Blog

  • रायगढ़ की सौम्या शर्मा ने कथक से बिखेरी शास्त्रीय नृत्य की छटा….

    रायगढ़ की सौम्या शर्मा ने कथक से बिखेरी शास्त्रीय नृत्य की छटा….


    रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के छठवें दिन मंच पर रायगढ़ की कु.सौम्या शर्मा ने अपनी अद्भुत कथक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने तीन ताल में गणेश वंदना, जयपुर घराने के तोड़े-तुकड़े, 16 चक्कर, जुगलबंदी फुटवर्क और राग केदार पर एक तराना प्रस्तुत किया। उनकी भाव-भंगिमाओं, ताल-लय और पदचाप ने दर्शकों का दिल जीत लिया।


            बता दे कि कु. सौम्या शर्मा ने अपनी गुरु श्रीमती पूजा जैन प्रयाग संगीत समिति से पंचम वर्ष तक कथक की शिक्षा प्राप्त की है और लगातार साधना जारी रखी है। सौम्या को अब तक अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर सम्मानित किया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है।

  • मुख्यमंत्री ने खरसिया में किया रेलवे ओवरब्रिज सहित 66.84 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन….अटल जी की प्रतिमा का अनावरण और अटल परिसर का हुआ लोकार्पण….

    मुख्यमंत्री ने खरसिया में किया रेलवे ओवरब्रिज सहित 66.84 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन….
    अटल जी की प्रतिमा का अनावरण और अटल परिसर का हुआ लोकार्पण….


    खरसिया में 20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा….
    रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के लिए तकनीकी सर्वे कराने की घोषणा….

    खरसिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज खरसिया में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे ओवरब्रिज सहित 66.84 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने 20 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा भी की। इनमें खरसिया के कबीर चौक से डभरा रोड तक बाईपास सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्विमिंग पूल सहित अन्य सुविधाओं की मरम्मत के लिए 2 करोड़ तथा खरसिया नगर पालिका क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों के लिए 8 करोड़ रुपये की घोषणा शामिल है।
    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खरसिया में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया तथा अटल परिसर का लोकार्पण भी किया। साथ ही उन्होंने रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के लिए तकनीकी सर्वे कराए जाने की भी घोषणा की।


    मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ से उनका 20 वर्षों का पारिवारिक संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नगरीय निकायों में मिली जीत अटल विश्वास पत्र के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्र के विकास के लिए सात से आठ हजार करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। अटल विश्वास पत्र में की गई एक-एक घोषणा को पूरा किया जा रहा है। मोदी जी की अधिकांश गारंटियाँ पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रत्येक माह 1000 रुपये दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों से खरीदी मूल्य 4000 से बढ़ाकर 5500 रुपये कर दिया गया है। 5.62 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रति वर्ष 10-10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर पर भी अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग और शासकीय सेवाएँ गांव-गांव तक पहुँच रही हैं। 1460 पंचायतों में यह सुविधा प्रारंभ हो चुकी है, जहाँ न केवल पैसों का लेन-देन संभव है, बल्कि आय, भूमि, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जैसी सेवाएँ भी अब गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने घोषणा की कि रजत जयंती वर्ष के दौरान 4000 पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र खोले जाएंगे। पीएससी घोटाले के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पीएससी घोटाले की सीबीआई जाँच चल रही है। भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन हमारा उद्देश्य है, सुशासन हमारा संकल्प है। भ्रष्टाचार के सभी रास्ते एक-एक कर बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की पहल उन्होंने सांसद रहते हुए की थी। सभी औपचारिकताएँ पूर्ण होने के बाद आज इसका भूमिपूजन संभव हुआ है। आने वाले दो से तीन वर्षों में इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। मंच से उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है। रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण खरसिया शहर के लिए महत्वपूर्ण आवश्यकता थी। 64.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस रेलवे ओवरब्रिज का भूमिपूजन हमारी इसी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके निर्माण से क्रॉसिंग पर ट्रेनों के गुजरने से लोगों को होने वाली आवाजाही की समस्या दूर होगी और समय की भी बचत होगी।  वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पिछले 20 महीनों में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है। उन्होंने कहा कि 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपये दो वर्षों के बोनस के रूप में दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ एकमात्र राज्य है जो 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी कर रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित 18 लाख परिवारों को मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की पहली बैठक में मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि रेडी-टू-ईट का जिम्मा पुन: महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है और इसकी शुरुआत रायगढ़ जिले से हो चुकी है, जिसे शीघ्र ही पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
             उन्होंने कहा कि अटल परिसर का लोकार्पण राज्य निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनवाया, जो 500 वर्षों के बाद संभव हो सका। छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना प्रारंभ की गई है। साथ ही प्रधानमंत्री ने आईटी और जीएसटी में सुधार कर देशवासियों की क्रयशक्ति को बढ़ाया है।
       कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, नगरपालिका परिषद खरसिया के अध्यक्ष कमल गर्ग, उपाध्यक्ष अवधनारायण (बंटी) सोनी, पत्रकार साथी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।



