Blog

  • शासन का बड़ा फेरबदल: धरमजयगढ़ के SDOP सिद्धांत तिवारी सहित 10 DSP पुलिस कर्मियों की ACB में पोस्टिंग, देखें लिस्ट…

    शासन का बड़ा फेरबदल: धरमजयगढ़ के SDOP सिद्धांत तिवारी सहित 10 DSP पुलिस कर्मियों की ACB में पोस्टिंग, देखें लिस्ट…

    छत्तीसगढ़ शासन ने भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराधों के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह (पुलिस) विभाग के 10 DSP स्तर के पुलिस अधिकारियों को राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। इस महत्वपूर्ण सूची में सबसे चर्चित नाम धरमजयगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री सिद्धांत तिवारी का है। अपने कार्यकाल में 100 से अधिक हत्या के मामलों की गुत्थी सुलझाने वाले इस तेजतर्रार अधिकारी को अब राज्य में भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

    शासन ने जारी किया आधिकारिक आदेश

    सामान्य प्रशासन विभाग, महानदी भवन (नवा रायपुर) द्वारा जारी आदेश (क्र. GENCOR/1224/2025-GAD-7) के अनुसार, माननीय मुख्यमंत्री के अनुमोदन के पश्चात इन 10 पुलिस कर्मियों की सेवाएं EOW/ACB रायपुर को सौंपी गई हैं। इस सूची में श्री सिद्धांत तिवारी (डीडी-2019) का नाम प्रमुखता से शामिल है।

    धरमजयगढ़ में रहा बेमिसाल कार्यकाल

    धरमजयगढ़ में एसडीओपी के पद पर रहते हुए सिद्धांत तिवारी ने अपनी कार्यशैली से एक अलग छाप छोड़ी। उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उनके नेतृत्व में 100 से अधिक जटिल और संवेदनशील हत्या के मामलों का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया गया। इसे राज्य पुलिसिंग में एक बड़ी और असाधारण उपलब्धि माना जा रहा है।

    जनता में बढ़ा विश्वास, अपराधियों में रहा खौफ

    श्री तिवारी की पहचान सिर्फ गंभीर अपराधों को सुलझाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने आम जनता और पुलिस के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण भी किया। उनके दिशा-निर्देशन में हुई लगातार और बड़ी पुलिस कार्रवाइयों के कारण क्षेत्र के अपराधियों में कानून का भारी खौफ पैदा हुआ, जिससे इलाके में शांति और सुरक्षा का माहौल बना।

    अब भ्रष्टाचारियों पर होगा कड़ा प्रहार

    अपराधियों के हौसले पस्त करने वाले सिद्धांत तिवारी को अब एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में नई तैनाती मिली है। उनके शानदार और बेदाग ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि वे भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराधों के खिलाफ भी उसी सख्ती, सूझबूझ और प्रभाव के साथ कार्रवाई करेंगे।

  • IPS की बेटी और क्लासमेट की तारीफ में सुंदर लिखना अपराध नहीं, छात्र के खिलाफ दर्ज FIR रद्द : हाईकोर्ट

    IPS की बेटी और क्लासमेट की तारीफ में सुंदर लिखना अपराध नहीं, छात्र के खिलाफ दर्ज FIR रद्द : हाईकोर्ट

    कर्नाटक। हाईकोर्ट ने कॉलेज के एक 20 साल के छात्र के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द कर दिया। छात्र ने अपनी महिला क्लासमेट की तारीफ करते हुए उसे एक प्राइवेट इंस्टाग्राम मैसेज भेजा था। कोर्ट ने कहा कि निजी बातचीत में ‘जेन जेड की भाषा’ का इस्तेमाल करने को स्टॉकिंग, वॉयरिज्म या किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसा अपराध नहीं माना जा सकता। जस्टिस एम. नागप्रसन्ना की सिंगल-जज बेंच ने कहा कि सिर्फ़ इसलिए आपराधिक कानून लागू नहीं किया जा सकता कि किसी छात्र ने निजी बातचीत में अपनी क्लासमेट की तारीफ की हो।

    उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मुकदमों का युवा लोगों के भविष्य पर बुरा असर पड़ सकता है। यह मामला याचिकाकर्ता और उसकी 21 साल की क्लासमेट के बीच इंस्टाग्राम पर हुई बातचीत से जुड़ा था; दोनों दोस्त थे और एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। याचिकाकर्ता ने उसे डायरेक्ट मैसेज भेजकर ‘प्रिटी’ (प्यारी) और ‘ब्यूटीफुल’ (सुंदर) कहा था, जिसे कोर्ट ने “जेन-जी लिंगो” (आजकल की पीढ़ी की भाषा) बताया।

    कोर्ट के रिकॉर्ड के मुताबिक, यह निजी मैसेज बाद में शिकायतकर्ता के पिता को दिखाया गया, जो एक सीनियर आईपीएस अधिकारी हैं। इसके बाद छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने उस पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट की धारा 66ए के तहत मामला दर्ज किया। मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस नागप्रसन्ना ने कहा कि बातचीत सार्वजनिक नहीं थी और इस्तेमाल की गई भाषा आज के छात्रों के बातचीत के तरीके को दिखाती है।भौगोलिक संदर्भ

    कोर्ट ने कहा, “यह चैट सार्वजनिक नहीं है। यह दो लोगों के बीच की बातचीत है। इसमें इस्तेमाल की गई भाषा वैसी ही है जैसी आजकल के छात्र इस्तेमाल करते हैं। इसे अपराध नहीं माना जा सकता।” हाई कोर्ट ने कहा कि निजी बातचीत में की गई तारीफ अपने आप में स्टॉकिंग (पीछा करना), वॉयरिज्म (किसी को छिपकर देखना) या किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसा अपराध नहीं बनती।कोर्ट ने यह भी कहा कि आपराधिक कार्यवाही जारी रखने की इजाजत देना कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा और इससे याचिकाकर्ता का भविष्य बेवजह खतरे में पड़ सकता है। इसके बाद, कोर्ट ने एफआईआर रद्द कर दी और जांच अधिकारी को निर्देश दिया कि वे जब्त की गई सभी चीजें, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी शामिल हैं, तुरंत याचिकाकर्ता को लौटा दें।

  • टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग अब ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से ‘लोकल पास’ खरीद सकेंगे…

    टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग अब ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से ‘लोकल पास’ खरीद सकेंगे…

    भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने बताया है कि, टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग अब ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से ‘लोकल पास’ खरीद सकेंगे।

    रायपुर। देशभर में टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासी अब ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से ‘लोकल पास’ खरीद सकेंगे। इस पास की मदद से वे संबंधित टोल प्लाजा से महीनेभर असीमित यात्रा कर सकेंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने यह जानकारी दी।

    22 भारतीय भाषाओं में शिकायत
    बयान में कहा गया कि उपयोगकर्ता 22 भारतीय भाषाओं में अपनी शिकायत, सुझाव या सवाल लिख या बोलकर दर्ज करा सकते हैं। मंच उन्हें संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएगा या उपयुक्त सेवा तक पहुंचने में सहायता करेगा।

    हाईवे सफर होगा और आसान
    ‘राजमार्गयात्रा’ एप के जरिए यात्री फास्टटैग ब्लैकलिस्ट स्टेटस भी देख सकेंगे, लंबित ई-नोटिस की जानकारी ले सकेंगे। एनएचएआई का मानना है कि इन नई डिजिटल सुविधाओं से राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर पहले से अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।

    ‘मार्ग मित्र’ सहायता केंद्र
    राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से एनएचएआई ने ‘मार्ग मित्र’ सहायता केंद्र भी शुरू किया है। इस मंच को ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल एप में ही एकीकृत किया गया है। एनएचएआई के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए एकल खिडकी मंच के रूप में विकसित ‘मार्ग मित्र’ यात्रियों को जानकारी प्राप्त करने, सहायता मांगने और शिकायत दर्ज कराने की कराने की सुविधा देगा।

  • कॉकरोच जनता पार्टी के आगे मोदी सरकार झुकी! CJP के अल्टीमेटम पर कहा- जब चाहेंगे, तब बातचीत के लिए तैयार….

