Blog

  • शो ऑफ करना पड़ा महंगा, लॉकडॉउन में FB LIVE कर BMW से आउटिंग.. रायपुर पुलिस ने गिरफ़्तारी ही लाईव कर दी…

    शो ऑफ करना पड़ा महंगा, लॉकडॉउन में FB LIVE कर BMW से आउटिंग.. रायपुर पुलिस ने गिरफ़्तारी ही लाईव कर दी…

    रायपुर। लॉकडॉउन में फ़ेसबुक पर लाईव्ह कर बीएमडब्लू से घूमने वाले युवक को पुलिस ने एफ़बी लाईव्ह कर ही गिरफ़्तार किया है।पुलिस के पास सूचना थी कि एक BMW पर रोज़ युवक तफ़रीह के लिए निकल रहा है।

    युवक की पहचान एक इंटरप्रैन्योर के रुप में राजधानी में रही है।NIT 2006 बैच के इस छात्र के द्वारा लिफ़्ट को लेकर बेहतर तकनीकि काम किया गया है। लेकिन लॉकडॉउन में फ़ेसबुक पर बक़ायदा लाईव्ह कर के रात को बेवजह घूमने ने इसे रायपुर पुलिस के टार्गेट में ला दिया।

    रायपुर पुलिस ने लॉकडॉउन में एफबी लाईव्ह कर नियम को खुली चुनौती देने वाले इस युवक को पकड़ा और और उसी युवक को अपना पोस्ट पर पुलिस कार्यवाही की जानकारी मय तस्वीर देनी पड़ी।

    कप्तान आरिफ़ शेख़ ने कहा
    “लॉकडॉउन में घर पर रहना है.. बिना वजह तफ़रीह का यह समय नहीं है..आप तफ़रीह भी कर रहे हैं.. और फ़ेसबुक पर लाईव्ह कर रहे हैं.. व्यवस्था को चुनौती दे ही रहे हैं और आप का यह लाईव्ह अपने साथियों को उकसाने वाला भी है..”

    SSP आरिफ़ ने कहा
    “ नियम का पालन सभी को करना है.. फिर लॉकडाउन हो.. सोशल मीडिया हो या ट्रैफ़िक नियम.. सभी पालन करें.. वर्ना हम तो हैं ही”

  • RBI ने म्यूच्यूअल फण्ड उद्योग को दी राहत, 50000 करोड़ रुपये की स्पेशल लिक्विडिटी सुविधा की घोषणा की….

    RBI ने म्यूच्यूअल फण्ड उद्योग को दी राहत, 50000 करोड़ रुपये की स्पेशल लिक्विडिटी सुविधा की घोषणा की….

    कोरोना वायरस प्रकोप और लॉकडाउन के कारण पैदा हुई अभूतपूर्व चुनौतियों से जूझ रहे म्युचुअल फंड उद्योग को सरकार ने बड़ी राहत प्रदान की है। भारतीय रिज़र्व बैंक ने म्युचुअल फंड्स के लिए 50,000 करोड़ के स्पेशल लिक्विडिटी सुविधा की घोषणा की है। आरबीआई ने म्युचुअल फंड्स में लिक्विडिटी के दबाव को कम करने के लिए सोमवार को इस सुविधा की घोषणा की है। इस घोषणा के साथ ही आरबीआई ने दोहराया कि वह वित्तीय स्थिरता को संरक्षित करने और अर्थव्यवस्था पर कोरोना वायरस के प्रभाव को कम करने के लिए हरसंभव आवश्यक कदम उठाएगा।

    भारतीय रिज़र्व बैंक ने कहा,’कोविड-19 के प्रकोप के कारण पूंजी बाजारों में भारी अस्थिरता आई है, जिससे म्युचुअल फंड्स (MFs) में लिक्विडिटी का संकट पैदा हो गया है। भारी संख्या में रिडंप्शन होने से म्युचुअल फंड्स में लिक्विडिटी को लेकर दबाव और बढ़ गया है। हालांकि, लिक्विडिटी को लेकर दबाव उच्च जोखिम वाले डेट म्युचुअल फंड सेगमेंट में ही है, इंडस्ट्री के बड़े हिस्से में लिक्विडिटी को लेकर समस्या नहीं है।’
    गौरतलब है कि पिछले सप्ताह यूएस बेस्ड म्युचुअल फंड हाउस फ्रैंकलिन टेम्पलटन इंडिया ने अपने छह डेट फंड्स को बंद कर दिया था। जिससे इन फंड्स में से निवेशक पैसे नहीं निकाल पाएंगे। इस तरह निवेशकों के करीब 30 हजार करोड़ रुपये इन छह डेट फंड्स में फंस गए हैं। फ्रैंकलिन टेम्पलटन इंडिया ने फंड्स को बंद करने के पीछे कोरोना वायरस संकट और लॉकडाउन के चलते नकदी की कमी का हवाला दिया था।