    विष्णु देव वापस जाओ का नारा लगाते कांग्रेसियों को पुलिस ले गयी थाना
    खरसिया नगर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करते हुए कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदेश में खाद्य संकट की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ खरसिया में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया तथा विष्णुदेव वापिस जाओ का नारा लगाया।
    प्रदर्शन के दौरान खरसिया पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मदनपुर थाना भेज दिया। इसकी जानकारी मिलते ही खरसिया विधायक उमेश नन्द कुमार पटेल थाने पहुंचे और कार्यकर्ताओं को छुड़वाया।

  • मायुम के निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 250 लोग हुए लाभान्वित…

    मायुम के निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 250 लोग हुए लाभान्वित…



    खरसिया । मारवाड़ी युवा मंच के निःशुल्क जांच शिविर में 250 से अधिक लोगों ने करवाया अपने स्वास्थ्य का परीक्षण। भाजपा नेता गिरधर गुप्ता, नपा अध्यक्ष कमल गर्ग समाज सेवी बजरंज अग्रवाल, ऋषभ अग्रवाल (एलआर) मायुम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने मायुम के स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहाँ की आमजन की चिकित्सा संबंधित समस्यायों को देखते हुए रायपुर बालाजी हॉस्पिटल के सहयोग और लखीराम अग्रवाल और मरवण देवी की पावन स्मृति में मारवाड़ी युवा मंच और जागृति शाखा के संयुक्त तत्वाधान में आज निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 250 से अधिक लोगों ने अपने स्वास्थ्य का परीक्षण करवाया। बालाजी हॉस्पिटल से आई डॉक्टरों की टीम द्वारा खरसिया मायुम की सराहना करते हुए कहाँ दो दिनों से हो रही बारिश के पश्चात भी 250 से अधिक मरीजो का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ जो कि आयोजको की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है।
    आज हुए कार्यक्रम में मोहन मित्तल भूपदेवपुर का विशेष सहयोग रहा। पायल अग्रवाल चंद्रपुर मायुम प्रदेश उपाध्यक्ष मौजूद रही। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन करते हुए नपा अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहाँ बालाजी हॉस्पिटल प्रदेश का उच्चस्तरीय हॉस्पिटल है जिसमे मानव सेवा माधव सेवा के भाव से कार्य किया जा रहा।


    नैंसी गोयल की स्मृति में (कृष्णा कलेक्शन) द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडर और इलेक्ट्रिक ऑक्सीजन मशीन प्रदान किया गया। खरसिया मायुम के इन सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा अध्यक्ष शुभम गर्ग, प्रशांत अग्रवाल, सुशील डिम्पल, रासबिहारी गुप्ता, सूर्यदीप सन्नी, राकेश आस्था, शुभम वकील, आशीष पिलानिया, प्रतीक गोयल, गोपेश, अभिषेक जोबी, मनीज बीज, निखिल, संजय, बबलू, यश, स्नेहिल और जागृति शाखा से रोली अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल मौजूद रहे।