    कॉकरोच जनता पार्टी के आगे मोदी सरकार झुकी! CJP के अल्टीमेटम पर कहा- जब चाहेंगे, तब बातचीत के लिए तैयार….

    Cockroach Janata Party Protest: कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के प्रदर्शन के आगे मोदी सरकार (Modi government) झुक गई है। सरकार कॉकरोच जनता पार्टी से बातचीत के लिए तैयार हो गई है। यहां तक कि सरकार सीजेपी के मुताबिक बातचीत के लिए तैयार हो गई है। दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा (JP Nadda) ने सोनम वांगचुक से करीब 45 मिनट तक मुलाकात की। इसके बाद नड्डा ने कहा कि CJP के लोग जब भी चाहेंगे, सरकार बातचीत के लिए तैयार है।

    CJP ने भी सरकार के बातचीत के प्रस्ताव पर सहमति जताई है। CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि संगठन सरकार से बातचीत करने के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने इसके लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं।

    CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सरकार ने पहले यह दावा किया था कि CJP बातचीत नहीं करना चाहती, लेकिन अब सरकार ने खुद साफ कर दिया है कि वह बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जब सरकार बातचीत के लिए तैयार है तो अब इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकता है। CJP प्रवक्ता ने कहा कि संगठन किसी भी नेता के घर या दफ्तर में जाकर बैठक नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अगर बातचीत करनी है तो या तो सरकार के प्रतिनिधि जंतर-मंतर आएं या फिर किसी सामान्य जगह पर बैठक हो सकती है। उन्होंने इसके लिए कांस्टीट्यूशन क्लब जैसी जगह का भी सुझाव दिया।

    अपनी शर्त पर करेंगे बातः CJP प्रवक्ता

    सौरव दास ने बताया कि दिल्ली पुलिस के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने CJP से संपर्क किया था। पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि सरकार बातचीत करना चाहती है, लेकिन उन्होंने कहा कि CJP नेता बातचीत के लिए किसी नेता के घर नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदर्शन शुरू होने के पहले ही दिन बातचीत करनी चाहिए थी। सौरव दास ने कहा कि कल भी सरकार की ओर से बातचीत का प्रस्ताव आया था। उन्होंने कहा कि सभी लोग पढ़े-लिखे हैं और उन्हें पता है कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के जरिए ही निकाला जा सकता है।

  • बुजुर्ग महिला को अकेला पाकर घर में घुसा अज्ञात चोर, गला दबाकर सोने का लॉकेट लूटा; हालत गंभीर…

    बुजुर्ग महिला को अकेला पाकर घर में घुसा अज्ञात चोर, गला दबाकर सोने का लॉकेट लूटा; हालत गंभीर…

    पुसौर। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम कंवरिहा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर में अकेली रहने वाली लगभग 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला हंस कुमारी पटेल को निशाना बनाते हुए एक अज्ञात चोर ने बाड़ी के रास्ते घर में घुसकर हमला कर दिया और लगभग 50,000 रुपये कीमत का सोने का लॉकेट (पदक) लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    बाड़ी में छिपा था बदमाश, खांसने की आवाज सुन जैसे ही देखा…
    मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता हंस कुमारी पटेल (पति स्व. दानीराम पटेल) गांव में अकेली रहती हैं। उनकी इकलौती बेटी कृष्णा पटेल की शादी डभरा तहसील में वकालत करने वाले घासीलाल पटेल से हुई है। घटना 20 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे की है। बुजुर्ग महिला जब बाथरूम से निकलकर अपने कमरे की ओर लौट रही थीं, तभी उन्हें घर के पीछे (जहां लकड़ी व खाद रखा रहता है) किसी के खांसने की आवाज सुनाई दी। जब महिला ने टॉर्च की रोशनी से देखना चाहा, तो पहले से छिपा बैठा एक काले हुलिए का अज्ञात बदमाश पीछे से आया और उनका गला दबाकर खींच दिया।