    यहां बता दें कि कंपनी ने फ्रैंकलिन इंडिया टेम्पलटन लो ड्यूरेशन फंड, फ्रैंकलिन इंडिया टेम्पलटन इनकम ऑपरच्यूनिटी फंड, फ्रैंकलिन इंडिया टेम्पलटन क्रेटिड रिस्क फंड, फ्रैंकलिन इंडिया टेम्पलटन शॉर्ट टर्म इनकम प्लान, फ्रैंकलिन इंडिया टेम्पलटन शॉर्ट बॉन्ड फंड और फ्रैंकलिन इंडिया टेम्पलटन डायनामिक एक्यूरियल फंड को बंद किया है। इस फैसले के बाद अब इन छह डेट फंड्स में कोई ताजा खरीद नहीं कर पाएगा। वहीं, मौजूदा निवेशकों का पैसा इन फंड्स में लॉक रहेगा।

  • आईसीएमआर ने वापस मांगी आबंटित की गई रैपिड टेस्ट किट, नये किट से कटघोरा के निगेटिव आए लोगों की फिर होगी जांच…

    आईसीएमआर ने वापस मांगी आबंटित की गई रैपिड टेस्ट किट, नये किट से कटघोरा के निगेटिव आए लोगों की फिर होगी जांच…

    रायपुर। आईसीएमआर (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च) ने अपने आबंटित की गई रैपिड टेस्ट किट वापस मांगी है. इस आशय का पत्र छत्तीसगढ़ को जारी किया गया है. पत्र के बाद सरकार ने किट वापसी की तैयारी शुरू कर दी है. बता दें कि आसीएमआर ने छत्तीसगढ़ को 48 सौ रैपिड टेस्ट भेजा था. इस किट का इस्तेमाल सिर्फ कोरबा जिला में हुआ था. जिले में लगभग एक हजार किट का इस्तेमाल किया गया था

     

    गौरतलब है कि कोरोना हॉटस्पॉट कटघोरा में ही रैपिड किट से टेस्ट किया गया था. अब नये किट आने के बाद फिर से कटघोरा के निगेटिव आए लोगों की जांच की जाएगी, क्योंकि किट से सही रिजल्ट नहीं मिलने की जानकारी मिली है. इस पर कई राज्यों ने आपत्ति जताई है

    राज्य कोरोना कंट्रोल एवं डिमांड टीम के पीआरओ अखिलेश त्रिपाठी ने इस बात की पुष्टि की है. यथाशीघ्र किट को वापस किया जाएगा. किट की गुणवत्ता विश्वसनीयता शोध में बहुत कम पाए जाने पर यह फ़ैसला लिया गया है

  • राज्य कर, माल एवं सेवा कर विभाग की बड़ी कार्रवाई, राज्य जीएसटी ने पकड़ी 118 करोड़ रुपए की कर चोरी….

    राज्य कर, माल एवं सेवा कर विभाग की बड़ी कार्रवाई, राज्य जीएसटी ने पकड़ी 118 करोड़ रुपए की कर चोरी….

