Blog

  • RTE में झोलझाल कर लाखों का गबन, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी के ऊपर अपराध दर्ज.. भेजा जेल…

    RTE में झोलझाल कर लाखों का गबन, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी के ऊपर अपराध दर्ज.. भेजा जेल…

    RTE के तहत प्राप्त होने वाली राशि में पात्रता से अधिक की राशि फर्जी तरीके से स्वीकृत करवाकर गबन करने वाले पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) केएस तोमर को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. 72 लाख रुपए के घोटाले में पुलिस ने पूर्व डीईओ के साथ इस मामले में पहले भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है. आरोपियों ने गलत मांग पत्र तैयार कर शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत धोखाधड़ी की. पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरूद्ध धारा 420, 409 120 बी, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत कार्रवाई की गई है.

    पूरा मामला वित्तीय वर्ष 2019-2020 से जुड़ा है. तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी केएस तोमर ने 172 निजी स्कूलों से प्रस्तुत मांग पत्र का पुष्टिकरण कर मांग राशि कुल 57,090,745 रुपए का भुगतान करने स्कूलवार जानकारी तैयार कर लोक शिक्षण संचानालय इंद्रावती भवन नया रायपुर को प्रेषित कर अधिक राशि का आहरण कराया था. इस मामले में मयूरा कॉन्वेंट स्कूल भी शामिल है जिसकी जानकारी तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी केएस तोमर को भी थी.

    पुलिस ने बताया कि प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर मयूरा कॉन्वेन्ट स्कूल बलौदा के संचालक राजेन्द्र मौर्य के द्वारा प्रलोभन दिए जाने पर तत्कालीन आरटीई खण्ड प्रभारी शिवानंद राठौर, सहायक ग्रेड-2 विकास कुमार साहू, कम्प्यूटर ऑपरेटर ने छलपूर्वक शिक्षा के आरटीई के तहत मयूरा कॉन्वेन्ट स्कूल बलौदा के 2019-20 के मांग पत्रक में अंकित राशि में कांट-छांट किया. कूटरचना कर पात्रता से अधिक राशि 72,27,690 रूपए का मांग पत्र तैयार किया. जिसे स्वीकृति के लिए संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर को प्रेषित किया.

    पुलिस ने बताया कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत सत्र 2019-20 में मयूरा कॉन्वेन्ट स्कूल बलौदा के खाता में आरटीई मद से 72,27,690 रुपए का भुगतान होना पाया गया. जिस पर प्रकरण में धारा 467, 468, 471, 120बी आईपीसी की धारा जोड़ी गई.

  • 7 पटवारी-RI सस्पेंड: यहां बड़ी लापरवाही… 6 पटवारी और एक आरआई पर होगी निलंबन की कार्रवाई…

    7 पटवारी-RI सस्पेंड: यहां बड़ी लापरवाही… 6 पटवारी और एक आरआई पर होगी निलंबन की कार्रवाई…

    दुर्ग। राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने लापरवाही पाए जाने पर 6 पटवारियों और एक आर.आई. के निलंबन प्रस्ताव भेजने के लिए अनुविभागीय अधिकारियों को कहा। उनमें धमधा अनुविभाग के 4 पटवारी तथा पाटन अनुविभाग के 2 पटवारी तथा 1 राजस्व निरीक्षक शामिल हैं। कलेक्टर ने समीक्षा में पाया कि इन्होंने विभिन्न प्रकरणों में अपने प्रतिवेदन भेजने में काफी विलंब किया। जिसकी वजह से इन प्रकरणों का निराकरण रूका रहा। सामाजिक संगठनों द्वारा सामाजिक कार्यक्रमों में जरूरत के लिए भवन आदि की जरूरत होती है। उन्हें सुविधा हो सके, इसके लिए शासन ने ऐसे सामाजिक संगठनों के लिए रियायती दरों पर नजूल जमीन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन को कहा है। दुर्ग जिले में ऐसे संगठनों द्वारा भी इस तरह की मांग की गई है। इन्हें भूमि प्रदाय करने के लिए भूमि का चिन्हांकन करने कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने आज राजस्व अधिकारियों को कहा। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व न्यायालयों के निरीक्षण के दौरान यह देखा गया है कि कुछ आवेदन ऐसे थे कि कुछ दिनों पहले ही आवकजावक शाखा में आ गये थे लेकिन इन्हें पंजीकृत नहीं किया गया था। ऐसी स्थिति न आये, इसके लिए आवकजावक शाखा के साथ ही रीडर के रजिस्टर भी इन्हें पंजीकृत किया जाए। रीडर की अनुपस्थिति में उनके द्वारा किये जा रहे सामान्य कार्य संपादित होते रहे, इसके लिए सहायक ग्रेड को प्रशिक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में समयसीमा से काफी लंबे समय से प्रकरण लंबित हैं। एसडीएम इनकी मानिटरिंग करें और शीघ्रता से इन्हें हल करने की कोशिश करें। साथ ही मामलों के समयसीमा पर निराकरण के लिए यह भी जरूरी है कि पटवारी और आरआई के प्रतिवेदन समय पर आयें। उन्होंने कहा कि एसडीएम हर सप्ताह इस बात की मानिटरिंग करें कि सीमांकन की अवधि पर आरआई मौके पर उपस्थिति हुए या नहीं। कलेक्टर ने राजस्व शिविरों में आ रहे प्रकरणों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि प्रशासन तुंहर द्वार के माध्यम से लोग अपने आवेदन प्रशासन तक रख रहे हैं। इनका गुणवत्तापूर्ण और अविलंब निराकरण से लोगों का भरोसा प्रशासनिक तंत्र में और बढ़ेगा। कलेक्टर ने कहा कि वे नियमित रूप से तहसील न्यायालयों का निरीक्षण जारी रखेंगे। 