  • गरियाबंद जिला अस्पताल में नर्स की जगह गार्ड ने मरीज को इंजेक्शन लगाया, हाई कोर्ट ने कलेक्टर को नोटिस जारी किया…

    गरियाबंद जिला अस्पताल में नर्स की जगह गार्ड ने मरीज को इंजेक्शन लगाया, हाई कोर्ट ने कलेक्टर को नोटिस जारी किया…

    बिलासपुर। जिला अस्पताल में नर्स की जगह गार्ड द्वारा मरीज को इंजेक्शन लगाने के मामले में संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने जनहित याचिका के तौर पर इसमें सुनवाई की । शासन ने घटना के सबंध में सीएमएचओ व सिविल सर्जन को नोटिस जारी किया है। चीफ जस्टिस ने इस नोटिस के पालन में क्या किया जा रहा है,इसकी पूरी जानकारी देते हुए जिला कलेक्टर गरियाबंद से एक निजी हलफनामा मंगवाया है। ज़िला अस्पताल में ऐसी चूकों की पुनरावृत्ति रोकने उठाए गए उपायों का भी ज़िक्र होगा ।

    गरियाबंद जिला अस्पताल में नर्स की जगह गार्ड द्वारा था मरीज को इंजेक्शन लगाने की खबर प्रकाशित होने के बाद हाईकोर्ट ने इस पर संज्ञान लिया है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने डिवीजन बेंच में सुनवाई करते हुए कहा कि, समाचार रिपोर्ट के अवलोकन से जिला अस्पताल, गरियाबंद में एक परेशान करने वाली घटना का पता चलता है, जहाँ स्टाफ नर्स की जगह एक महिला सुरक्षा गार्ड मरीज को इंजेक्शन लगाती पाई गई। यह घटना तब प्रकाश में आई जब एक पूर्व नगर पार्षद, जो अपने भतीजे के साथ इलाज के लिए गए थे, ने इस कृत्य को कैमरे में कैद कर लिया और तस्वीर प्रसारित कर दी, जो जल्द ही वायरल हो गई। समाचार में बताया गया है कि कलेक्टर ने मामले का संज्ञान लेकर और स्वास्थ्य विभाग को हुई शर्मिंदगी को देखते हुए, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. वीएस नवरत्न को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

    प्रणालीगत विफलता

    यह न केवल चिकित्सा नैतिकता और पेशेवर मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है, बल्कि रोगी देखभाल के स्थापित प्रोटोकॉल के अनुपालन और जवाबदेही सुनिश्चित करने में प्रणालीगत विफलता का भी स्पष्ट प्रतिबिंब है। ऐसी चूक सरकारी चिकित्सा संस्थानों में जनता के विश्वास को खतरे में डालती है और वहाँ इलाज कराने वाले मरीजों की सुरक्षा को कमज़ोर करती है। नोटिस जारी करना अपने आप में पर्याप्त प्रतिक्रिया नहीं मानी जा सकती, जब तक कि इसके साथ संस्थागत निगरानी को मज़बूत करने, दोषी अधिकारियों की ज़िम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को स्पष्ट रूप से रोकने के लिए ठोस और प्रभावी उपचारात्मक उपाय न किए जाएँ। अगली सुनवाई 28 अगस्त को तय कि गई है।

  • TikTok पर जारी है भारत में बैन, अनब्लॉकिंग की खबरों को सरकार ने बताया भ्रामक…

    TikTok पर जारी है भारत में बैन, अनब्लॉकिंग की खबरों को सरकार ने बताया भ्रामक…

    वीडियो बेस्ड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म TikTok को लेकर दावा किया जा रहा था कि भारत में कुछ वेबसाइट्स पर बैन टिकटॉक का होमपेज खुल रहा है. यह खबर सामने आने के बाद भारत सरकार ने इसका खंडन किया है. भारत सरकार के सूत्रों ने उन सभी खबरों का खंडन किया, जिनमें दावा किया गया कि चीनी वीडियो एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म टिकटॉक से प्रतिबंध हटा लिया गया है.

