Blog

  • विश्व बैंक की रिपोर्ट में हुआ खुलासा,अर्थव्यवस्था को भी ले डूबेगा कोरोना वायरस….

    विश्व बैंक की रिपोर्ट में हुआ खुलासा,अर्थव्यवस्था को भी ले डूबेगा कोरोना वायरस….

    दिल्ली। कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में तबाही मचा रखी है। इस वायरस ने पूरी दुनिया की चूलें हिला दी हैं। बुरी खबर ये है कि इसकी वजह से हमारी अर्थव्यवस्था भी तबाही की कगार पर पहुंच जाएगी।

    विश्व बैंक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कोरोना वायरस  भारतीय अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचाएगी। इसके चलते देश की आर्थिक विकास दर में भारी गिरावट आएगी। विश्व बैंक ने कोविड-19 का दक्षिण एशिया की अर्थव्यवस्था पर प्रभाव नाम से जारी रिपोर्ट में कहा है कि 2019-20 में भारतीय अथव्यवस्था की वृद्धि दर घटकर पांच प्रतिशत रह जाएगी। इसके अलावा अर्थव्यवस्था की विकास दर में भी भारी गिरावट आएगी और यह घटकर 2.8 फीसदी रह जाएगी।

    दरअसल, पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था कोरोना के चलते लड़खड़ा गई हैं। इसने लंबे अरसे से सुस्त पड़ी दुनियाभर की इकानमी का भट्ठा बैठा दिया है। इसके चलते सरकार ने देशव्यापी लॉकडाउन लागू किया है जिसकी वजह से लोगों की आवाजाही रुक गई है और वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक कोविड-19 की वजह से घरेलू आपूर्ति और मांग प्रभावित होने के चलते 2020-21 में आर्थिक विकास दर घटकर सिर्फ 2.8 प्रतिशत रह जाएगी।

  • एक ही जैसा नाम होने के कारण हुआ  भ्रम, बिलासपुर की महिला नहीं है कोरोना पॉजिटिव…

    एक ही जैसा नाम होने के कारण हुआ भ्रम, बिलासपुर की महिला नहीं है कोरोना पॉजिटिव…

    कोरबा। बिलासपुर की महिला कोरोना पॉजिटिव नहीं है, एक ही जैसा नाम होने के चलते कन्फ्यूजन हुआ है।

    इस विषय में बिलासपुर रेंज के आईजी दीपांशु काबरा ने एक ट्वीट भी किया है, दीपांशु काबरा ने ट्वीट पर लिखा है, “आज जो 5 मरीज पॉजिटिव हैं वे सभी कटघोरा के ही हैं।” बिलासपुर वाली महिला पॉजिटिव नही है,एक ही जैसा नाम होने के चलते हुआ ऐसा भ्रम,इसलिए सभी पॉजिटिव कटघोरा के ही है।

  • छत्तीसगढ़ के लिए निराशाजनक खबर…कटघोरा में 2 और नये कोरोना के मरीज मिले, आज एक दिन में 6 रिपोर्ट आयी पॉजेटिव…. 20 घंटे के भीतर 13 नये मरीज मिले…

    छत्तीसगढ़ के लिए निराशाजनक खबर…कटघोरा में 2 और नये कोरोना के मरीज मिले, आज एक दिन में 6 रिपोर्ट आयी पॉजेटिव…. 20 घंटे के भीतर 13 नये मरीज मिले…


    कोरबा। कोरोना मरीजों की तादाद छत्तीसगढ़ में बढ़ती जा रही है। खासकर कोरबा में बढ़े आंकड़ों ने तो प्रशासन और सरकार के पसीने छूड़ा दिये हैं। पिछले 20 घंटे में कोरबा जिले में अकेले ही 13 नये मरीज मिले हैं। इस आंकड़े के साथ प्रदेश में मरीजों की संख्या बढ़कर 32 हो गयी है, जिनमें से 22 लोगों का इलाज अभी एम्स में चल रहा है। रविवार को कुल 6 नये कोरोना के मरीज मिले हैं। 5 मरीज की रिपोर्ट दोपहर में पॉजेटिव आयी थी, जबकि एक की रिपोर्ट शाम में पॉजेटिव आयी है। 6 नये मरीजों में 1 महिला शामिल है।

    इधर लगातार कोरोना के नये मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन सकते में आ गया है। कलेक्टर किरण कौशल खुद पूरी व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं। लॉकडाउन का पहले ही आदेश दिया जा चुका है, वहीं अब कटघोरा के सभी लोगों की सैंपलिंग भी की जा रही है।

  • कटघोरा में 4 और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, पिछले 12 घंटे में मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 11

    कटघोरा में 4 और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, पिछले 12 घंटे में मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 11