    रायपुर। लॉकडाउन के दौरान वर्क फ्राम होम से 745.58 करोड़ रुपए का सर्कुलर ट्रेडिंग और बोगस विक्रय दर्शाकर 118.47 करोड़ रुपए की कर चोरी पकड़ी गई है. राज्य कर, माल एवं सेवा कर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई पर विभागीय मंत्री टीएस सिंहदेव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है

     

    जानकारी के अनुसार, आयुक्त, राज्य कर, माल एवं सेवा कर विभाग के निर्देश पर संयुक्त आयुक्त गोपाल वर्मा के नेतृत्व में प्रवर्तन शाखा की ओर से यह कार्रवाई की गई. विभागीय टीम ने जांच में पाया गया कि राज्य के कुल जो आयरन एण्ड स्टील एवं प्लाईवुड के व्यवसाय से जुड़े 14 अस्तित्वहीन एवं अकार्यशील व्यवसायी संलिप्त हैं. इन व्यवसायियों ने बोगस बिल जारी कर राज्य और दिल्ली, केरल, उड़ीसा सहित 13 अन्य राज्यों के अन्य व्यवसायियों को 118.47 करोड़ रुपए का गलत आगत कर पासऑन किया जा रहा था

    प्रवर्तन शाखा द्वारा व्यवसायियों द्वारा पंजीयन के दौरान प्रस्तुत दस्तावेजों से मोबाइल नम्बर, पैन नम्बर और ई-मेल आईडी के आधार पर जीएसटी एवं ई-वे बिल माड्यूल्स में उपलब्ध टूल्स द्वारा ट्रैकिंग की गई, जिसमें पता चला कि 14 राज्यों में 19 पैन नम्बर का उपयोग करके अलग-अलग राज्यों में 58 पंजीयन प्राप्त किए गए, जिनमें 21 मोबाइल नम्बरों का उपयोग किया गया है

    जांच से स्पष्ट हुआ कि कुछ ही व्यक्तियों के द्वारा समस्त बोगस फर्म संचालित किए जा रहे हैं. व्यवसायियों द्वारा प्रस्तुत विवरणियों में क्रय-विक्रय संव्यवहारों का अवलोकन करने पर पाया गया कि इन व्यवसायियों द्वारा आपस में एक-दूसरे को क्रय-विक्रय दर्शाकर सर्कुलर ट्रेडिंग की जा रही है. बोगस आगत कर लेने वाले व्यवसायियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है

    विभाग की इस बड़ी कार्रवाई पर मंत्री टीएस सिंहदेव ने खुशी जताते हुए कहा कि 118 करोड़ रुपए के कर चोरी की सूचना मिली है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्ण डिटेल उनके पास नहीं आया है. पूरा डिटेल आने के बाद ही मैं कुछ बोल पाऊंगा. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें जो भी शामिल है, उन सभी संस्थाओं के लाइसेंस रद्द कर ब्लैक लिस्ट किया जाएगा. इसके अलावा अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सबके लिए क़ानून बनाया और क़ानून के अंतर्गत ही कार्रवाई की जाएगी

    ट्रांजेक्शन ऑनलाइन ट्रेस किया, कार्रवाई जारी

    स्टेट जीएसटी विभाग के संयुक्त आयुक्त गोपाल वर्मा ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से सभी कर्मचारी वर्क फ्रोम होम पर हैं. हमने इनका ट्रांजेक्शन ऑनलाइन ट्रेस किया है. स्पॉट वेरिफिकेशन करके इन पर कार्रवाई के लिए सभी राज्यों को पत्र लिख दिया गया है. करीब 118 करोड़ रुपये के टैक्स चोरी का मामला है. कार्रवाई की जा रही है

  • आबकारी विभाग ने 10 होटलों में दी दबिश,लॉक डाउन में शराब बेचने की मिल रही थी शिकायत….

    आबकारी विभाग ने 10 होटलों में दी दबिश,लॉक डाउन में शराब बेचने की मिल रही थी शिकायत….

    रायपुर। कोरोना संक्रमण को रोकने देश में लॉक डाउन है. सभी दुकानों के साथ ही होटल, बार और शराब दुकानों को भी सरकार ने बंद किया है. लेकिन होटलों और बारों द्वारा अवैध रुप से शराब बेचने की लगातार मिल रही शिकायत के बाद आबकारी विभाग की टीम ने राजधानी के 10 होटल और बारों में दबिश दी

    26 अप्रैल को राज्य स्तरीय उड़नदस्ता तथा संभागीय उड़नदस्ता रायपुर की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से रायपुर शहर में स्थित होटल ग्रैंड इम्पेरिया, द लिविंग रूम कैफे, क्यू लखनवी रेस्टॉरेंट, 3 किंग्स रेस्टॉरेंट, शीतल इंटरनेशनल, ऑर्चिड बार, मोनू बार, होटल सिमरन, होटल पुनीत, होटल सी रॉक, कुल 10 स्थानों पर आकस्मिक दबिश दे कर जांच की गई।