    अनब्लॉकिंग की खबरों को सरकार ने बताया भ्रामक
    इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सूत्रों ने स्पष्ट किया कि टिकटॉक को अनब्लॉक करने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है. ऐसी खबरें झूठी व भ्रामक हैं. हालांकि, ई-कॉमर्स वेबसाइट अलीएक्सप्रेस और ऑनलाइन कपड़ों की वेबसाइट शीन को लेकर सरकार की ओर से अभी कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है.

    कुछ यूजर्स टिकटॉक की वेबसाइट तक पहुंच पा रहे थे, लेकिन वे लॉग इन करने, वीडियो अपलोड करने या देखने में असमर्थ थे. भारत में ऐप स्टोर पर टिकटॉक का ऐप भी उपलब्ध नहीं है. दूरसंचार विभाग के सूत्रों ने बताया कि इंटरनेट सेवा प्रदाता इस वेबसाइट को लगातार ब्लॉक कर रहे हैं, लेकिन यह समझना मुश्किल है कि कुछ यूजर्स इसे कैसे एक्सेस कर पा रहे हैं.

    भारत सरकार ने जून 2020 में 59 मोबाइल ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था, जिनमें ज्यादातर चीनी ऐप्स जैसे टिकटॉक, यूसी ब्राउजर और वीचैट शामिल थे. सरकार ने इन ऐप्स को भारत की संप्रभुता, अखंडता, सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा बताया था. यह कदम भारत-चीन सीमा तनाव, विशेष रूप से 15-16 जून 2020 को गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के बाद उठाया गया था, जिसके बाद दोनों देशों के संबंध बिगड़ गए थे.

    भारत सरकार ने किया था बैन
    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इन ऐप्स पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी क्योंकि ये भारतीय नागरिकों का डेटा लीक कर रहे थे. टेक विशेषज्ञों ने बताया था कि ये ऐप्स भारतीयों का लोकेशन डेटा और फाइलें चीन के सर्वरों पर स्थानांतरित करते थे.

  • पत्नी ने जलाए इतने नोट कि नालियां हुईं जाम, काले धन का तो कुबेर निकला बिहार का ये इंजीनियर…

    पत्नी ने जलाए इतने नोट कि नालियां हुईं जाम, काले धन का तो कुबेर निकला बिहार का ये इंजीनियर…

    विनोद कुमार राय मधुबनी में ग्रामीण कार्य विभाग में सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के पद पर तैनात हैं. जांच टीम ने उनके यहां से करोड़ों की जमीन के दस्तावेज, लाखों के सोने-चांदी के जेवरात भी जब्त किए हैं.

    बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सुपरिटेंडेंट इंजीनियर विनोद कुमार राय और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया है. इससे पहले, EOU ने विनोद कुमार के पटना में मौजूद आवास पर छापेमारी की. इस दौरान EOU की टीम ने लगभग 52 लाख रुपये नकद बरामद किए. इनमें करीब 39.50 लाख रुपये के नोट नकद और करीब 12.50 लाख रुपये के जले हुए नोट थे.

    छापेमारी शुक्रवार, 22 अगस्त को अगमकुआं थाना क्षेत्र के भूतनाथ रोड में मौजूद विनोद कुमार राय के आवास पर की गई. उनके चार मंजिला घर पर जमीन से जुड़े दस्तावेज, कई बैंक अकाउंट्स, एक SUV, बीमा पॉलिसियां और 26 लाख रुपये के गहने जब्त किए गए. जानकारी के मुताबिक, नकदी राशि को शौचालय, पानी की टंकी और रसोईघर के पाइप में छुपाया गया था.