    कोरबा। प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही, कोरबा जिले के कटघोरा में लिए गए संदिग्धों के सैंपल एक बार फिर पॉजिटिव आए हैं आपको बता दें पिछले 12 घंटे में 11 सैंपल पॉजिटिव आए हैं, ज्ञात हो प्रदेश में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज कोरबा जिले के क्षेत्र में ही पाए जा रहे हैं, जिससे वर्तमान में प्रदेश में मरीजों की बढ़कर 19 हो गई है।

  • शहर से लापता 2 युवा व्यवसायियों की गोली मारकर हत्या की खबर, पड़ोसी पर शक, हत्या के बाद घर के पीछे लाश गाड़े जाने की सूचना…

    शहर से लापता 2 युवा व्यवसायियों की गोली मारकर हत्या की खबर, पड़ोसी पर शक, हत्या के बाद घर के पीछे लाश गाड़े जाने की सूचना…

    अंबिकापुर। शहर के 2 युवा व्यवसायी चचेरे भाई 10 अप्रैल की रात इनोवा कार से घूमने निकले और लापता हो गए थे। 24 घंटे बाद उनकी कार शहर के आकाशवाणी चौक के पास लावारिस हालत में बरामद हुई थी।
    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऐसी खबर आ रही है कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति व उसके साथी ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने हत्या के दोनों संदेहियों को हिरासत में ले लिया है, पुलिस कंट्रोल रूम में फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।


    गौरतलब है कि अंबिकापुर के ब्रम्हरोड निवासी व्यवसायी सौरभ अग्रवाल 27 वर्ष व सुनील अग्रवाल 40 वर्ष चचेरे भाई थे। 10 अप्रैल की रात करीब 8.30 बजे दोनों अपनी इनोवा कार क्रमांक सीजी 15 डीएच-8449 कार लेकर निकले। घर पर उन्होंने बताया कि दोनों घूमने जा रहे हैं। जब काफी देर तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों को उनकी चिंता हुई।
    इस बीच उन्होंने कॉल किया तो दोनों ने बताया कि वे खाना खाने घर आ रहे हैं। इसी बीच उनका मोबाइल स्वीच ऑफ हो गया। घरवालों ने इसके बाद उनके नंबरों पर कई बार ट्राई किया लेकिन मोबाइल बंद बताने लगा।
    11 अप्रैल की सुबह इसकी शिकायत परिजनों ने कोतवाली में दर्ज कराई तो पुलिस उनकी खोजबीन में जुट गई थी। इसी बीच देर शाम उनकी कार शहर के आकाशवाणी चौक के पास स्थित पुराने रोजगार कार्यालय के पास वाली गली में लावारिस हालत में मिली थी।


    दोनों की गोली मारकर हत्या, गाड़ दी लाश
    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस दोनों व्यवसायियों की खोजबीन में जुटी ही थी कि पुलिस ने संदेह के आधार पर उनके पड़ोसी से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि पड़ोसी ने ही लेन-देन के विवाद में अपने एक साथी के साथ मिलकर दोनों की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद पड़ोसी ने अपने घर के पीछे ही दोनों की लाश व हथियार को गाड़ दिया है।


    हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
    पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आधी रात एसपी, एएसपी समेत पूरा पुलिस अमला मामले की जांच में जुटा रहा। पुलिस दोनों आरोपियों से कंट्रोल रूम में पूछताछ कर रही है।


    टीआई ने नहीं रिसीव किया कॉल
    मामले की आधिकारिक पुष्टि के लिए पत्रिका ने कोतवाली टीआई को उनके शासकीय नम्बर पर कॉल भी किया था लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

  • इस देश में ठीक हो चुके 91 मरीजों में फिर ‘एक्टिवेट हुए’ वायरस, दोबारा पॉजिटिव

    इस देश में ठीक हो चुके 91 मरीजों में फिर ‘एक्टिवेट हुए’ वायरस, दोबारा पॉजिटिव

    कोरोना वायरस से ठीक हो चुके मरीजों के दोबारा पॉजिटिव आने की घटना फिर सामने आई है. साउथ कोरिया में 40 नए लोग दोबारा पॉजिटिव पाए गए हैं. इससे पहले 51 लोग ठीक होने के बाद यहां पॉजिटिव पाए जा चुके हैं. इस घटना ने हेल्थ एक्सपर्ट की चिंता बढ़ा दी है.अब तक ऐसा समझा जाता है कि एक बार संक्रमित होने के बाद कोरोना मरीज अगर ठीक हो जाए तो वह कोरोना वायरस को लेकर इम्यूनिटी डेवलप कर लेता है. लेकिन नए मामलों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

    कोरिया सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन के डायरेक्टर जिओंग इउन केओंग का कहना है कि ऐसा लगता है कि वायरस दोबारा एक्टिवेट हो गया होगा. हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारी अभी इस मामले की जांच कर रहे हैं ताकि ठोस निष्कर्ष पर पहुंचा जा सके कि कैसे ये मरीज दोबारा पॉजिटिव हो गए।

