध रूप से गिराए जाने की याचिका दायर हुई थी| जिस पर यहां के जज संदीप कुमार (Judge Sandeep Kumar) द्वारा सुनवाई की गई| सुनवाई के दौरान जब जज संदीप कुमार ने मामले में तमाम दलीलों और रिपोर्ट्स को देखा तो वह भड़क उठे और अपने रौद्र रूप में बिहार पुलिस की खूब जमकर खिंचाई कर दी|

    थाने की इतनी पावर, फिर तो कोर्ट को बंद कर दीजिए

    बतादें कि, जज संदीप कुमार ने यह पाया कि याचिकाकर्ता के घर पर गैरकानूनी तरीके बुलडोजर चलाया गया है| जज संदीप कुमार ने कहा कि, अजब तमाशा बना रखा है| किसी का घर आप बुलडोजर से तोड़ देंगे| जज संदीप कुमार ने कहा कि भूमि विवादों को चिन्हित कर थाना खुद ही कार्रवाई कर ले रहा है| थाने के पास इतनी पावर है? फिर तो कोर्ट को बंद कर दीजिए| संदीप कुमार ने कहा कि ये सब पैसा लेकर हो रहा है और अब मैं सबकी पॉकेट से 5-5 लाख रूपए दिलवाऊंगा| इसके साथ ही देखिएगा कि इस मामले में कैसी कार्रवाई की जाती है| एक अफसर जेल जाएगा और सबकी बुद्धि ठिकाने आ जाएगी|

  • कांग्रेस ने बदले कई प्रदेश प्रभारी…कुमारी शैलजा होंगी छत्तीसगढ़ की नई प्रभारी

    कांग्रेस ने बदले कई प्रदेश प्रभारी…कुमारी शैलजा होंगी छत्तीसगढ़ की नई प्रभारी

    छत्तीसगढ़ कांग्रेस की नई प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा होंगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने सैलजा को राष्ट्रीय महासचिव के साथ प्रदेश प्रभारी बनाने की घोषणा की है। प्रदेश में पिछले सात साल से प्रदेश प्रभारी की भूमिका निभा रहे राष्ट्रीय महासचिव पीएल पुनिया की जगह अब शैलजा लेंगी।

    शैलजा केंद्र की यूपीए सरकार में मंत्री और हरियाणा कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रही चुकी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक दिन पहले ही कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में साफ कहा था कि जवाबदेही से भागने वाले नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। इसके साथ ही संकेत दिया था कि युवा नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी।


    कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो प्रदेश प्रभारी बदलने के बाद अब प्रभारी सचिव को भी बदला जा सकता है। पुनिया के साथ ही चंदन यादव को प्रभारी सचिव बनाया गया था। सप्तगिरी शंकर उल्का को हाल ही में प्रभारी सचिव बनाया गया है।

    पूनिया के जाने की खबर लंबे अरसे से चल रही थी संगठन प्रभारी रहे पीएल पुनिया की छुट्टी होने की खबर लंबे अरसे से कांग्रेस की सियासती हलकों में तैर रही थी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष खडगे के बनते ही पुरानी कमेटी के सभी पदाधिकारियों से इस्तीफा ले लिया गया था । स्तीफा लेने को बाद पुनिया की विदाई की सुगबुगाहट के बीच पुनिया का छत्तीसगढ़ दौरा भी दो बार हो चुका है।

    प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद शैलजा के सामने सबसे बडी पहली प्राथमिकता कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रदेश का प्रदर्शन बेहतर रहे।

    कौन हैं कुमारी शैलजा?
    कुमारी शैलजा हरियाणा कांग्रेस की सीनियर लीडर हैं। वो केन्द्र सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। उन्हें खाटी समाज का प्रखर नेता माना जाता है। कुमारी शैलजा ने अपनी राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1990 में की थी। वो हरियाणा से 4 बार लोकसभा सांसद रहीं। दो बार वह सिरसा और दो बार अंबाला संसदीय सीट से सांसद रहीं। 2014 में चुनाव हारने के बाद वो राज्यसभा सांसद बनीं थी।

    पिता भी थे दिग्गज कांग्रेसी
    कुमारी शैलजा के पिता भी कांग्रेस के सीनियर लीडर थे। उनके पिता चौधरी दलबीर सिंह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे। दलबीर सिंह केन्द्र सरकार में मंत्री भी थे। वह हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष थे।

  • छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर से 4 नवजात बच्चों की मौत का मामला सामने आया…

    अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया। जब 4 नवजात बच्चों की मौत का मामला सामने आया।

    आपको बता दें कि बीती देर रात अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू वार्ड में तकरीबन 4 घंटे तक लाइट गुल रही। जिसके बाद जब परिजनों को सुबह नर्सों के द्वारा यह बताया गया कि आपके बच्चे की मौत हो गई है आप अपने पति और परिजनों को फोन कर बुला लीजिए। इस घटना को लेकर बच्चों के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण बच्चों की जान गई है।

    इस घटना के बाद अस्पताल परिसर सहित सरगुजा जिले में खबर फैलते ही मौके पर मेडिकल कॉलेज के डीन सहित कलेक्टर, एसपी मौके पर पहुंचे हुए हैं। जहां डॉक्टरों की टीम के साथ बैठक जारी है। अब देखना होगा कि इन बच्चों की मौत का जिम्मेदार कौन होगा। यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस मामले को लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का भी बयान सामने आया है। जिसमें कहा कि इस बात की जानकारी हुई है कि अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 4 बच्चों की मौत हुई है किन कारणों से मौत हुई है इसकी जांच के लिए जांच टीम गठित किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    जांच टीम गठित, लापरवाही सामने आने पर होगी कड़ी कार्रवाई- स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव

    इस घटना को लेकर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव का कहना है कि विभागीय प्रमुख अधिकारी और सेक्रेट्री हेल्थ को मैंने तत्काल एक जांच टीम वरिष्ठ लोगों की गठित कर भेजने के डायरेक्शन दिया है। और मुख्यमंत्री से भी चर्चा करके उनको घटना की जानकारी दी है। टीएस सिंहदेव ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री जी को कहा कि वहां जाना अभी जरूरी होगा जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर उपलब्ध करा दिया है। यहां से करीब 1:00 बजे निकलेंगे और अंबिकापुर पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लेंगे और पता लगाएंगे कि किन कारणों से ऐसी स्थितियां बनी, उसकी समीक्षा करेंगे और आवश्यकता पड़ी तो कड़ी से कड़ी कार्रवाई भी करेंगे।

  • किसान श्रमिक अधिकार पदयात्रा और श्रमिक समस्या निदान शिविर 9 दिसंबर को…

    किसान श्रमिक अधिकार पदयात्रा और श्रमिक समस्या निदान शिविर 9 दिसंबर को…

    रायगढ़/खरसिया- नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन एवं हिंद मजदूर किसान पंचायत तथा राष्ट्रीय कालरी मजदूर कांग्रेस के संयुक्त तत्वाधान में 9 दिसंबर को किसान श्रमिक अधिकार पदयात्रा और श्रमिक समस्या निदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

    रायगढ़ जिला कोषाध्यक्ष धीरज राठौर ने बताया कि यह आयोजन औद्योगिक पार्क पूंजीपथरा में किया जाएगा तथा इस आयोजन के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल एवं श्रम कल्याण मंडल छत्तीसगढ़ शासन के अध्यक्ष केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त शफी अहमद होंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष नेशनल फ्रंट आफ इंडियन ट्रेड यूनियन दीपक जयसवाल करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में अरूण मालाकार अध्यक्ष राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी रायगढ़, चक्रधर सिंह सदर विधायक लैलूंगा, लालजीत सिंह राठिया विधायक धर्मजयगढ़, प्रकाश नायक विधायक रायगढ़, श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े विधायक सारंगढ़, निराकार पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष रायगढ़, सुरेंद्र जिला अध्यक्ष लघु वनोपज रायगढ़, बबलू साहू जिला अध्यक्ष अ.पि.व. प्रकोष्ठ रायगढ़, खिरोद्ध सिंह नायक जिला अध्यक्ष अजजा प्रकोष्ठ रायगढ़, विद्यावती सिदार जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण तथा गुलापी सिदार जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस अजजा रहेंगे। जिला कोषाध्यक्ष धीरज राठौर ने सभी किसान श्रमिक भाइयों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने समस्याओं से अवगत कराएं।

  • एक दिवसीय मदिरा उपभोग हेतु मिलेगा लायसेंसनिर्धारित कार्यक्रमों के लिए 15 से 20 दिनों के पूर्व करना होगा ऑनलाईन आवेदन….