    छत्तीसगढ़ शासन राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग व छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना अनुसार जिले के तहसील दुर्ग, धमधा, पाटन, बोरी एवं भिलाई 3 को पुनर्गठित किया गया। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा के निर्देशानुसार बीते दिनों तहसील गठन के फलस्वरूप पटवारी हल्कों को पुनर्गठित किया था, जिसमें आंशिक संशोधन किया गया है। इसके अंतर्गत दुर्ग तहसील के रिसाली मंडल में वर्तमान पटवारी हल्का नंबर 54, 22 तथा 57 के लिए प्रस्तावित नवीन पटवारी हल्का नंबर क्रमशः 48, 49, 50 है। जिसमें ह.न. 54 के अंतर्गत रूआबांधा, मरोदा, जोरातराई एवं नेवई ग्राम शामिल हैं। 

    ह.न. 22 के अंतर्गत रिसाली तथा 57 के अंतर्गत ग्राम डुंडेरा शामिल है। इसी क्रम में तहसील एवं मंडल भिलाई-3 में वर्तमान प.ह.न. 1 हेतु प्रस्तावित ह.न. 4 है। जिसमे पुरैना ग्राम सम्मिलित है। पाटन के अम्लेश्वर मंडल में ह.न. 58 एवं 5 हेतु प्रस्तावित नवीन हल्का नंबर क्रमशः 1 एवं 3 है। जिसमें ह.न. 58 के अंतर्गत मगरघटा एवं भोथली ग्राम तथा ह.न. 5 के अंतर्गत अमलेश्वर एवं खुड़मुड़ा ग्राम सम्मिलित हैं।

    राजस्व अमले के जिन पटवारियों पर कार्रवाई की गई उनमें धमधा हल्का नंबर 1 के पटवारी केशव लाल साहू शामिल हैं। इन्होंने त्रुटिपूर्ण गिरदावरी की थी और काम पर सक्षम अधिकारी की अनुमति के बगैर अनुपस्थित रहे। पटवारी हल्का नंबर 50 धमधा के श्री लोकेश्वर सिंह ठाकुर पर पटवारी हल्के में समय पर नहीं रहने की वजह से कार्रवाई की गई। पटवारी हल्का नंबर 49 के पटवारी नवीन मिश्रा पर समय पर हल्के में नहीं रहने की वजह से कार्रवाई की गई। साथ ही आम जनता से भी सौहार्दपूर्ण व्यवहार नहीं होने की शिकायत थी।
    पाटन के पीकेश जायसवाल पटवारी हल्का नंबर 53 गातापार को स्थानांतरण के पश्चात भी कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर कार्रवाई की गई।
    पटवारी हल्का क्रमांक 46 बीजभाठा के पटवारी ईश्वर सेवई पर समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने तथा प्रतिवेदन विलंब से देने की वजह से कार्रवाई की गई।

  • धूमधाम से निकली भोले की बारात, शिवमय हुआ खरसिया नगर…

    धूमधाम से निकली भोले की बारात, शिवमय हुआ खरसिया नगर…

    खरसिया। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर 18 मार्च को भगत तालाब स्थित ख्याति प्राप्त शिव मंदिर में महा शिवरात्रि का पर्व धूम धाम से मनाया गया, विगतवर्ष की भांति इस वर्ष भी शिव परिवार के सदस्यों एवं नगर वासियों के सहयोग से भगवान शिव के इस महापर्व में भोलेनाथ की बारात निकाली गयी जो नगर भ्रमण करते हुए वापिस भगत तालाब स्थित शिव मंदिर पहुंची । भोलेनाथ की बारात को लेकर नगर वासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।


    विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मछली तालाब स्थित शिव मंदिर से बोले बाबा की भव्य बारात निकाली गयी। बारात में नागा साधुओं सहित शिव पार्वती की मनमोहक झांकियों ने मन मोह लिया। ढोल ताशे और नगाड़े के साथ निकली शिव की विशाल बारात में भूत प्रेत का रूप लेकर झांकिया निकाली गयी थी झाँकियो में प्रमुख रूप से देवी देवता एवं गण राक्षस नंदी बैल की झांकिया लोगों को मुग्ध कर रही थी । भोले बाबा की बारात दोपहर 4 बजे से प्रारंभ हुयी।

    बारात में नगर के युवाओं के द्वारा बर्फ से बने शिवलिंग को अपने कंधो पर उठाकर बारात के साथ चलते हुए बाबा बर्फानी का दर्शन भी लोगों को कराया जा रहा था । शिव बारात के नगर भ्रमण के दौरान नगर की सामाजिक संस्थाओं और धर्म प्रेमियों के द्वारा जगह जगह पर स्टाल लगाकर बारातियों को जलपान कराकर स्वागत की व्यवस्था भी की की गयी थी । शिव बारात नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण के शिव मंदिर पहुंची जहाँ शिव परिवार के द्वारा महा आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।

    महाशिव रात्रि के अगले दिन विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया था जिसमे अंचल वासियों ने अमृत रूपी भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर भगवान भोलेनाथ और माता अन्नपूर्णा का आशीर्वाद प्राप्त किया ।