    EOU के एडिशनल DG नैयर हसनैन खान ने कहा कि विनोद कुमार राय से जुड़ी एक गुप्त सूचना मिली थी. जिसके आधार पर एक स्पेशल टीम गुरुवार, 21 अगस्त की देर रात उनके आवास पर पहुंची. तलाशी शुक्रवार, 22 अगस्त की सुबह शुरू हुई. क्योंकि उनकी पत्नी ने शुरुआत में ये कहकर घर में एंट्री करने से मना कर दिया कि वो घर पर नहीं हैं.

    एडिशनल DG नैयर हसनैन खान ने आगे कहा,

    लाखों रुपये के 500 रुपये के नोट जलाकर टॉयलेट में बहा दिए गए. पाइपों से भी काफी नकदी बरामद हुई. पटना नगर निगम की मदद से नालियों की सफाई की गई. फॉरेंसिक और साइबर टीमें जब्त की गई चीजों की जांच कर रही हैं.

    अधिकारी ने ये भी आरोप लगाया कि विनोद कुमार राय की पत्नी ने EOU टीम के साथ बदसलूकी की.

  • धूमधाम से मनाया जाएगा राणी सती दादी का भादवा अमावस्या उत्सव…

    धूमधाम से मनाया जाएगा राणी सती दादी का भादवा अमावस्या उत्सव…



    खरसिया । धर्म नगरी खरसिया के छपरी गंज स्थित झुंझनु वाली दादी राणी सती मंदिर में दादी जी का भादवा अमावस्या बड़ी धुम धाम से राणी सती सेवा समिति द्वारा 22 एवं 23 अगस्त दो दिन मनाया जावेगा। राणी सती सेवा समिति के अमोल अग्रवाल (भुरू) ने बताया कि दादी भक्तों के लिए भादव अमावस्या के अवसर पर दो दिवसीय उत्सव दादी सती मंदिर में मनाने की तैयारी जोरो से चल रही है। 22 अगस्त को रतजगा रात्रि 8 बजे एवमं 23 अगस्त को चुंदड़ी चूड़ा सिंगार सुबह 10 बजे, आरती पूजन सुबह 11 बजे इसके पश्चात भंडारे का प्रसाद दोपहर 12-30 बजे से प्रारम्भ होगा उसके बाद गोंदिया की प्रसिद्ध मंगल पाठ गायिका शानू मनीष अग्रवाल गोंदिया से आएगी। दादी जी के मंगल पाठ में भक्तों के लिए बैठने की विशेष व्यवस्था समिति द्वारा की गई है। दादी राणी सती जी के मंदिर को रंग बिरंगी विद्युत झालरो से सजाया गया है। श्री झुंझनु वाली राणी सती धर्मादा ट्रस्ट व राणी सती सेवा समिति के सभी लोग कार्यक्रम को भव्यता देने में दिन रात लगे हुए है।