    साउथ कोरिया में अब तक कुल 91 ऐसे मरीज सामने आए हैं, जिन्हें समझा गया था कि वे ठीक हो गए हैं. उन्हें क्वारनटीन से छोड़ दिया गया था. लेकिन बाद में एहतियात के लिए जांच की गई तो फिर पॉजिटिव निकले.साउथ कोरिया के स्वास्थ्य अधिकारियों को इस बात की भी चिंता हो रही है कि कोरोना से दोबारा पॉजिटिव होने की खबर सुनकर आम लोग पैनिक हो सकते हैं।

    डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, कोरिया यूनिवर्सिटी के गुरो हॉस्पिटल में संक्रामक रोगों के प्रोफेसर किम वू जू ने कहा है- ‘ये आंकड़ा आगे बढ़ेगा. 91 तो महज शुरुआत है।

    ‘बता दें कि कोरोना वायरस पर नियंत्रण हासिल करने के लिए साउथ कोरिया की काफी तारीफ हुई है. साउथ कोरिया ने बड़े पैमाने पर टेस्टिंग और अन्य कदम उठाकर कोरोना पर काबू पाया है. इस देश में संक्रमण के 10,450 मामले सामने आए हैं और 208 लोगों की मौत हुई है।

  • रतनपुर के साथ बिलासपुर में भी 1 हजार से अधिक कोरोना संदेही ट्रेस, बजी खतरे की घंटी….

    रतनपुर के साथ बिलासपुर में भी 1 हजार से अधिक कोरोना संदेही ट्रेस, बजी खतरे की घंटी….

    बिलासपुर। कटघोरा में अचानक से सात जमातियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रदेश सरकार सकते में आ गई है। इन संक्रमितों से जुड़े हर व्यक्ति की जानकारी जुटाई जा रही है। बिलासपुर के भी कोरोना की चपेट में आने की आशंका से जिला प्रशासन की नींद उड़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इनकी ट्रेवल हिस्ट्री खंगाली है। अब और गहराई से पड़ताल कर उनसे संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को ट्रेस कर ​उन्हें निगरानी में रखा गया है।

    कटघोरा में कोरोना संक्रमित जमाती की लापरवाही के चलते संक्रमित लोगों की संख्या में जिस तरह इजाफा हुआ है इससे बिलासपुर जिले के अंतर्गत आने वाले बिल्हा व कोटा ब्लॉक आसपास के गांव में संकट के बादल गहराने लगा है। बिल्हा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले विधानसभा मुख्यालय बेलतरा के आसपास के गांव व कोटा ब्लॉक के वनक्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों के लिए कटघोरा बड़ा बाजार है। जरूरी सामग्री का लेनदेन यहां के ग्रामीण कटघोरा बाजार से ही करते हैं। यहां के ग्रामीणों का कटघोरा से सतत संपर्क बना हुआ है। कटघोरा की घटना के बाद धीरे-धीरे बिलासपुर जिला भी खतरे के मुहाने पर आते दिखाई दे रहा है। बेलतरा के ग्रामीणों का संपर्क रतनपुर से लगे आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी बना हुआ है।

    रतनपुर में कटघोरा कनेक्शन-
    रतनपुर में कटघोरा कनेक्शन सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है । यहां का लोकल प्रशासन अब सख्त कदम उठा रहा है । रतनपुर नूतन चौक में रहने वाला व्यक्ति 23 मार्च को कटघोरा के मुड़ी भाठा बारात लेकर गया था । उसके बारात में करीब 30 बाराती रतनपुर के शामिल थे। अंबिकापुर रोड के पास मुड़ीभाठा में निकाह के बाद रतनपुर में वलीमा का भी आयोजन किया गया, जिसमें रतनपुर और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

    पूरी तरह घेराबंदी कर दी गई है-
    रतनपुर के सभी मुस्लिम परिवारों के कटघोरा कनेक्शन सामने आने के बाद अब रतनपुर में नूतन चौक इलाके को हॉटस्पॉट मानकर पूरी तरह घेराबंदी कर दी गई है। वही रतनपुर के एक एक मुस्लिम के कोरोना जांच की बात कही जा रही है । शुक्रवार की सुबह अधिकारीयों ने पहुंचकर हालात का जायजा लिया हैं। वहीं सभी से कहा जा रहा है कि जो भी बारात में गया था या फिर उनके संपर्क में आया है वे सभी सामने आए और अपनी जांच कराएं।