    विशाल एवं भव्य शिव बारात के सफल आयोजन में शिव मंदिर के पुजारी सुरेन्द्र मिश्रा सहित शिव मण्डल के संतोष अग्रवाल, श्याम सुन्दर अग्रवाल, विजय मिले, सुनील अग्रवाल पत्रकार, कपिल देव अग्रवाल, अनिल मिले , दिनदयाल अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, विकाश अग्रवाल, नारायण चक्रधारी, मुकेश अग्रवाल, विकास कबुलपुरिया सहित राजेश घंसू , प्रभात लात, रमेश गर्ग, राजेश शर्मा, विनोद अग्रवाल, शेरू शर्मा, प्रवीन अग्रवाल, सुरेश कबुलपुरिया, मनोज अग्रवाल मुन्ना, आकाश शर्मा, ललित बंसल, नीरज पिलानिया, मोंटी चूड़ी, विकास भक्कू, राजा अग्रवाल, संजय, नीरज गर्ग, शिव अग्रवाल,गोल्डी नटराज, विकास बंसल, शिवम गोयल, हरिश्चन्द्र अग्रवाल, संतोष कोटमी, विजय द्वारका, सुरेश शर्मा, बंटी कबुलपुरिया, योगेश शर्मा, रितिक गोयल, आशीष गुप्ता, शुभम अग्रवाल, भरत दादू, सुरेश शम्भु, योगेश अम्बवानी, सन्नी शर्मा, कमलेश शर्मा महिला मण्ड़ल की शकुन्तला देवी अग्रवाल, रेणु अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, मनीषा अग्रवाल, शशी कला अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, आशा अग्रवाल, नंदिनी गोयल सहित नगर के धर्म प्रेमी बंधुओं का विशेष योगदान रहा।

  • न्यूज़ एंकर इशिका शर्मा के दुर्दांत हत्यारे गिरफ्तार….

    न्यूज़ एंकर इशिका शर्मा के दुर्दांत हत्यारे गिरफ्तार….

    न्यूज़ एंकर इशिका शर्मा के पिता गोपाल शर्मा ने पुलिस की जांच पर उठाय सवाल, की उच्च स्तरीय जांच की मांग

    लूटपाट के इरादे से की थी हत्या…अपने द्वारा की गई हत्या को जस्टिफाई करने के लिए बता रहा प्रेम प्रसंग का मामला

    हत्यारे का लोगों की सहानुभूति हासिल करने का कुत्सित प्रयास, जाने अनजाने पुलिस भी दे रही साथ

    हत्यारे के प्रेम प्रसंग वाले बयान को पुलिस द्वारा हाइलाइट किया जाना समझ से बाहर

    हत्यारा घरेलू नौकर पूर्व में होटल चहल-पहल में वेटर के रूप में के था कार्यरत

    एक वहशी दरिंदे लुटेरे हत्यारे के बयान को किस आधार पर सच मानकर चल रही है पुलिस किसको पहुंचाना चाहती है लाभ

    जांजगीर चांपा जिले में रविवार को हुई एंकर ईशिका शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घर में काम करने वाला लड़का ही मुख्य आरोपी निकला है जिसने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी से मोबाइल, स्कूटी और जेवर जब्त किया है।

    ईशिका शर्मा के पिता गोपाल शर्मा ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए पुलिस द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिर्फ हत्यारे के बयान को ही तवज्जो दिए जाने पर अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है उनका आगे कहना था की हत्यारे के कहने भर से कि उसने मृतिका को महंगे मोबाइल और महंगे गिफ्ट उपहार दिए थे उसे श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बयान देते हुए हाईलाइट करना किस तरफ इशारा कर रहा है यह समझ से परे की बात है पुलिस ने जरा भी जहमत उठाई होती और जांच की होती तो पता चल जाता कि हत्यारे के पास खाने का भी जुगाड़ नहीं था गोपाल शर्मा ने इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए विस्तृत रूप से सभी जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने प्रेसवार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया था। हत्याकांड के आरोपियों तक पहुंचने के लिए चार टीमों का गठन किया था। पोस्टमार्टम से पहले ही अपराध होना प्रतीत हो रहा था। पुलिस को घर में रहने वाले लड़के रोहन पांडू पर पहले से ही शक था। घटना के दिन सुबह से वह सक्ती, खरसिया और रायगढ़ गया जहां उसने अपना हुलिया बदला, कपड़ा चेंज करने के बाद हसौद, बिर्रा होते हुए तिल्दा से कवर्धा पहुंचा था। गांव के साथियों के साथ मिलकर मुंगेली आ रहा था, जहां से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी रोहन पांडू ने राजेन्द्र सूर्या के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया था। आरोपी के पास से मोबाइल, स्कूटी और जेवर जब्त किया गया हैं। आरोपी का उसके घर आना-जाना था। एसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि घटना को पहले से प्लान किया गया था। साजिशन नींद की दवा खरीदी थी, जिसे पीस कर पाउडर बनाकर खाना में मिलाने के बाद युवती और उसके भाई को खिलाया गया।
    जिसके बाद रात 10 बजे राजेंद्र सूर्या आया था। आरोपी रोहन पांडू ने 200 रुपए देकर राजेंद्र को बुलाया था। दोनों ने मिलकर शराब पी और फिर घर पहुंचकर खाना खाया। क्या ऐसा नहीं हो सकता आरोपी ईशिका द्वारा पहने गए जेवर लूट रहे थे, उसी वक्त इशिका की नींद खुल गई और लूट का पुरजोर विरोध करने लगी। दोनों ने ईशिका शर्मा के साथ मारपीट की और दोनों ने मिलकर उसकी जघन्य हत्या कर दी। एक आरोपी ने पैर पकड़ा और दूसरे ने गला और मुँह दबा कर हत्या कर दी।
    पुलिसिया जांच पर एक सवाल यह भी उठ रहा है जब बिना किसी डॉक्टर की पर्ची के नींद की गोली उपलब्ध नहीं होती है तो हत्यारे के पास नींद की गोली आई कहां से किस दुकान से खरीदी गई क्या उस दुकानदार से पूछताछ की गई क्या मेडिकल दुकानदार भी साजिश में है शामिल यह एक गंभीर जांच का विषय है जिसे पुलिस द्वारा तत्काल ध्यान दिया जाना अति आवश्यक है