    हमले से बेहोश हुई महिला, लॉकेट छीन भागा चोर
    अचानक हुए हमले से वृद्धा जमीन पर गिर गईं। इस धक्का-मुक्की में उनके गले की सोने की माला टूटकर गिर गई। महिला के चिल्लाने पर आरोपी ने जमीन पर गिरा लगभग 14 माशा वजनी सोने का लॉकेट (कीमत करीब ₹50,000) उठाया और मौके से रफूचक्कर हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और पीड़िता का भतीजा विजय पटेल का परिवार मौके पर पहुंचा। वृद्धा सदमे और चोट के कारण अचेत अवस्था में पड़ी हुई थीं।

    अपेक्स अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
    परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में अचेत महिला को रायगढ़ के अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता के दामाद घासीलाल पटेल और बेटी कृष्णा पटेल अस्पताल पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

    पुसौर थाना पुलिस ने दामाद घासीलाल पटेल की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में आरोपी की पतासाजी में जुट गई है।

  • रायगढ़ पुलिस की ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में बड़ी सफलता : सहारा इंडिया फ्रॉड का 3 साल से फरार ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार, ₹40.78 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला…

    रायगढ़ पुलिस की ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में बड़ी सफलता : सहारा इंडिया फ्रॉड का 3 साल से फरार ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार, ₹40.78 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला…

    रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश घोटाले में लगभग तीन वर्षों से फरार चल रहे सहारा इंडिया कबीर चौंक रायगढ़ के ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को कोतरारोड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को 20 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

    मामले में वर्ष 2022 में शिकायतकर्ता विकास निगानिया पिता दिनेश निगानिया उम्र 35 वर्ष निवासी कृष्णा विहार कालोनी रायगढ द्वारा थाना कोतवाली में 29 सिंतबर 2022 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि सहारा इंडिया के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कंपनी की विश्वसनीयता और आरबीआई से अधिकृत होने का झूठा विश्वास दिलाकर उनसे, उनकी माता तथा पत्नी से वर्ष 2017 के दौरान लगभग ₹40 लाख विभिन्न योजनाओं में निवेश कराया। बाद में परिपक्वता अवधि पूरी होने के बावजूद राशि वापस नहीं की गई। जांच में यह भी सामने आया कि निवेशकों से रकम सहारा इंडिया के नाम पर लेकर विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉण्ड जारी किए गए और निवेशकों के साथ सुनियोजित धोखाधड़ी की गई।

    विवेचना के दौरान जिला प्रशासन, विभिन्न बैंकों, मंत्रालयों तथा निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर सहारा इंडिया समूह के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, सेक्टर मैनेजरों एवं रीजनल अधिकारियों की संलिप्तता पाई गई। मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा धोखाधड़ी में संलिप्त आरोपी- सहारा इंडिया कंपनी रायगढ़ के पूर्व शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश शर्मा, पूर्व शाखा प्रबंधक खरसिया पुष्पेन्द्र कुमार साहू, कंपनी डायरेक्टर करूणेश अवस्थी, सेक्टर मैनेजर अमृत लाल श्रीवास और दिनांक 06.072024 को सहारा इंडिया कंपनी बिलासपुर के रीजनल मैनेजर रजनीष तिवारी  को गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश रायगढ़ के न्यायालय में चालान पेश किया गया है।

    आरोपी से पुलिस ने उसके आई कार्ड, नियुक्ति एवं कार्य आदेश संबंधी दस्तावेज, बैंक खाते, जमीन संबंधी दस्तावेज, धोखाधड़ी रकम से क्रय की हुई कार एवं मोटर सायकल को जप्त किया गया है। जांच में रायगढ़ जिले सहित अन्य जिलों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर अब तक 3,848 निवेशकों के लगभग ₹40,78,16,739 की धोखाधड़ी का खुलासा हो चुका है। मामले में फरार आरोपियों की लगातार तलाश जारी है। प्रकरण में सहारा इंडिया कंपनी रायगढ़ कबीर चौंक रायगढ़ के ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ (54 वर्ष), निवासी विकास नगर, कोतरारोड़, रायगढ़ फरार होकर लुक छिप रहा था। ऑपरेशन क्लीन हंट में फरार आरोपी के ससुराल कोतरारोड़ आने की मुखबीर सूचना पर तत्काल कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लिया गया।