    आबकारी विभाग के अनुसार जांच में उपरोक्त 10 स्थानों में से 06 स्थान पूर्णतः बंद पाए गए तथा शेष 04 स्थानों की जांच में कोई संदिग्ध गतिविधि दर्शित नहीं हुई. समस्त स्थानों पर स्टॉक रूम विधिवत सील पाए गए जो कि बंदी आदेश के परिपेक्ष में लगाए गए थे. उपरोक्त जांच के पूर्व छद्म क्रेता के माध्यम से मदिरा विक्रय का परीक्षण भी कराया गया जिसमें किसी भी स्थान से मदिरा का विक्रय किया जाना नहीं पाया गया।

  • वैक्सीन का ट्रायल-उत्पादन एक साथ शुरू करेगी पुणे की कंपनी, ट्रायल सफल हुआ तो अक्टूबर तक बाजार में आ सकती है दवा

    वैक्सीन का ट्रायल-उत्पादन एक साथ शुरू करेगी पुणे की कंपनी, ट्रायल सफल हुआ तो अक्टूबर तक बाजार में आ सकती है दवा

    पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया कंपनी 165 देशों को 20 अलग-अलग तरह की वैक्सीन सप्लाई करती है।

    • कंपनी जून से कोरोना की वैक्सीन का निर्माण पुणे स्थित प्लांट से शुरू कर सकती है
    • इस वैक्सीन को कंपनी ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर तैयार कर रही है
    • खास बात यह है कि इसका ट्रायल कंपनी की ओर से मई या जून में शुरू किया जाएगा

    पुणे। कोरोना संकट के बीच उम्मीद की एक किरण नजर आई है। पुणे की दवा कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया मई-जून में कोरोना के इलाज में कारगर एक वैक्सीन का क्लीनिकल ट्रायल और उत्पादन एक साथ शुरू कर सकती है। कंपनी इस वैक्सीन का निर्माण पुणे स्थित प्लांट से शुरू करेगी। अगर ट्रायल सफल रहा तो दवाई सितंबर-अक्टूबर के बीच में उपलब्ध हो जाएगी।

    ‘देश की मौजूदा स्थिति देखते हुए कंपनी ले रही रिस्क’

    हालांकि, बिना ट्रायल सफल हुए कंपनी दवा का उत्पादन क्यों शुरू कर रही है? इस सवाल के जवाब में कंपनी की ओर से कहा गया कि कंपनी देश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए एक बड़ा रिस्क ले रही है। इसलिए, ट्रायल और इसे बनाने की प्रक्रिया लगभग एक साथ शुरू करने जा रही है। अगर ट्रायल सफल रहा तो दवाई सितंबर-अक्टूबर के बीच में उपलब्ध हो जाएगी। इस वैक्सीन को कंपनी ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर बनाएगी। दवा कंपनी सीरम दुनियाभर में सबसे अधिक टीके और उसके डोज बनाने के लिए जाने जाती है।

    एक हजार रुपए हो सकती है वैक्सीन की कीमत
    कंपनी के सीईओ अदार पूनावाला ने एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत में बताया, ‘हमें मई से भारत में ट्रायल शुरू कर देने की उम्मीद है। ट्रायल के सफल रहने पर सितंबर-अक्टूबर तक काफी संख्या में वैक्सीन तैयार हो जाएगी। हम भारत में एक हजार रुपए की अफॉर्डेबल कीमत पर इस वैक्सीन को तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं।’

    सितंबर तक 2 से 4 करोड़ वैक्सीन का लक्ष्य
    पूनावाला ने बताया, ‘कोविड-19 के लिए पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध हो जाए, इसलिए उत्पादन शुरू करने का निर्णय लिया गया है। क्लीनिकल ट्रायल सफल होने की स्थिति में हम पहले छह महीनों तक 40 से 50 लाख डोज हर महीने तैयार करने के लक्ष्य के साथ काम करेंगे। उसके बाद उत्पादन एक करोड़ कर दिया जाएगा। इस हिसाब से सितंबर-अक्टूबर तक 2 से 4 करोड़ वैक्सीन की डोज तैयार हो जाएगी।’