  • खरसिया में गोविंद बाबा के श्री मुख से बहेगी भागवत कथा की बयार…

    खरसिया में गोविंद बाबा के श्री मुख से बहेगी भागवत कथा की बयार…


    भागवत कथा का श्रवण करने सपरिवार पधारे : तिगड़ानिया परिवार

    खरसिया । धार्मिक नगरी खरसिया की पावन धरा पर पितृमोक्षार्थ श्रीमद भागवत कथा का आयोजन तिगड़ानिया परिवार द्वारा आयोजित की जा रही है जिसमे कथा वाचक गोस्वामी श्री गोविंद बाबा के द्वारा कथा वाचन किया जाएगा यह कथा कन्या भवन में होने जा रही है।
    25 अगस्त सोमवार को सुबह 9 बजे हनुमान मंदिर से श्रीमद भागवत कलश शोभायात्रा प्रारंभ होगी, वही दोपहर 3 बजे से भागवत कथा प्रारंभ होगी जिसके प्रसंग इस प्रकार से है। मंगला चरण, भागवत महात्म्य। 26 अगस्त मंगलवार को कपिल भगवान चरित्र, कपिल गीता एवं ध्रुव चरित्र। 27 अगस्त बुधवार को जड़भरत कथा एवं नृसिंह अवतार। 28 अगस्त गुरुवार को मोहिनी चरित्र, श्री बलि वामन भगवान, श्री राम प्रसंग और श्री कृष्ण जन्मोत्सव, नंदोत्सव के विषय मे बताया जाएगा, नंदोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा जिसकी विशेष तैयारी की जा रही है। 29 अगस्त शुक्रवार को प्रभु कृष्ण की बाल लीला, गोवर्धन पूजा व छप्पन भोग लगेगा, माखन चोरी की अद्भुत लीला का आनंद महाराज जी के श्रीमुख से होगी। 30 अगस्त शनिवार को गोपी उद्धव संवाद, रुक्मिणी विवाह महोत्सव का शानदार प्रसंग देखने और सुनने को मिलेगा वही सुदामा चरित्र भी होगा। 31 अगस्त रविवार को श्रीमद भागवत कथा व्यास पूजा, श्री सुकदेव विदाई, फूलो की होली, कथा विश्राम एवं हवन । 1 सितंबर सोमवार को प्रातः 8 बजे गीता पाठ, पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजक तिगड़ानिया परिवार खरसिया, दिल्ली, द्वारा कथा आयोजित करवाई जा रही है । तिगड़ानिया परिवार के सदस्यों द्वारा घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र बाटा गया है सभी श्रोताओं से निवेदन किया है कन्या विवाह भवन में 25 अगस्त से 31 अगस्त को दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे चलने वाली भागवत कथा का श्रवण करने आप सपरिवार अवश्य पधारे।

  • मायुमं करा रहा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन…

    मायुमं करा रहा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन…


    बालाजी हॉस्पिटल के सहयोग और लखीराम अग्रवाल और मरवण देवी की स्मृति में होगा आयोजन

    खरसिया। नगर की सामाजिक धार्मिक गतिविधियों में सक्रियता से भागीदारी निभाने वाली मारवाड़ी युवा मंच द्वारा पुनः अपनी सामाजिक समरता को आगे बढ़ाते हुए स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। लखीराम अग्रवाल और मरवण देवी की पावन स्मृति में मारवाड़ी युवा मंच एवं जागृति शाखा खरसिया द्वारा श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल के विशेष सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जांच परामर्श शिविर का आयोजन 22 अगस्त दिन शुक्रवार को अग्रसेन भवन में सुबह 10 बजे से प्रारंभ किया जाएगा।
    शिविर में प्रदेश के सुप्रसिद्ध डॉक्टरों का आगमन खरसिया नगर में होने जा रहा है जिसमे प्रमुख रूप से डॉ टीडी मखीजा, योगेश जायसवाल, पीयूष कुमार अंशु, अर्चित वर्मा, स्नेहा मरीसम,  हरप्रिया पी साहो उपलब्ध रहेंगे।
    इसके साथ ही उक्त शिविर में जनरल मेडिसिन, हृदय रोग, हड्डी रोग, न्यूरो विभाग, नाक, कान, गला, जनरल सर्जरी, नेत्र रोग, चर्म रोग,ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ब्लड ग्रुप की निःशुल्क जांच (विशेष मशीनों द्वारा) की जाएंगी डॉक्टरों के साथ इनकी प्रशिक्षित टीम मौजूद रहेगी जो जांच वगैरह में सहयोग करेगी । पंजीयन के लिए शुभम गर्ग 9302481008, प्रशांत 8305703030, हिमांशु 9399659693, अंश 9340148418 व जागृति शाखा से रोली अग्रवाल, भावना अग्रवाल प्रीति अग्रवाल से संपर्क किया जा सकता है।

  • आईडीएफसी बैंक कर रहा गोल्ड लोन घोटाला..शाखा प्रबंधक की भूमिका संदेह में..आम जनता का बैंकिंग व्यवस्था में भरोसा हो रहा कम..