    एक दिवसीय मदिरा उपभोग हेतु मिलेगा लायसेंसनिर्धारित कार्यक्रमों के लिए 15 से 20 दिनों के पूर्व करना होगा ऑनलाईन आवेदन….


    रायगढ़। सहायक आयुक्त आबकारी, रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि वैवाहिक कार्यक्रम, जन्मदिन, सगाई, पार्टी, कान्फ्रेंस, नववर्ष के आगमन हेतु विभिन्न संस्थाओं, होटलों द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए तथा अन्य कार्यक्रमों के आयोजन में मदिरा का उपभोग के लिए एक दिवसीय एफ.एल.-5 क लायसेंस आबकारी विभाग द्वारा जारी किया जाता है। आबकारी विभाग के वेबसाईट www.excise.cg.nic.in में लॉग इन कर ऑनलाईन एक दिवसीय एफएल-5 क लायसेंस हेतु आवेदन कर सकते है। ऑनलाईन आवेदन आयोजित कार्यक्रम दिनांक के पूर्व 15 से 20 दिन पहले करना अनिवार्य होगा। एक दिवसीय एफएल-5 क लायसेंस फीस 10 हजार रुपये एवं सुरक्षा धन राशि 5 हजार रुपये (बैंक द्वारा जारी डीडी)निर्धारित है।

  • रायगढ़ एसडीएम गगन शर्मा के विरुद्ध हाईकोर्ट में अवमानना का प्रकरण दर्ज…

    रायगढ़ एसडीएम गगन शर्मा के विरुद्ध हाईकोर्ट में अवमानना का प्रकरण दर्ज…

    रायगढ़। रायगढ़ के एस.डी.एम. गगन शर्मा के विरुद्ध छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट द्वारा न्यायालय अवमानना का प्रकरण दर्ज करके उन्हें हाईकोर्ट तलब करने के लिये नोटिस जारी कर दी गई है ।

    न्यायालय अवमानना का यह प्रकरण अशोक कुमार मिश्रा-आशीष कुमार मिश्रा चेम्बर द्वारा स्थानीय पत्रकार विवेक श्रीवास्तव की ओर से पैरवी किये जाने वाले भू-अर्जन के मामले में दर्ज किया गया है, जिसमें सीनियर एडवोकेट अशोक कुमार मिश्रा एवं आशीष कुमार मिश्रा द्वारा गगन शर्मा को कानूनी नोटिस जारी कर आगाह किया गया था कि उनके द्वारा माननीय छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेश की निरतंर अवमानना की जा रही है इसलिये या तो वे हाईकोर्ट के आदेश का पालन करें अथवा उनके विरुद्ध न्यायालय अवमानना का प्रकरण दर्ज किया जावेगा।

    परंतु अनुविभागीय अधिकारी गगन शर्मा द्वारा मिश्रा चेंबर की इस नोटिस का न तो जवाब दिया गया न ही हाईकोर्ट के आदेश का पालन किया गया, जिसके पश्चात उनके विरुद्ध कन्टेम्पट आफ कोर्ट की पिटीशन हाईकोर्ट में पेश की जो हाईकोर्ट द्वारा पंजीबद्ध कर ली गई एवं गगन शर्मा को तलब किया गया है।

    इस संबंध में ज्ञातब्य है कि पत्रकार विवेक श्रीवास्तव के भू-अर्जन के मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट द्वारा भू-अर्जन अधिकारी रायगढ़ गगन शर्मा को WP(C) No.3212/2022 में दिनांक 25/07/2022 को यह आदेश दिया गया था कि वे ग्राम झिलगीटार, तहसील-पुसौर में विवेक श्रीवास्तव की भूमि खसरा नंबर 79/8 रकबा 0.073 हेक्टेयर का एन.टी.पी.सी. लारा द्वारा किये गए अधिग्रहण के संदर्भ में बोनस और मुआवजा भुगतान की पात्रता 45 दिनों के भीतर सुनिश्चित कर इसका भुगतान एन.टी.पी.सी.लारा के अधिकारियों को करने का निर्देश देवें परंतु अनुविभागीय अधिकारी गगन शर्मा ने 4 माह बीत जाने के बाद भी इस आदेश का पालन नहीं किया जबकि उपरोक्त भुगतान की पात्रता के संबंध में पूर्व भू-अर्जन अधिकारी द्वारा कराई गई जांच रिपोर्ट और प्रतिवेदन में विवेक श्रीवास्तव को मुआवजा व बोनस भुगतान दिलाने की अनुशंसा भी की गई है। एडवोकेट अशोक कुमार मिश्रा द्वारा यह भी जानकारी दी गई है कि अनुविभागीय अधिकारी गगन शर्मा के कार्यालय में अन्य भी अनेक प्रकरणों में हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है एवं उन प्रकरणों में भी न्यायालय अवमानना की कार्यवाही यथा समय प्रारंभ की जाएगी ।