    अन्य वैक्सीन का उत्पादन होगा बंद
    उन्होंने बताया, ‘यह वैक्सीन पुणे स्थित सीरम कंपनी में ही तैयार की जाएगी। नया प्लांट तैयार करने में 3 हजार करोड़ और 2 साल का समय लगेगा। इसके लिए हम यहां बाकी सभी वैक्सीन का उत्पादन बंद कर देंगे। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर इस प्रॉजेक्ट में 15 करोड़ डॉलर का खर्च आएगा। हमें उम्मीद है कि सरकार भी पार्टनर बनेगी, जिससे कि हम खर्चे को रिकवर कर सकेंगे।’

    दुनिया में सबसे ज्यादा 1.5 अरब डोज सीरम इंस्टीट्यूट में बनते हैं 
    वैक्सीन के डोज के उत्पादन और दुनियाभर में बिक्री के लिहाज से सीरम इंस्टीट्यूट, पुणे दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन कंपनी है। 53 साल पुरानी यह कंपनी हर साल 1.5 अरब डोज बनाती है। कंपनी के दो बड़े प्लांट पुणे में हैं। हालांकि, कंपनी के नीदरलैंड्स और चेक रिपब्लिक में भी छोटे प्लांट्स हैं। इस कंपनी में करीब 7,000 लोग काम करते हैं।

    165 देशों को दवा सप्लाई करती है
    सीरम कंपनी डेंगू और निमोनिया जैसी बीमारियों से लड़ने के लिए वैक्सीन बना चुकी है। इसके अलावा कंपनी 165 देशों को करीब 20 तरह की वैक्सीन की सप्लाई करती है। यहां निर्मित कुल वैक्सीन का करीब 80% हिस्सा निर्यात किया जाता है।

  • कोटा से लौटते समय बस ट्रेलर से टकराई, एक छात्रा को आईं मामूली चोट, दूसरे बस में किया गया शिफ्ट…

    कोटा से लौटते समय बस ट्रेलर से टकराई, एक छात्रा को आईं मामूली चोट, दूसरे बस में किया गया शिफ्ट…

    रायपुर  लॉकडाउन में राजस्थान के कोटा में फंसे छत्तीसगढ़ के 2 हजार 247 छात्रों को वापस लाया जा रहा है. लेकिन लौटते समय एक बस ट्रेलर से टकरा गई. राहत की बात है कि दुर्घटना मामूली थी. इसमें एक बच्ची को मामूली चोट आई है. बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित है.     

    जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी और सागर के बीच ट्रेलर को साइड देते समय अचानक एक बस का गेट खुल गया. इससे बस ट्रेलर से टकरा गई. घटना में सिर्फ गेट बैंड हुआ है.

    बस में स्टॉफ मिलाकर कुल 28 छात्र सवार थे. इसमें एक बच्ची के हाथ में हल्की चोट आई है. मेडिकल टीम ने बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया है. दुर्घटना ग्रस्त बस दुर्ग जोन की थी. इसमें सवार 28 लोगों को 66 नंबर के बस में शिफ्ट किया गया है. घायल बच्ची राजनांदगांव की बताई जा रही हैं.

  • 2019 बैच के 5 IAS अफसरों को मिली पहली पोस्टिंग, छत्तीसगढ़ की नम्रता जैन बलौदाबाजार की सहायक कलेक्टर बनी….

    2019 बैच के 5 IAS अफसरों को मिली पहली पोस्टिंग, छत्तीसगढ़ की नम्रता जैन बलौदाबाजार की सहायक कलेक्टर बनी….