    अकेलेपन का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम

    ईशिका शर्मा जो एलएलबी फाइनल ईयर की छात्रा है एवं पत्रकारिता करने के साथ ही न्यूज़ चैनल में एंकरिंग भी करती थी। घटना दिनांक को ईशिका शर्मा के माता पिता कोरबा गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया।

    पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से लुट का सामान जेवर व स्कूटी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध 302, 397 के तहत मामला दर्ज किया है।

    हत्यारे का लोगों की सहानुभूति हासिल करने का कुत्सित प्रयास, जाने अनजाने पुलिस भी दे रही साथ

    कुछ समय पहले एक फिल्म आई थी डर जिसमें फिल्म का विलेन बहुत ही खौफनाक तरीके से हीरोइन को परेशान करता है इसी फिल्म के एक सीन में यही विलेन हीरो के कंधे पर सर रखकर इमोशनल तरीके से बोलता है कि मैंने प्रेम किया है मैं हीरोइन से बहुत प्यार करता हूं दिल के हाथों बेबस हुं और इसी एक सीन की वजह से विलेन दर्शकों की सारी सहानुभूति और समर्थन ले जाता है और दर्शकों की नजरों में हीरो से भी बड़ा हो जाता है।
    ईशिका शर्मा की हत्या में भी कुछ ऐसा ही मामला नजर आ रहा है। जिसमें हत्यारे द्वारा अपने द्वारा किए गए जघन्य हत्याकांड को जस्टिफाई करने का प्रयास किया जा रहा है परंतु पुलिस द्वारा भी इसे इतना ज्यादा हाईलाइट किया जाना, प्रेस विज्ञप्ति जारी कर एसपी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी बार-बार प्रेम प्रसंग का मामला बताया जाना किस तरफ इशारा कर रहा है, यह समझ से परे की बात है। ईशिका शर्मा की हत्या का मामला साफ तौर पर लूटपाट और हत्या का मामला है सिर्फ हत्यारे के द्वारा भावनात्मक समर्थन हासिल करने के लिए इसे प्रेम प्रसंग का रूप दिया जा रहा है।

    एक मृत आत्मा जो अपनी सफाई में कुछ कहने के लिए अब इस दुनिया मे जिंदा नहीं है एक वहशी दरिंदे लुटेरे हत्यारे के बयान को आधार बनाकर उसके ऊपर ऐसे आरोप लगाया जाना पुलिस द्वारा ऐसे बयान जारी करना सरासर अन्याय है। उसके चरित्र पर लांछन लगाए जाने जैसा है। मरने के बाद भी उसकी मिट्टी पलीत करना है यह संपूर्ण नारी जाति का अपमान नहीं तो और क्या है। जिसकी हत्या हुई है, हत्यारे उसी को गलत बता कर सहानुभूति हासिल करने का प्रयास कर रहे है। पुलिस भी जाने अनजाने हत्यारे की इस साजिश की शिकार है या शामिल है।
    ईशिका शर्मा के माता पिता के बताए अनुसार वह पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थी साथ ही वह पढ़ाई में भी बहुत तेज थी संयोग से आज ही के दिन एलएलबी थर्ड सेमेस्टर जिसकी परीक्षा ईशिका शर्मा ने कुछ दिन पहले दी थी उसका आज रिजल्ट आया है जिसमें ईशिका शर्मा ने टॉप टेन में जगह बनाई है एक तरफ ईशिका शर्मा के अस्थि फूल चुने जा रहे हैं और दूसरी तरफ उसका रिजल्ट सुनकर माता-पिता के आंखों से आंसू की धारा रुक नहीं रही है ईशिका के पिता ने बताया कि ईशिका एक बहुत बड़ा वकील बनकर अपने माता-पिता का नाम रोशन करना चाहती थी परंतु एक हत्यारे ने पूरे हंसते खेलते परिवार को गमों के सागर में डूबा दिया।
    क्या नारी जाति का बाहर निकल कर कार्य करना लोगों से मिलना जुलना अपराध है। मृतिका ईशिका शर्मा अपने प्रोफेशन जो कि पत्रकारिता और न्यूज़ एंकरिंग करती थी इस संदर्भ में उसे बहुत से लोगों से बात भी करनी पड़ती थी, फोन से भी और मिलकर भी, फील्ड में जाकर भी तो क्या यह उसका अपराध है। क्या महिला को किसी भी प्रकार का कार्य नहीं करना चाहिए। समाज में अपना एक मुकाम हासिल नहीं करना चाहिए।