  • ई डी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की उप सचिव सौम्या चौरसिया को किया गिरफ्तार…

    ई डी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की उप सचिव सौम्या चौरसिया को किया गिरफ्तार…

    आयकर विभाग ने पिछले साल जून में कहा था कि उसने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छापेमारी के बाद 100 करोड़ रुपये से अधिक के कथित हवाला रैकेट का भंडाफोड़ किया है।

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की एक टॉप ब्यूरोक्रेट को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने गिरफ्तार किया है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव सौम्या चौरसिया को ईडी ने गिरफ्तार किया है.
    आयकर विभाग ने पिछले साल जून में कहा था कि उसने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छापेमारी के बाद 100 करोड़ रुपये से अधिक के कथित हवाला रैकेट का भंडाफोड़ किया है. हवाला लेनदेन के तहत औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से हटकर नकदी का लेनदेन हुआ है.

    सौम्या चौरसिया के घर पर फरवरी 2020 में भी छापा मारा गया था. मुख्यमंत्री ने केंद्रीय एजेंसी का छापे की कार्रवाई को “राजनीतिक प्रतिशोध” कहा था. उन्होंने दावा किया था कि यह उनकी सरकार को “अस्थिर” करने का प्रयास है.
    फरवरी 2020 में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव सौम्या चौरसिया सहित उनके करीबी सहयोगियों पर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी से मामला राज्य बनाम केंद्र बन गया था. इनकम टैक्स विभाग की टीम ने सौम्या चौरसिया के बंगले पर छापा मारा था. उस समय जगदलपुर में भी दो कारोबारियों के ठिकानों पर छापे मारे गए थे.

    छापे के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने उन 19 कारों को जब्त कर लिया था जिसे छापेमारी के लिए कथित तौर पर आयकर अधिकारियों ने किराये पर लिया था. पुलिस का कहना था कि, सारी गाड़ियां नो-पार्किंग ज़ोन में खड़ी थीं इसलिए उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार जुर्माना वसूल किया और वाहनों को छोड़ दिया.

    बीजेपी नेताओं ने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया था और आरोप लगाया था कि पुलिस इनकम टैक्स के छापे को रोकने की कोशिश कर रही थी.

  • फेरी कर रेकी और चोरी करने वाले गैंग का एक आरोपी गिरफ्तार…आरोपियों का गिरोह छत्तीसगढ़, ओड़िसा, कर्नाटक के कई स्थानों में किये हैं चोरियां….

    फेरी कर रेकी और चोरी करने वाले गैंग का एक आरोपी गिरफ्तार…आरोपियों का गिरोह छत्तीसगढ़, ओड़िसा, कर्नाटक के कई स्थानों में किये हैं चोरियां….

    चोरी का माल बंग्लादेश में खपाते थे आरोपी, पूर्व में गिरोह के तीन आरोपियों को किया गया था गिरफ्तार…..