     2019 बैच के ट्रेनी IAS अफसरों को ट्रेनिंग के बाद जिलों में पहली पोस्टिंग मिल गयी है। सभी को जिलों में सहायक कलेक्टर बनाया गया है। इस बैच में इकलौती छत्तीसगढ़ की IAS नम्रता जैन को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की जिम्मेदारी दी गयी है।

    जितेंद्र यादव को दुर्ग का सहायक कलेक्टर बनाया गया है, जबकि ललितादित्य नीलम को राजनांदगांव, रैना जमील को कांकेर और विश्वदीप को कोरिया जिले का सहायक कलेक्टर बनाया गया है।

    इन सभी ट्रेनी आईएएस अफसरों ने लाल बहादूर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी में प्रथम दौर की ट्रेनिंग पूरी कर ली है। मसूरी से रिलीव होने के बाद सभी ये सभी अधिकारी छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में चार्ज संभालेंगे।

  • लॉकडाउन के दौरान टाइम पास के लिए डाउनलोड की थी डेटिंग ऐप, फिर शुरू हुई ये कहानी…

    लॉकडाउन के दौरान टाइम पास के लिए डाउनलोड की थी डेटिंग ऐप, फिर शुरू हुई ये कहानी…

    लखनऊ। इंस्पेक्टर डीके उपाध्याय के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आ रहा है कि दूसरी तरफ से बात करने वाली भी कोई लड़की नहीं, लड़का ही है. उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है.

    लॉक डाउन (Lockdown) के दौरान टाइमपास (Time Pass) करना लखनऊ (Lucknow) के एक युवक को भारी पड़ गया. वह ऑनलाइन डेटिंग एप के चक्कर में ऐसा फंसा कि अब मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर थाने में गुहार लगा रहा है.

    ऑनलाइन डेटिंग एप किया था डाउनलोड

    इंस्पेक्टर कृष्णा नगर डीके उपाध्याय के मुताबिक मानस नगर निवासी निजी कंपनी में काम करने वाले एक शख्स ने 11 अप्रैल को गूगल प्ले स्टोर से एक डेटिंग एप LAMOUR डाउनलोड की थी. एप डाउनलोड करने के कुछ देर बाद ही युवक के नंबर पर एक अनजान नंबर से अश्लील मैसेज आया. युवक ने उस नंबर पर फोन किया तो दूसरी तरफ से लड़की की आवाज़ थी. बाद में युवक की उस लड़की से अक्सर बातचीत होने लगी. लड़की से बातचीत में अश्लील ऑडियो और वीडियो क्लिप का आदान-प्रदान भी होता था. लॉक डाउन के दौरान युवक इस डेटिंग एप पर लड़की से अश्लील बातचीत कर टाइमपास कर रहा था.

    5 दिन में शुरू हो गई ब्लैकमेलिंग

    बातचीत शुरू होने के 5 दिन बाद लड़की ने युवक से कहा कि उसने सारी अश्लील ऑडियो और वीडियो रिकॉर्ड कर ली है. लड़की बदनामी का डर दिखाकर युवक को ब्लैकमेल करने लगी और पैसे की मांग की. युवक के इनकार पर लड़की ने ऑडियो, वीडियो को यू-ट्यूब पर डालने की धमकी दी.

    सीएम पोर्टल पर की शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच

    इसके बाद परेशान युवक ने मुख्यमंत्री के शिकायत पोर्टल आईजीआरएस पर मामले की शिकायत की. जहां से मामला थाना कृष्णा नगर पुलिस के पास आ गया. कृष्णा नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. इंस्पेक्टर डीके उपाध्याय के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आ रहा है कि दूसरी तरफ से बात करने वाली भी कोई लड़की नहीं, लड़का ही है. उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है.

  • कांग्रेस ने की PM की तारीफ़, 3 मई के बाद आग बढ़ेगा लॉकडाउन ? ट्रंप की मेहनत,  जैसे प्रमुख ख़बरों का देखिए कम्पलीट पैकेज…

    कांग्रेस ने की PM की तारीफ़, 3 मई के बाद आग बढ़ेगा लॉकडाउन ? ट्रंप की मेहनत,  जैसे प्रमुख ख़बरों का देखिए कम्पलीट पैकेज…

    रायपुर। 3 मई के बाद लॉकडाउन आगे बढ़ेगा या नहीं इस पर फैसला मोदी कैबिनेट को करना है. यह फैसला 29 अप्रैल को होने वाली बैठक में लिया जा सकता है. लेकिन संभावनाएं अधिक है कि लॉकडाउन बढ़ सकता है. दूसरी देश के सबसे ताकतवर देश के राष्ट्रपति इन दिनों अपने मिया ही मिट्ठु बन रहे हैं. लेकिन भारत में पीएम मोदी की तारीफ अब उनके विरोधी भी कर रहे हैं. देश-दुनिया की इन तमाम ख़बरों के बीच मौसम विभाग ने भी चेतावनी जारी कर दिया है. इससे जानने के लिए प्रमुख ख़बरों के इस कम्पलीट पैकेज को आप विस्तार से पढ़िए…