    यह सब सवाल पुलिसिया जांच पर संदेह उत्पन्न करता है। आखिर किसे फायदा पहुंचाने के लिए पुलिस द्वारा संपूर्ण जांच का केंद्र बिंदु प्रेम प्रसंग को बनाया जा रहा है। युवती द्वारा किसी अन्य से बात करने और हत्यारे को उसका किसी से बात किया जाना पसंद नहीं आने की वजह से हत्यारे द्वारा हत्या किए जाने के बयान को इतना ज्यादा तरजीह दी जा रही है और उसे हाईलाइट किया जा रहा है। हत्यारे द्वारा खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताया जाना मृत्तिका को महंगे मोबाइल और महंगे गिफ्ट देना बताया गया और पुलिस का इसे मान लेना बगैर किसी जांच के यह भी एक सोचने वाली बात है। पुलिस ने अगर जरा भी जहमत उठाई होती और जांच की होती तो उन्हें पता चल जाता कि हत्यारा कलेक्ट्रेट चौक के पास होटल चहल-पहल में वेटर का काम करता था जिसे गोपाल शर्मा ने अपने नौकर के रूप में रखा था क्या पुलिस ने इसकी जांच की कि उसने महंगे मोबाइल और महंगे गिफ्ट मृतिका को दिए हैं सिर्फ हत्यारे के कहने भर से पुलिस के आला अधिकारी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बयान जारी करना मृतिका के साथ सरासर नाइंसाफी है संपूर्ण हत्याकांड की विस्तृत जांच किसी सक्षम एजेंसी द्वारा किया जाना अति आवश्यक है।

  • शिव बारात की तैयारी जोरों पर,शिव परिवार ने नगर में बांटे भोले बाबा की बारात का निमंत्रण….

    शिव बारात की तैयारी जोरों पर,शिव परिवार ने नगर में बांटे भोले बाबा की बारात का निमंत्रण….

    खरसिया। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर 18 मार्च को भगत तालाब स्थित ख्याति प्राप्त ऐतिहासिक शिव मंदिर से महा शिवरात्रि पर्व पर धूम धाम से भोले बाबा की बारात निकाली जाएगी जिसके लिए शिव परिवार के द्वारा जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में संपूर्ण खरसिया नगर में भोले बाबा की बारात का निमंत्रण पत्र बाँट कर नगरवासियों को शिव बारात में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया गया।

    गौरतलब है की महाशिवरात्रि के पवन पर्व पर शिव मंदिर खरसिया से भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली जाएगी जो समस्त नगर का भ्रमण करते हुए वापिस शिव मंदिर भगत तालाब पहुंचेगी वहां भोलेनाथ और माता पार्वती जी की महाआरती के पश्चात् प्रसाद वितरण किया जाएगा। बारात में सम्मिलित होने के लिए शिव परिवार द्वारा बाजे गाजे के साथ नगर भ्रमण कर शिव बारात का निमंत्रण नगरवासियों को दिया गया और बाबा की बारात में सम्मिलित होने का अनुरोध किया गया।
    शिव परिवार द्वारा नगरवासियों के सहयोग से विगत वर्ष भी शिव बारात का आयोजन किया गया था। इस वर्ष भी भव्य रूप से महाशिव रात्रि के पवन पर्व का मानाने की तैयारी की जा रही हैं। शिव परिवार के श्याम सुन्दर अग्रवाल, सुनील अग्रवाल पत्रकार, विकास कबूल पुरिया, विजय मिले, पार्षद दीनदयाल अग्रवाल, पुजारी सुरेंद्र मिश्रा, सुरेश शर्मा, सुरेश शम्भू, श्याम सुंदर अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, आकाश शर्मा, राजा अग्रवाल सहित सभी शिव परिवार के सदस्य निमंत्रण पत्र बाँटने के साथ साथ बाबा के बारात की तैयारियों में जोर शोर से लगे हुए हैं।

  • 3 BJP नेताओं की हत्या के बाद बड़ा एक्शन : मुख्यमंत्री ने की DGP से बात … राजनीतिक दलों की बैठक बुलाएंगे SP

    3 BJP नेताओं की हत्या के बाद बड़ा एक्शन : मुख्यमंत्री ने की DGP से बात … राजनीतिक दलों की बैठक बुलाएंगे SP

    बस्तर संभाग में एक के बाद एक भाजपा नेताओं की हत्या के बाद सरकार एक्शन में है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस महानिदेशक-DGP अशोक जुनेजा से हालात पर बात की है। उन्होंने फिलहाल सभी राजनीतिक दलों की बैठक बुलाकर उन्हें सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की समझाइश देने का निर्देश दिया है। नक्सल प्रभावित जिलों के पुलिस अधीक्षक जल्द ही ऐसी बैठक बुलाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राजनेताओं की सुरक्षा महत्वपूर्ण है, चाहे वे किसी दल के हों।
    कोरिया रवाना होने से पहले रायपुर हेलीपैड पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, इस महीने इस तरह की वारदात होती रही है। यह सही है कि भाजपा के कुछ नेताओं की इस तरह हत्या हुई है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे यह भी पता चलता है कि नक्सलियों की ताकत कमजोर हुई है। इसलिए घरों में जाकर कहीं-कहीं हत्या आदि करके उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। मैंने अभी DGP को निर्देशित किया है कि वहां सभी दलों की SP बैठक ले लें। सभी राजनीतिक दलों को सुरक्षा का ध्यान रखने आदि की जानकारी दें। कहीं जा रहे हों तो पुलिस को बता कर जाएं। सुरक्षा में जाएं। मैंने DG से कहा है कि सभी SP इस तरह की बैठक कर राजनीतिक दलों को सचेत करें। उनकी सुरक्षा हमारे लिए महत्वपूर्ण है, चाहे वे किसी भी दल के हों।