    आईडीएफसी बैंक कर रहा गोल्ड लोन घोटाला..
    शाखा प्रबंधक की भूमिका संदेह में..
    आम जनता का बैंकिंग व्यवस्था में भरोसा हो रहा कम..



    खरसिया। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के खरसिया शाखा में गोल्ड लोन में गड़बड़ी का मामला प्रकाश में आया है जिसमे पीड़ित व्यक्ति ने सोशल मीडिया के माध्यम से बैंक पर गंभीर आरोप लगाए हैं वहीं बैंक प्रबंधन इस संबंध में कोई जानकारी तक देने को तैयार नहीं है, जिससे लगता है कि आरोप सत्य है और बैंक के द्वारा गोल्ड लोन में घोटाला कर जहां अपने वरिष्ठ अधिकारियों को धोखे में रखा जा रहा है, साथ ही बैंक को  वित्तीय हानि भी पहुचाई जा रही हैं वहीं भोले भाले ग्रामीणों के नाम पर लोन कर के उनका भी शोषण किया जा रहा है।
    आज के डिजिटल युग मे जब सरकार के द्वारा ऑनलाइन भुगतान को प्रोत्साहित किया जा रहा है ऐसे में बैंक चाहे सरकारी हो या प्रायवेट, लोगों को उसमे खाता रखना तथा लेनदेन करना मजबूरी बन चुकी है। कुछ वर्षों पहले तक जरूरी नहीं था कि किसी व्यक्ति का बैंक में खाता होना जरूरी हो लेकिन आज के समय मे शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जिसके किसी भी बैंक या में खाता न हो, क्योकिं डिजिटल भुगतान के साथ साथ शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी लाभार्थी को बैंक के माध्यम से ही प्राप्त होता है। इसी के साथ अगर किसी व्यक्ति को बैंक से कर्ज चाहिए तो भी बैंक में खाता होना आवश्यक होता है, लेकिन ऐसे समय मे जब बैंकिंग व्यवस्था आम आदमी के लिए अति आवश्यक हो चुकी है कुछ बैंक के कर्मचारियों अधिकरियो की वजह से आम जनता का भरोसा बैंकिंग व्यवस्था से खत्म होता जा रहा है और लोग अपनी जमा पूंजी बैंक में रखने से कतराने लगे है। खरसिया के ही सेंट्रल बैंक में खाता धारकों के खातों से लाखों की रकम की फर्जी निकासी किये जाने का मामला अभी खत्म भी नहीं हो पाया था कि खरसिया के ही आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के शाखा प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों के द्वारा गोल्ड लोन में गड़बड़ी किये जाने का मामला प्रकाश में आया है जहां किसी बैंक के ही अधिकारी कर्मचारियों के द्वारा अपने खुद के सोने को किसी अन्य व्यक्ति के नाम से अपने ही बैंक में गिरवी रखकर रकम निकाल ली गयी तथा उक्त रकम को तत्काल किसी तीसरे व्यक्ति के खाते में डाल दिया गया, मामला प्रकाश में तब आया जब खाता धारक को तय की गई रकम नहीं दी गयी तो खाता धारक के द्वारा बैंक प्रबंधन के इस गड़बड़झाले के संबंध में पीड़ित ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने साथ हुई धोखाघड़ी का खुलासा करते हुए दोषी अधिकारी और कर्मचारियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