     

    ट्रंप ने खुद बताया सबसे मेहनती राष्ट्रपति

    अमेरिका में कोरोना के सर्वाधिक मामले सामने के बाद से डोनाल्ड ट्रंप अपने देश में घिर गए हैं. ट्रंप की नीतियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं. उनके विरोधी उनकी जमकर आलोचना कर रहे हैं. इन स्थितियों के बीच ट्रंप ने खुद की ही तारीफ में एक ट्वीट किया है. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है- जो लोग मुझे जानते हैं वो कहते हैं कि मैं अमेरिका का सबसे मेहनती राष्ट्रपति हूं. मुझे इसकी जानकारी नहीं, लेकिन मैं मेहनत बहुत करता हूं. राष्ट्रपति कार्यकाल के शुरुआती साढ़े तीन साल में मैंने इसे साबित किया है. दरअसल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते दिनों कोरोना से निपटने के लिए कुछ सुझाव दिए थे. जिनकी काफी आलोचना हुई थी, ट्रंप ने कहा था कि डेटोल, लिजॉल से भी कोरोना वायरस ठीक हो सकता है. गौरतलब है कि अमेरिका में अब तक 10 लाख के करीब संक्रमित मिल चुके हैं. वहीं 55 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

    ब्रिटिश PM बोरिस जॉनसन हुए ठीक

    ब्रिटिश मीडिया के अनुसार प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कोरोना संक्रमण को मात दे दी है. वे अब पूरी तरह से ठीक हो गए हैं. उन्होंने अपना काम-काज भी संभाल लिया है.  कोरोना संक्रमण के लक्षण सामने आने के बाद उन्होंने 27 मार्च को खुद को आइसोलेट कर लिया था. अस्पताल में भर्ती होने के बाद पीएम जॉनसन को डॉक्टरों ने 3 दिन आईसीयू में भी रखा था. इसके बाद 12 अप्रैल को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था. इससे पहले, ब्रिटिश मीडिया में दावा किया गया था कि बोरिस जॉनसन सोमवार से काम पर लौट सकते हैं. वहीं ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने भी इस पर बयान जरी किया था कि मैंने जॉनसन से बात की है. वह खुश हैं और निश्चित तौर पर उनके स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है.

    आगे बढ़ सकता है लॉकडाउन

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा की. वीडियो कान्फ्रेंसिंग में पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना संकट और लॉकडाउन की स्थितियों को लेकर चर्चा की. मोदी ने कहा कि देश को लॉकडाउन का लाभ मिला है. भारत की स्थिति बाकी देशों के मुकाबले काफी बेहतर है. उन्होंने लॉकडाउन आगे बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्रियों से राय भी जानी. सूत्रों के मुताबिक अधिकतर राज्यों ने लॉकडाउन आगे बढ़ाने पर अपनी सहमति जताई है. हालांकि प्रधानमंत्री ने इस पर अभी कोई फैसला नहीं लिया है. संभवतः इस पर फैसला 29 अप्रैल को आयोजित कैबिनेट में मोदी ले सकते हैं. आपको बता दें कि वर्तमान में केंद्र और राज्य सरकारें आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और लोगों को राहत देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों को क्रमिक छूट दे रही हैं.

    राहुल गांधी ने लगाया आरोप

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रैपिड टेस्टिंग किट में घोटाला होने का आरोप लगाया है. राहुल गांधी का आरोप है कि कांउसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) को जो रैपिड टेस्टिंग किट बेची गई, वह काफी महंगे दाम की थीं जिसपर सवाल खड़े हो रहे हैं.
    राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि- जब समूचा देश कोरोना वायरस आपदा से लड़ रहा है, तब भी कुछ लोग मुनाफा कमाने से नहीं चूकते. इस भ्रष्ट मानसिकता पर शर्म आती है, घिन आती है. हम PM से माँग करते हैं कि इन मुनाफ़ाख़ोरों पर जल्द ही कड़ी कार्यवाही की जाए. देश उन्हें कभी माफ़ नहीं करेगा. इसी तरह से प्रियंका गांधी ने भी उत्तप्रदेश में रैपिड टेस्टिंग किट की खरीदी को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है.