    भाजपा नेताओं ने सरकार पर उनकी सुरक्षा घटाने का आरोप लगाया है। इसका जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा नेताओं की सुरक्षा हटाने संबंधी आरोप गलत है। केदार कश्यप चुनाव हार गए हैं। गागड़ा जी चुनाव हार गए हैं, उनको जेड प्लस सुरक्षा है। हमनें कहीं कमी नहीं की है। रमन सिंह जी की क्या स्थिति है। कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जाते भी नहीं और उनकी सुरक्षा देखिए। मुख्यमंत्री से ज्यादा सुरक्षा उनको मिला हुआ है। मुख्यमंत्री के पास एनएसजी का सुरक्षा घेरा नहीं है, रमन सिंह के पास है। उधर सोनिया जी, राहुल जी और प्रियंका जी की सुरक्षा हटा दिये हैं। राजनीतिक द्वेष वश निर्णय तो ये लेते हैं। हम लोग उस प्रकार से नहीं करते हैं।

    भाजपा अध्यक्ष के आंकड़ों को बताया झूठा

    मुख्यमंत्री ने कहा, अभी नड्‌डा जी (भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा) आए थे जो आंकड़े बता रहे हैं वह झूठा है। वह सब आंकड़े मैं देता हूं कि किस तरह अपराध में कमी आई है। पश्चिम बंगाल चुनाव में जो लाइन कहकर आए थे कि टीएमसी काे आराम दो.. वहीं लाइन यहां भी दोहरा रहे हैं। उसके साथ झूठ का पुलिंदा भी है। यह डबल इंजन नहीं ट्रबल इंजन है। इसलिए यह ट्रबल इंजन है कि रमन सिंह को 15 साल तक मौका मिला। धान का समर्थन मूल्य 2100 रुपया मिलेगा ये कहे थे, लेकिन नहीं दिये। इनकी सरकार आ जाएगी तो मिलेगा क्या किसान को? नहीं मिलने वाला। राजीव गांधी किसान न्याय योजना मिलना नहीं है। उन 15 सालों में हजारो एकड़ जमीन उन्होंने आदिवासियों से छीना है। इन चार सालों में बता दीजिए कि हमने एक भी आदिवासी की जमीन ली हो। अगर कहीं ऐसा हुआ भी है तो चार गुना मुआवजा दिया है।

    आदिवासी नेताओं से व्यवहार के आरोपों पर घेरा

    भाजपा नेताओं ने अरविंद नेताम को नोटिस दिये जाने पर कांग्रेस को घेरा है। इससे जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, ये आदिवासियों की बात करते हैं। बलीराम कश्यप जब जीवित थे तो उनके साथ क्या व्यवहार हुआ? ननकीराम कंवर के साथ क्या व्यवहार किया? गणेश राम भगत को उन्होंने दूध की मक्खी की तरह निकाल फेंका। नंद कुमार साय को जबरदस्ती जोगी के साथ भिड़ाकर क्या व्यवहार किया। आज उनकी क्या स्थिति है? चार बार के निर्वाचित सांसद सोहन पोटाई के साथ उन्होंने क्या व्यवहार किया?

    रमन सिंह की संपत्ति बढ़ी और 39% लोग गरीब हो गए

    मुख्यमंत्री ने कहा, रमन सिंह के राज में रमन सिंह और उनके परिवार वालों की संपत्ति कितने गुना बढ़ा। लूट मचाकर रखे थे रमन सिंह जी। राज्यपाल से हमने अनुमति मांगी थी जांच की तो अनुमति भी नहीं दिये। नये राज्यपाल से उसकी अनुमति मांगी जाएगी। उन्होंने कहा, भाजपा के समय 39.93% लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे थे छत्तीसगढ़ में। उसमें से बस्तर संभाग के जिले देश में सबसे गरीब थे। यह हालत की थी उस डबल इंजन की सरकार ने….

  • बुलडोजर एक्शन के दौरान जिंदा जलकर मां-बेटी की मौत, प्रदेश में बढ़ा सियासी पारा, अधिकारियों पर अपराध दर्ज…

    बुलडोजर एक्शन के दौरान जिंदा जलकर मां-बेटी की मौत, प्रदेश में बढ़ा सियासी पारा, अधिकारियों पर अपराध दर्ज…

    उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से एक बड़ी घटना निकलकर सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार (Kanpur) में अतिक्रमण हटाने के दौरान मां-बेटी की जिंदा जल कर मौत हो गई.  वहीं इस घटना को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है. मंत्री प्रतिभा शुक्ला मृतक के परिवार से मिलने पहुंची. वहीं आज मां बेटी की मौत के बाद परिजनों से मिलने कांग्रेस का प्रदेश स्तर का प्रतिनिधि मंडल कानपुर देहात के मड़ौली गांव पहुंचेगा.  इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, प्रांतीय अध्यक्ष अनिल यादव समेत जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधि मंडल भी गांव पहुंचेगा.