    प्राप्त सूचना के अनुसार सिद्धार्थ पांडे नामक युवक को आईडीएफसी बैंक से किसी ओम पटेल नामक कर्मचारी ने बैंक बुलाया और कहा कि बैंक के शाखा प्रबंधक रजत लाल का सोना है और वे इससे लोन लेना चाहते हैं चूंकि वे खुद शाखा प्रबंधक है इसलिए उनके नाम से इस बैंक में लोन नहीं हो सकता इसलिए तुम अपने नाम से लोन लेकर उन्हें दे दो इसके एवज में 5 प्रतिशत कमीशन दिए जाने की बात भी ओम पटेल के द्वारा कही गई, जिस पर सिद्धार्थ पांडे ने अपने नाम से गोल्ड लोन करवा लिया और उनके खाते में 528000 आ भी गए परन्तु थोडी ही देर बाद उनके खाते से उक्त रकम को ट्रांसफर भी कर दिया गया। मोबाइल में मैसेज आने पर इस संबंध में जब खाता धारक ने ओम पटेल से जानकारी लेनी चाही तो उन्हें बताया गया कि हमने अपना पैसा वापिस ले लिया है और आपका लोन खाता बन्द कर दिया जाएगा, जब खाता धारक ने अपने खाते की जानकारी निकलवाई तो पता चला कि लोन की रकम बैंक को वापिस होने की जगह किसी मनोज कुमार के खाते में ट्रांसफर कर दी गयी है, इस संबंध में जब सिद्धार्थ पांडे ने पूछताछ की तो ओम पटेल ने ब्रांच मैनेजर रजत लाल से बात करने को कहा लेकिन रजत लाल ने उनसे कोई बात नहीं की। पीड़ित ने इस संबंध में खरसिया पुलिस चौकी में भी शिकायत की लेकिन कोई कार्यवाही न होने पर उनके द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अपने साथ धोखाघड़ी करने वाले ओम पटेल तथा रजत लाल के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने की मांग बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से की है।

    क्या है गड़बड़झाला

    इस पूरे मामले में जांच का मुख्य विषय यह है कि जिस सोने को बैंक में रखकर लोन लिया गया वो सोना किसका था और वो सोना भी था या नही, क्योकि जिस सोने को रजत लाल ने अपना बताकर सिद्धार्थ पांडे के नाम से लोन कराया था अगर वो सोना ही था तो उसने अपने नाम से लोन क्यों नहीं लिया क्यों अपने खुद के सोने को अनजान व्यक्ति को देकर उसके नाम से अपने ही बैंक में लोन कराया गया। कहीं ऐसा तो नहीं कि सोने के नाम पर पीतल अथवा कोई अन्य धातु रखकर लोन करा लिया गया हो, तभी पीड़ित को 5 प्रतिशत कमीशन का लालच दिया गया था। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक खरसिया शाखा के विगत पांच सालों के रिकार्ड चेक कराया जाना चाहिए तथा पिछले पांच सालों के दौरान हुए सभी गोल्ड लोन के एवज में गिरवी रखे गए सोने की भी जांच कराई जानी जाती आवश्यक है साथ ही इस बात की भी जांच हो कि विगत पांच सालों में कितने गोल्ड लोन बैंक ने दिए है और कितने आज तक चालू हैं, क्योकि इस मामले के सामने आने से ये तो तय है कि बैंक के ही अधिकारी कर्मचारियों के द्वारा सांठगांठ कर बैंक को लोन के नाम पर चूना लगाया जा रहा है, हो सकता है कि ऐसे कितने ही फर्जी लोन अभी तक चालू हों। इस पूरे मामले की गहराई से जांच और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही जरूरी है जिससे आम जनता का बैंकिंग व्यवस्था पर भरोसा कायम रहा सके।

    बैंक के संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है, कोई शिकायत आएगी तो जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।
    अमित तिवारी
    चौकी प्रभारी , पुलिस चौकी खरसिया



    मैं इस संबंध में कोई भी जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं हूं।
    रजत लाल
    शाखा प्रबंधक आईडीएफसी फर्स्ट बैंक खरसिया