    रायगढ़। एसपी श्री अभिषेक मीना के निर्देशन एवं एएसपी श्री संजय महादेवा के मार्गदर्शन पर रात्रि गस्त को सुदृढ किया गया है । इसी क्रम में दिनांक 01.12.2022 को रात्रि गश्त दौरान चौकी जूटमिल पुलिस द्वारा छातामुड़ा चौंक के पास एक लाल रंग के मोटरसाइकिल में घूम रहे संदिग्ध युवक को पकड़ा गया, पूछताछ में युवक अपना नाम मोहम्मद आरिफ शेख जूटमिल का स्थानीय होना बताया । गस्त पार्टी द्वारा युवक से उसका पहचान पत्र आदि चेक किए जाने पर युवक के सुंदरगढ़ उड़ीसा के होने की जानकारी मिली । युवक द्वारा भ्रमित करने पर उसे चौकी लेकर आया गया जिसे कड़ाई से पूछताछ में आरोपी अपने पास रखी हुई मोटरसाइकिल सी.टी 100 क्र सीजी 13 ए.एल. 1218 को चोरी का होना बताया । आरोपी से तरीका-वारदात पूछे जाने पर उसका खुलासा चौंका देने वाला था । आरोपी मोहम्मद आरिफ शेख पिता मोहम्मद जायदुल शेख उम्र 19 साल निवासी ग्राम खुटगांव थाना मिसरा जिला सुंदरगढ़ ओड़िशा अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि वह अलग-अलग शहर व गांव में जाकर बर्तन फेरी करने के बहाने घरों में चोरी के लिए रेकी करता है । इसका शाहपुकुर दक्षिण दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) का अफसर मंडल, सैकेत मंडल, मोहम्मद खालिद रायपुर का बाबू शेख, जबलपुर मध्य प्रदेश का रहने वाला मोहम्मद रौनी शेख सभी मिलकर शहरों में किराए मकान लेकर रैकी और छोटा-मोटा काम कर चोरी करते हैं । आरोपी मोहम्मद आरिफ शेख बताया कि चोरी में मिले सोना चांदी के जेवर को इनका साथी अफसर मंडल बांग्लादेश तरफ ले जाकर बिक्री करता है और बिक्री से प्राप्त रकम का आपस में सभी लोग बंटवारा करते हैं । आरोपी बताया कि छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर, बलरामपुर, रायपुर तथा उड़ीसा के बरगढ़, रायगड़ा, कर्नाटक में मोटरसाइकिल तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए हैं । रायगढ़ में रहते हुए अपने साथी मोहम्मद रौनी शेख के साथ मिलकर करीब 6 महीना पहले नेतनागर से मोटर सायकल सी.टी 100 क्रमांक सीजी 13 ए.एल. 1218 को चोरी किया था जिसमें घूम-घूम कर बर्तन बेचने के बहाने रेकी करता था और करीब 3 माह पहले रौनी के साथ मिलकर फटहामुड़ा में जूटमिल में सुनसान जगह पर बने घर के बाहर से खड़ी अवेंजर मोटरसाइकिल को चोरी कर रातो रात लेकर उड़ीसा तरफ जा रहे थे और रास्ते में मोटरसाइकिल बंद होने से मोटरसाइकिल को पुसौर के एक गांव में धान में छिपाकर भाग गए थे । बाइक चोरी के संबंध में चौकी जूटमिल में अप.क्र. 903, 1245/2022 धारा 379 आईपीसी का अपराध पंजीबद्ध है । पुसौर पुलिस द्वारा चोरी गई अवेंजर मोटरसाइकिल को ग्राम धनगांव में लवारिश अवस्था में बरामद किया गया था जिसे वाहन का पंजीकृत स्वामी अनूप कुमार पिता दिलीप कुमार निवासी फटहामुडा चौकी जूटमिल द्वारा दिनांक 09.09.2022 को न्यायालय से वाहन सुपुर्दनामा पर प्राप्त किया गया है । आरोपी बताया कि पिछले दिनों रायगढ़ में बड़ी चोरी के लिए अपने दो साथी – मोह. रौनी शेख और शेख बाबू को बुलाया था जो रायपुर से ट्रेन में रायगढ़ आये थे, जिनको लेने रायगढ़ रेलवे स्टेशन गया था पर उनसे मुलाकात नहीं हुआ वे लोग स्टेशन पर पुलिस चेकिंग को देखकर भाग गये थे । आरोपी मोहम्मद आरिफ शेख से नेतनागर से चोरी किया हुआ मोटर सायकल CT 100 सीजी 13 ए.एल. 1218 कीमती 25,000 रूपये (अप.क्र. 903/2022 धारा 379 आईपीसी) जप्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है । दोनों ही बाइक चोरी में शामिल आरोपी मोह. रौनी शेख फरार है । सीएसपी रायगढ़ अभिनव उपाध्याय के सुपरविजन में चोरी के माल मुलिज्म पतासाजी में साइबर सेल/चौकी प्रभारी जूटमिल उप निरीक्षक कमल किशोर पटेल, चौकी जूटमिल के प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, मोहम्मद दिलदार कुरैशी, आरक्षक बनारसी सिदार, विनय तिवारी और समीर बेक की अहम भूमिका रही है । विदित हो कि 28 जुलाई को जूटमिल पुलिस द्वारा गैंग के मास्टर माइंड अफसर मंडल के तीन साथी आरोपी (1) मिलोन मंडल पिता मुजामिल मंडल उम्र 36 साल (2) मिलन शेख पिता अब्दुल हलीम शेख उम्र 22 साल (3) छबिकुन नहर बिबी मण्डल पति स्व. हलीम मंडल उम्र 38 साल तीनों का स्थायी पता मध्यरामकृष्णपुर थाना कुमारगंज जिला दक्षिण दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) को थाना कुमारगंज डिस्ट्रिक्ट दक्षिण दिनाजपुर पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया था जिनसे सोना- 91.25 ग्राम (कीमत 5 लाख), चांदी- 1.127 ग्राम कीमत ₹70,000 और नकद रूपये- 7,35,880 रूपये कुल जुमला – 13,05,880 रूपये की मशरूका जप्त कर चौकी जूटमिल क्षेत्र के पार्क सिटी उडीसा रोड, कोतरारोड़ क्षेत्र के कृष्ण विहार, चक्रधरनगर के केलोबिहार और मालीडिपा में चोरी का खुलासा किया गया था । साइबर सेल और जूटमिल पुलिस फरार आरोपी अफसर मंडल और गिरोह के सदस्यों की पतासाजी की जा रही है ।