    कांग्रेस ने की मोदी सरकार की तारीफ

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी हमेशा से मोदी सरकार के खिलाफ संसद के अंदर और बाहर नकारात्मक टिप्पणी ही करते रहते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण से लड़ने में मोदी सरकार की तारीफ कर सबको चकित कर दिया है. धीर रंजन चौधरी ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए मोदी सरकार के उठाए कदमों की तारीफ करते हुए कहा कि भारत एक ऐसी जगह हैं, जहां 130 करोड़ की आबादी बसती है. बावजूद इसके भारत सरकार ने इस खतरनाक वायरस से लड़ने के लिए महान कदम उठाए हैं. यही हम इसी तरह के कदम उठाते रहे तो भारत अनेक देशों को पीछे छोड़ विश्व का नेता बन जाएगा.

    मंगलवार की सुबह रायपुर पहुँचेंगे विद्यार्थी

    राजस्थान के कोटा में फंसे 2 हजार 247 छात्रों को वापस छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है. बसों का काफिला मंगलवार सुबह तड़के रायपुर समेत कई संभागों में बसें पहुंच जाएंगी. उनके साथ पुलिस और डॉक्टरों की टीम भी है. सभी छात्रों को 14 दिन तक 4 जिलों के मुख्यालयों में क्वारंटाइन पर रखा जाएगा.बता दें कि 24 अप्रैल को छात्र-छात्राओं को कोटा से लाने के लिए कुल 97 बसों को भेजा गया था. इसमें 95 बस छात्रों के लिए और 2 बसों में डाॅक्टर-चिकित्सा दल के सदस्यों के लिए है. कोटा से वापस आने पर इन बच्चों को 14 दिन के क्वारेंटाइन पर रखा जाएगा. उन्हें सीधे घर जाने की अनुमति नहीं होगी. सभी के रहने और खाने की व्यवस्था सरकार करेगी. अभिभावक परिवहन विभाग के मोबाइल नम्बर 8959088986 पर सम्पर्क कर सकते हैं.

    कोरोना संकट में RBI की ओर से एक और मदद

    कोरोना संकट के बीच भारतीय रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया ने एक और बड़ी मदद की है. आरबीआई ने आर्थिक चुनौतियों के बीच म्युचुअल फंड सेक्टर को 50 हजार करोड़ रुपए की स्पेशल लिक्विडिटी फैसिलिटी के तहत मदद दी है. बता दें कि म्युच्युअल फंड सेक्टर को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. रिज़र्व बैंक ने एक बयान में कहा कि इस बढ़ते दबाव के चलते म्यूचुअल फंड कंपनियों को कुछ बांड योजनाओं को बंद करना पड़ा है. इसके और नुकसानदायक प्रभाव भी हो सकते हैं. हालांकि यह दबाव मुख्य तौर पर ज्यादा जोखिम वाले बांड म्यूचुअल फंड तक ही सीमित है, जबकि अन्य कंपनियों / योजनाओं की नकदी स्थिति सामान्य है.बयान में कहा गया है, ‘‘म्यूचुअल फंड कंपनियों पर नकदी के दबाव को कम करने के लिए उन्हें 50,000 करोड़ रुपये की विशेष नकदी सुविधा (ऋण सहायता) उपलब्ध कराने का निर्णय किया गया है.

    मौसम विभाग ने दी चेतावनी

    छत्तीसगढ़ में अभी मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदलते रहेगा. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी. मौसम विभाग की ओर से यह चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर एक चक्रीय चक्रवाती घेरा शून्य दशमलव 9 किलोमीटर तक स्थित है. साथ ही एक द्रोणिका विदर्भ से लेकर दक्षिण अंदरूनी तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर तक स्थित है. ऐसी स्थिति में कुछ स्थानों पर तेज हवा,आकाशीय बिजली गिरने और ओला गिरने की संभावना है. मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा बारिश आज होगी और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कम बारिश होगी..इसके अलावा मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान में गिरावट आएगी.