    पूछताछ में उसने अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों को स्वीकार किया। उसके कब्जे से सहारा इंडिया कंपनी के फ्रेंचाइजी कार्यालय कबीर चौक के विकास एवं प्रशासन संबंधी आदेश पत्र तथा कंपनी से संबंधित एमओयू की प्रतियां जब्त की गईं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर कल न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सहारा इंडिया निवेश घोटाले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है तथा प्रकरण में उपलब्ध होने वाले नए साक्ष्यों के आधार पर आगे भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की पतासाजी गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एएसआई विल्फ्रेड मसीह और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

    एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
    “निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। रायगढ़ पुलिस आर्थिक अपराधों में फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही है। आम जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”

  • ‘माधवप्रिया प्रसादम’ रेस्टोरेंट का भव्य शुभारंभ, बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिक…

    ‘माधवप्रिया प्रसादम’ रेस्टोरेंट का भव्य शुभारंभ, बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिक…

     

    खरसिया। रायगढ़ चौक स्थित आईसीआईसीआई बैंक के सामने स्थित ‘माधवप्रिया प्रसादम’ रेस्टोरेंट का मंगलवार शाम भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, व्यापारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे और लजीज व्यंजनों का आनंद लिया।

    कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश एवं भगवान जगन्नाथ के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। नगर की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर प्रेमा षाड़ंगी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर रेस्टोरेंट का शुभारंभ किया तथा संचालकों को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। रेस्टोरेंट के संचालकों गुलाब गुप्ता, विपिन गुप्ता एवं सचिन गुप्ता ने बताया कि माधवप्रिया के नए प्रतिष्ठान प्रसादम में ग्राहकों को शुद्ध शाकाहारी भोजन, स्वादिष्ट स्वीट्स, बेकरी उत्पाद एवं फैमिली डाइनिंग की उत्कृष्ट सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता, स्वच्छता और आत्मीय सेवा उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।

    उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने रेस्टोरेंट की आधुनिक साज-सज्जा एवं आकर्षक वातावरण की सराहना करते हुए इसे खरसिया के लोगों के लिए एक बेहतरीन सौगात बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया गया तथा उन्हें रेस्टोरेंट के विशेष व्यंजनों का स्वाद कराया गया। इस अवसर पर गुप्ता परिवार के साथ नगर के वरिष्ठ तथा गणमान्य नागरिक भारी संख्या में मौजूद रहे और संचालकों को बधाइयाँ एवम शुभकामनाएं दी।

  • सड़क दुर्घटना में खरसिया पुलिस की सख्त कार्रवाई, दुघटनाकारित करने वाले स्कॉर्पियो चालक पर गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज…

    सड़क दुर्घटना में खरसिया पुलिस की सख्त कार्रवाई, दुघटनाकारित करने वाले स्कॉर्पियो चालक पर गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज…

     

    खरसिया। सड़क दुर्घटना के एक मामले में चौकी खरसिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक के विरुद्ध अपराधिक मानव वध का प्रयास की श्रेणी का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

    एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर सड़क दुर्घटना के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है । इसीड़ी में चौकी खरसिया पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक गंभीर मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक के विरुद्ध अपराधिक मानव वध का प्रयास की श्रेणी का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

    जानकारी के अनुसार प्रार्थी योगेश गर्ग निवासी टी.आई.टी. कॉलोनी, खरसिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 06 जुलाई 2026 की शाम लगभग 5:45 बजे उनके बड़े पिता कैलाश गर्ग (73 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल से मंगल बाजार से राठौर चौक की ओर जा रहे थे। राठौर चौक के समीप पीछे से तेज गति एवं लापरवाही से आ रही स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 13 AY 6539 के चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन चालक मोटरसाइकिल को लगभग 200 से 250 फीट तक घसीटते हुए ले गया, जिससे कैलाश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, वर्तमान में गंभीर अवस्था में ईलाजरत हैं ।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन, मार्गदर्शन पर चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा आरोपी स्कार्पियो वाहन चालक भीष्म कुमार यादव (34 वर्ष) निवासी ग्राम उपनी, थाना डभरा, जिला सक्ती को 21 जुलाई 2026 को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 13 AY 6539 को जब्त किया गया । गौरतलब है कि घटना समय आरोपी वाहन चालक शराब के नशे में थाना जिस पर साक्ष्य एवं विवेचना के आधार पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 MV Act बढाई गई तथा आरोपी को गिरफ्तार किया तथा प्रकरण में साक्ष्य अनुरूप अपराधिक मानव वध का प्रयास सहित प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

    एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन पर संपूर्ण कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई मनोज पटेल एवं चौकी खरसिया टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।

    एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश

    “सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार किसी की जान छीन सकती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस कठोर वैधानिक कार्रवाई करेगी। वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और दूसरों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें।”

  • नितिन गडकरी बोले-नहीं चाहिए एथेनॉल तो खरीदें शुद्ध पेट्रोल, लेकिन देना होगा ज्यादा पैसा…

    नितिन गडकरी बोले-नहीं चाहिए एथेनॉल तो खरीदें शुद्ध पेट्रोल, लेकिन देना होगा ज्यादा पैसा…

    नई दिल्ली। देश में E20 (एथेनॉल) मिले हुए पेट्रोल को लेकर चर्चाओं के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का बड़ा बयान सामने आया है। नितिन गडकरी ने कहा है कि यदि किसी को एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल नहीं चाहिए, तो वह शुद्ध पेट्रोल खरीद सकता है, लेकिन उसके लिए उसे अधिक कीमत चुकानी होगी। यह बात गडकरी ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान कही है। बता दें कि नितिन गडकरी कह चुके है कि एथेनॉल मिले हुए ईंधन के चलते वाहन खराब होने की समस्या नहीं आई है।

    बदनामी के पीछे सोची-समझी साजिश: गडकरी

    सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को भ्रामक बताते हुए गडकरी ने कहा कि यह पूरी तरह से एक दुष्प्रचार है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर मुझे और सरकार को निशाना बना रहे हैं। E20 ईंधन को लेकर यह डर फैलाया जा रहा है कि इससे गाड़ियों के इंजन खराब हो जाएंगे, जबकि सच्चाई यह है कि सभी E10 गाड़ियां E20 ईंधन के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि E20 ईंधन को उचित परीक्षण के बाद लॉन्च किया गया है। माइलेज की बात करें तो, दिल्ली या मुंबई के शहरी यातायात में काई खास बदलाव नहीं दिखेगा, हालांकि हाईवे पर तेज गति से गाड़ी चलाते समय थोड़ा माइलेज कम हो सकता है।

    परिवार पर लगे आरोपों पर क्या बोले गडकरी

    गडकरी ने खुद पर और सरकार पर लग रहे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें ‘राजनीति से प्रेरित’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि एथेनॉल ब्लेंडिंग आज का फैसला नहीं है। वाजपेयी सरकार से शुरू होकर यूपीए सरकार के दौरान मणिशंकर अय्यर तक ने इसका नीतिगत समर्थन किया था। खुद पर लगे आरोपों पर गडकरी ने कहा कि उनके बेटों के व्यवसाय में एथेनॉल का हिस्सा सिर्फ 10 प्रतिशत है और देश के कुल उत्पादन में उनकी हिस्सेदारी मात्र 0.5 प्रतिशत से भी कम है। इस व्यवसाय के प्रबंधन, एथेनॉल की कीमतें तय करने या इसकी खरीद प्रक्रिया से मेरा कोई दूर-दूर तक संबंध नहीं है। कीमतें कैबिनेट तय करती है।

    क्या प्रदूषण कम करने के उपायों का समर्थन नहीं करना चाहिए?