    जबकि आज सपा का जिला स्तर प्रतिनिधि मंडल भी पीड़ित परिवार से मिलने कानपुर देहात के मड़ौली गांव पहुंचने की बात बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि मृतक मां प्रमिला और बेटी की मौत के साथ ही पति कृष्ण गोपाल दीक्षित भी बुरी तरह से झुलस गए हैं. वहीं कानपुर रेंज के आईजी, एडीजी सहित कमिश्नर राज शेखर भी मौके पर पहुंचे थे. दरअसल, कानपुर देहात में प्रशासन सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए पहुंची थी, लेकिन जिस घर को गिराया जा रहा था वो लोग खुद को आग लगाने की धमकी दे रहे थे.तभी प्रदर्शन के दौरान ही अचानक वहां पर आग लग गई, जिसमें मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई.
     
    ये है पूरा मामला

    पीड़ित ने कानपुर देहात के मैथा तहसील में तैनात एसडीएम ज्ञानेश्वर प्रसाद और रूरा थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम समीर लेखपाल अशोक सिंह को आरोपी बताया है. पीड़ित परिवार का आरोप यह है कि कब्जे को ध्वस्त करने के चलते प्रशासनिक अधिकारियों ने मिलकर कृष्ण गोपाल दीक्षित के परिवार को झोपड़ी में जबरन कैद कर उस पर आग लगा दिया. इसके चलते झोपड़ी के अंदर फंसी मां-बेटी को आग ने अपनी चपेट में ले लिया और दोनों की झुलस कर मौत हो गई. इसके बाद कानपुर देहात के मंडोली गांव में पुलिस और प्रशासन पर ग्रामीणों और परिजनों ने हमला कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही कानपुर रेंज के आईजी और एडीजी जून सहित मंडलायुक्त राजशेखर भी मौके पर पहुंचे. 
     
    परिवार ने लगाया गंभीर आरोप
    वहीं पीड़ित कृष्ण कुमार दीक्षित का कहना है कि उनका परिवार काफी लंबे समय से इस भूमि पर काबिज है. इस वजह से उनके परिवार के ही रिश्तेदार उनका विरोध करते चले आ रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलीभगत कर उन्होंने उनकी झोपड़ी में आग लगवा दी. इसके चलते उनकी बेटी और पत्नी की आग से जलकर मौत हो गई. वहीं देर रात तक प्रशासन परिवार को समझाने की कोशिश करता रहा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास कर रहा था.
    परिवार ने की ये मांग

    वहीं परिवार लगातार अपनी मांगों को लेकर अड़ा रहा इसमें 50 लाख परिवार के लिए मुआवजा, घर के दो बेटों के लिए सरकारी नौकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तत्काल प्रभाव से मुलाकात और साथ ही परिवार को आजीवन पेंशन की मांग रखी है. वहीं कानपुर देहात पुलिस ने 11 नामजद लोगों के साथ-साथ एक कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है. इस मुकदमे में कानपुर देहात के मैथा तहसील के एसडीएम ज्ञानेश्वर प्रसाद लूंगा, थाना प्रभारी दिनेश गौतम और लेखपाल अशोक सिंह को मुख्य आरोपी बनाकर 307, 302 जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है.

  • धूमधाम से आयोजित हुआ न्यू विवेकानंद कान्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम…..

    धूमधाम से आयोजित हुआ न्यू विवेकानंद कान्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम…..

    अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से नन्हें कलाकारों ने जीत लिया दर्शकों का दिल

    खरसिया ।  करुणामयी आदर्श एडुकेशन समिति द्वारा संचालित न्यू विवेकानंद हायर सेकेंडरी स्कूल ठुसेकेला खरसिया शाखा ,के स्थापना के 24 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के नर्सरी और केजी के नन्हें मुन्ने बाल कलाकारों से लेकर 12 वी कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपनी एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट प्रस्तुतियों गीत, संगीत, नृत्य एवं थीम पर आधारित आर्कषक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया और समारोह को यादगार बना दिया। 

    समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती दीप्ति बरवा ( ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी खरसिया
    ) , विशेष अतिथि श्री पुष्पेंद्र राज (तहसीलदार खरसिया) और श्री सतीश भार्गव ( जेल अधीक्षक जिला जेल – सक्ति ) के साथ संस्था के संस्थापक श्री सुकदेव दंडोपाध्याय और श्रीमती चन्दना दंडोपाध्याय के द्वारा मंगलदीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।
    अतिथियों के मंचासीन होने के बाद विद्यालय की छात्राओं अंशु , अनंदिता, वर्षा, आकांक्षा , प्रिया , आरती , श्वेता, रेणु , आकांक्षा राठौर और पूनम ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों का स्वागत एवम संबोधन विद्यालय के मेंटर प्रियम दंडोपाध्याय ने किया।
    कार्यक्रम में आमंत्रित मुख्य अतिथि श्रीमती दीप्ति बरवा ने अपने संबोधन में न्यू विवेकानंद स्कूल को खरसिया अंचल में शिक्षा के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान देने वाला संस्थान बताया। उन्होंने इस अवसर पर स्कूल परिवार के निरंतर उन्नति की कामना की। सांस्कृतिक कार्यक्रम के शुरुआत मे माँ सरस्वती वंदना नृत्य की प्रस्तुति क्लास 11 वी के छात्रों ने प्रस्तुत किया। इसके बाद अतिथियों के स्वागत के लिए स्वागत गीत नन्हे बच्चो के द्वारा किया गया जिसे देखकर अतिथि गण बेहद प्रसन्न हुये । इसके बाद गणेश वंदना 9 वी और 10वी कक्षा के छात्र – छात्राओं के द्वारा प्रस्तुत किया गया जिसने सभी का खूब मनोरंजन किया। उसके बाद छतीसगढ़ राज्य गीत ” अरपा पैरी के धार ” की लोक संस्कृति के विविध पक्षों को दर्शाती हुई प्रस्तुति 10 th ग्रुप ने दी जिसे देखकर सभी दर्शक गर्व से भर उठे।
    नन्हे बच्चो के द्वारा झाँकी मे श्री कृष्णा , भारत माता , विविध महापुरुष की झाँकी ने सभी दर्शकों के मन को लुभा रहे थे । कच्चा बादाम सांग पर क्लास के जी 2 के बच्चो के डांस ने सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं अलग अलग राज्य की लोक संस्कृति की झलक दिखाती प्रस्तुति अनेकता पर एकता नृत्य से क्लास 6वी से 10 वी के बच्चों ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उसके बाद तो एक से बढ़कर एक देशभक्ति, सामाजिक एवं देश के विभिन्न संस्कृतियों को प्रतिनिधित्व करने वाली प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। अंत मे क्लास 11th के बच्चो के द्वारा भूत पर आधारित नृत्य की प्रस्तुति दी जिसने सभी दर्शकों को डराया और सभी दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के हाथों सभी क्लास के मेधावी और प्रतिभावान छात्र छात्राओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के समापन के बाद मेंटर प्रियम दंडोपाध्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवम विद्यार्थियों का कार्यक्रम को सफल बनाने में समर्पित सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।

  • छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के राज्यपाल बदले,बिश्व भूषण हरिचंदन छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल होंगे….

    छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के राज्यपाल बदले,बिश्व भूषण हरिचंदन छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल होंगे….

    रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के राज्यपाल बदले गए हैं। राज्यपाल अंसुइया यूइके को मणिपुर भेजा गया है। वहीं, विश्वभूष्ण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का नया राज्यपाल बनाया गया है। 

    इन राज्यों में राज्यपाल और उप-राज्यपाल बदले गए…

    1. लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक (राज्यपाल अरुणाचल प्रदेश)

    2. लक्ष्मण प्रसाद आचार्य (राज्यपाल सिक्किम)

    3. सीपी राधाकृष्णन (राज्यपाल झारखंड)

    4. गुलाब चंद कटारिया (राज्यपाल असम)

    5. शिव प्रताप शुक्ला (राज्यपाल हिमाचल प्रदेश)

    6. ब्रिगेडियर डॉ. बीडी मिश्रा (उप-राज्यपाल लद्दाख)

    7. जस्टिस एस अब्दुल नजीर (राज्यपाल आंध्र प्रदेश)

    8. एलए गणेशन (राज्यपाल नगालैंड)

    9. फागू चौहान (राज्यपाल मेघालय)

    10. राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर (राज्यपाल बिहार)

    11. बिस्वा भूषण हरिचंदन (राज्यपाल छत्तीसगढ़)

    12. अनुसुइया उइके (राज्यपाल मणिपुर)

  • एसड़ीएम रोहित कुमार सिंह ने किया पदभार ग्रहण…

    एसड़ीएम रोहित कुमार सिंह ने किया पदभार ग्रहण…

    खरसिया। जिले के ड़िप्टी कलेक्टर रोहित कुमार सिंह ने खरसिया अनुविभागीय अधिकारी (रा.) का पदभार ग्रहण कर लिया है। विदित हो ड़िप्टी कलेक्टर रोहित कुमार सिंह इससे पूर्व एसड़ीएम घरघोड़ा के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
    गौरतलब है कि नवपदस्थ एसड़ीएम रोहित कुमार सिंह ने तहसील कार्यालय पहुँचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। तहसील कार्यालयीन कर्मचारियों ने नवपदस्थ अधिकारी का स्वागत किया। नवपदस्थ एसड़ीएम रोहित कुमार सिंह ने प्रेस क्लब खरसिया के पत्रकारों से मुलाकात के दौरान बताया कि राजस्व संबंधित पुराने प्रकरणों का निपटारा सहित अनुविभाग के पेंड़िंग मामलों को निपटाना उनकी प्राथमिकता होगी वहीं जिला कलेक्टर के मंशानुरूप क्षेत्र के विकास के लिये सदैव तत्पर रहूंगा। वहीं उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हो रहे अवैध उत्खनन, अवैध रूप से गिराये जा रहे फ्लाई एश सहित अन्य अवैध मामलों पर तत्परता से कार्यवाही की जायेगी। रोहित कुमार सिंह इससे पूर्व एसड़ीएम घरघोड़ा तथा नजूल अधिकारी के रूप में जिले में अपनी सेवाएं प्रदान कर चुकें हैं। उन्होनें बताया कि रायगढ़ जिले के पूर्व वे कोरबा जिले में पदस्थ थे। विदित हो कि तबादला होने के बाद भी लगभग ड़ेढ़ वर्ष तक कुर्सी पर जमें पूर्व एसड़ीएम अभिषेक गुप्ता को राजस्व विभाग के द्वारा एकतरफा रिलीव किये जाने के बाद जिलाधीश तारन प्रकाश सिन्हा ने खरसिया की कमान युवा व तेज तर्रार अधिकारी को सौंपी है जिससे क्षेत्र की जनता में उम्मीद जगी है कि पेंड़िंग राजस्व मामलों का जल्द निपटारा होने के साथ साथ क्षेत्र में हो रहे अवैध उत्खनन, सरकारी जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जा जैसे मामलों पर रोक लगेगी।