  • ASP और उनकी पत्नी धोखाधड़ी मामले में फंसे, पुलिस ने किया मामला दर्ज….

    ASP और उनकी पत्नी धोखाधड़ी मामले में फंसे, पुलिस ने किया मामला दर्ज….

    जोधपुर। राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नरेंद्र चौधरी और उनकी पत्नी के खिलाफ रातानाडा पुलिस थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है. जोधपुर पुलिस उपायुक्त डॉक्टर अमृता दुहन ने बताया कि रातानाडा इलाके में नरेंद्र चौधरी की तरफ से अर्जुन क्लासेज कोचिंग चलाई जाती है.

    कोचिंग के 30 से 40 विद्यार्थियों ने शिकायत में कहा है कि पुलिस की नौकरी में गारंटी से सिलेक्शन के नाम पर हमसे लाखों रुपए फीस ली गई. सिलेक्शन हुआ नहीं और अब कोचिंग संचालक रुपए वापस करने से आनाकानी कर रहे हैं. उनका दिया हुआ चेक भी बाउंस हो गया है.
    दरअसल, साल 2012- 13 में जोधपुर में अर्जुन क्लासेज खोली गई थी. इसमें राजस्थान पुलिस सब इंस्पेक्टर की भर्ती में गारंटी से पास करवाकर नौकरी दिलाने का दावा अभ्यार्थियों से किया गया था. इसकी एवज में हर अभ्यार्थी से डेढ़ लाख फीस के तौर पर लिए गए थे. साल 2016 में सब इंस्पेक्टर की भर्ती निकली और 2018 में रिजल्ट आया. लेकिन उन अभ्यार्थियों का सिलेक्शन नहीं हुआ, जिन्होंने अर्जुन कोचिंग क्लासेज में गारंटी सिलेक्शन के नाम पर डेढ़ लाख रुपए दिए थे. बाद में अभ्यार्थियों ने नरेंद्र चौधरी से अपनी दी हुई फीस वापस मांगी. इस पर उन्होंने अपनी पत्नी सीमा के साइन किए हुए चेक थमा दिए।

    पीड़ित अभ्यार्थियों में शामिल गोविंद सिंह रत्नु ने बताया कि कोचिंग से मिला चेक बैंक में लगाया. लेकिन वह बाउंस हो गया. इसके बाद फिर से हम नरेंद्र चौधरी के पास पैसे की मांग लेकर पहुंचे. इस पर उन्होंने हमें धमकाया. अपने पद की धौंस बताते हुए पैसे नहीं लौटाने की धमकी दी. थक-हारकर अब हम सभी पीड़ितों ने नरेंद्र चौधरी की शकिायत दर्ज कराई है. मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निशांत भारद्वाज कर रहे हैं।