    गडकरी ने कहा कि मैं वैकल्पिक ईंधनों का प्रबल समर्थक हूं। चाहे वह एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल हो, इलेक्ट्रिक वाहन हों, मेथनॉल हो या हाइड्रोजन। दिल्ली जैसे महानगरों में सबसे ज्यादा वायु प्रदुषण वाहनों से फैलता है। ऐसे में क्या सड़क परिवहन मंत्रालय को प्रदूषण कम करने वाले कदमों का समर्थन नहीं करना चाहिए? इससे भारत की महंगे कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता भी कम होगी। उन्होंने दुनिया का उदाहरण देते हुए कहा कि जब ब्राजील दशकों से एथेनॉल का इस्तेमाल कर रहा है और वहां की गाड़ियों को कोई दिक्कत नहीं हुई, तो भारत में भ्रम क्यों फैलाया जा रहा है? इंडोनेशिया और थाईलैंड जैसे देश भी अब जैव ईंधन की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं।

  • बिलासपुर में इतना पानी की कॉलोनी में चलने लगी नाव, कलेक्टर बंगला समेत कई इलाके डूबे, ट्रेनें रद्द…

    बिलासपुर में इतना पानी की कॉलोनी में चलने लगी नाव, कलेक्टर बंगला समेत कई इलाके डूबे, ट्रेनें रद्द…

     छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लगातार हो रही बारिश से शहर में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। SDRF की टीम लगातार पानी में फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में जुटी हुई है। सरकंडा और चांटीडीह के नीचले इलाके से 40 से अधिक लोगों का बचाया गया है। भारी बारिश से कलेक्टर बंगले में भी पानी भर गया। जहां नगर निगम की टीम जल निकासी में जुटी हुई है।

    Chhattisgarh Rainfall: कई प्रमुख सड़कें डूबी

    गुरुवार दोपहर से जारी लगातार बारिश से शहर की जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। रात में मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। लगातार तेज बारिश के कारण कई प्रमुख सड़के डूब गई। इधर कई मोहल्लों, कॉलोनियों और मुख्य मार्गों पर पानी भर गया। कई जगह सड़क और नाले का अंतर खत्म हो गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। कई ट्रांसफॉर्मर जलमग्न हो गए हैं।

    कई ट्रेनें प्रभावित

    बारिश के कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल रेलवे स्टेशन और ट्रैक पर पानी भर गया। जिसके चलते कई ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पांच मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि तीन ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जा रहा है। इनमें ट्रेन नंबर 68734 बिलासपुर-कोरबा मेमू, ट्रेन नंबर 68733 कोरबा-बिलासपुर मेमू, ट्रेन नंबर 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू, ट्रेन नंबर 68746 रायपुर-बिलासपुर मेमू, ट्रेन नंबर 68745 बिलासपुर-रायपुर मेमू है।

    3 ट्रेनों का बदला संचालन

    68735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू को चांपा स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया गया।
    68738 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू अब चांपा स्टेशन से रायगढ़ के लिए रवाना होगी।
    68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू को दाधापारा स्टेशन से ही वापस रायपुर के लिए रवाना किया गया।

    स्कूलों में छुट्टियां

    जिला प्रशासन ने बारिश बारिश के चलते बिगड़े हालात को देखते हुए बिलासपुर के कई स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है। घरों, इलाकों के अलावा नेशनल हाइवे में भी सड़क के उपर से पानी बह रहा है। नेशनल हाइवे Nh-49 मस्तूरी बिलासपुर के पास पानी अधिक होने से कई वाहन सड़क पर फंस गए हैं। बारिश के चलते हाइवे पर लंबा जाम लगने से यातायात प्रभावित हो गया है।

    लीलागर नदी का कुटीघाट पुल खतरे के निशान से ऊपर, आवागमन प्रभावित

    लगातार हो रही बारिश के कारण लीलागर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी पर स्थित कुटीघाट पुल खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो गया है। यह पुल बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। जलस्तर बढ़ने के कारण पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है।

    स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पुल पार करने का प्रयास न करने की सलाह दी गई है। जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।

    यातायात पुलिस ने किया अलर्ट

    भारी बारिश के चलते बिगड़े हालात पर बिलासपुर यातायात पुलिस ने सफर करने से बचने की अपील की है। पुलिस ने जलभराव वाले जगहों को लेकर एक पोस्टर जारी किया है। जिसके चलते लोगों को अलर्ट किया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से अब तक बिलासपुर जिले में 325.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले 10 वर्षों के औसत का 92.4 प्रतिशत है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों से सतर्क रहने

    और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।