    रतनपुर में बड़ी संख्या मुस्लिम आबादी अन्य लोगों से संपर्क में आए-
    शुरुआती दौर से ही रतनपुर में बसने वाले मुस्लिम परिवार के सदस्यों के विदेश यात्रा के चलते भी उनमें संक्रमण की बात सामने आई थी और अब कटघोरा कनेक्शन सामने आने से आम लोग भी दहशत में हैं क्योंकि रतनपुर में बसने वाली बड़ी संख्या मुस्लिम आबादी की है जो अन्य लोगों से भी इस दौरान संपर्क में आए थे। जिस वक्त पूरे देश में जनता कर्फ्यू का माहौल था उसके एक दिन बाद निकाह करना जाहिर तौर पर नियमो की उल्लघन है। रतनपुर के साथ इसका बिलासपुर कनेक्शन भी सामने आने लगा है जिसके बाद लगातार स्थिति कठिन होती जा रही है।

  • छत्तीसगढ़ नेत्र चिकित्सालय ने ली लॉक डाउन में ड्यूटी करने वाले पुलिस, सफाई और पेट्रोल पंप कर्मियों की सुध, दिया मास्क और सेनिटाइजर….

    छत्तीसगढ़ नेत्र चिकित्सालय ने ली लॉक डाउन में ड्यूटी करने वाले पुलिस, सफाई और पेट्रोल पंप कर्मियों की सुध, दिया मास्क और सेनिटाइजर….

    रायपुर। देश भर में जारी लॉक डाउन के बीच लोग अपने-अपने घरों में हैं लेकिन कोरोना की दहशत के बीज बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी हैं जिनकी बदौलत सारी जरुरी सेवाएं जारी है. इन जरुरी सेवाओं में दिन-रात 24 घंटे की ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मी, आपके घर के आस-पास और मोहल्ले को साफ सुथरा करने वाले सफाई कर्मी और पेट्रोल पंप के कर्मी भी शामिल हैं।

    तेलीबांधा स्थित छत्तीसगढ़ नेत्र चिकित्सालय द्वारा ऐसी सेवाएं देने वाले सभी कर्मियों को सैनिटाइजर और थ्री प्लाई मास्क का वितरण किया गया. इस दौरान वरिष्ठ समाज सेविका रंजना मेहरा, चिकित्सालय प्रमुख डाक्टर अभिषेक मेहरा (नेत्र सर्जन), मोहम्मद फिरोज (पैथोलॉजी), विकास मुखर्जी, दुर्गा दास गुप्ता, रमन यादव एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहे और इनका योगदान रहा।

  • कोरोना वायरस से बचने सरकार का आदेश, छत्तीसगढ़ में मास्क पहनना हुआ अनिवार्य….

    कोरोना वायरस से बचने सरकार का आदेश, छत्तीसगढ़ में मास्क पहनना हुआ अनिवार्य….

    रायपुर। दूध, सब्जी जैसे जरूरी सामान खरीदने भी यदि आप बाहर जा रहे हैं, तो ध्यान रखिए आपको मास्क लगाना होगा. कोरोना वायरस संक्रमण का फैलाव रोकने राज्य सरकार ने मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है. स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि सार्वजनिक स्थलों में बगैर मास्क पहने निकलने वाले लोगों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

    स्वास्थ्य विभाग की सचिव निहारिका बारिक ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि कोविड 19 के रोकथाम व बचाव के लिए डाक्टरों ने मास्क पहनने को आवश्यक बताया है. लिहाजा एपिडेमिक एक्ट 1897 की धारा 71 (1)  में प्रदत्त प्रावधानों के अंतर्गत राज्य में सार्वजनिक स्थलों में निकलने समय मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है. बाजार में मिलने वाले ट्रिपल लेयर मास्क का इस्तेमाल किया जा सकता है. यह उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में घर पर बने तीन परतों वाले मास्क का भी उपयोग किया जा सकता है.  मास्क उपलब्ध नहीं होने के हालात में गमछा, दुपट्टा, रूमाल का इस्तेमाल किए जाने की नसीहत दी गई है।

    सरकार ने अपने आदेश में कहा है कि बिना मास्क घर से बाहर सार्वजनिक स्थलों पर जाना एपिडेमिक एक्ट 1897 एवं छत्तीसगढ़ एपिडेमिक डिसीजेज कोविड 19 विनियम 2020 तथा छत्तीसगढ़ पब्लिक हेल्थ एक्ट 1949 की धारा 71(1) का उल्लंघन मानते हुए कानूनी कार्यवाही की जाएगी. इससे पहले दिल्ली, ओडिशा जैसे कई राज्यों में भी मास्क पहनना अनिवार्य किया गया था. मास्क नहीं पहनने की स्थिति में कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है. ओडिशा में नो मास्क नो फ्यूल मुहिम भी चलाया जा रहा है।

  • बिलासपुर कलेक्टर ने की अपील,ऐसे व्यक्ति जो कटघोरा के संक्रमित व्यक्तियों के सम्पर्क में आये हों, वे अपनी जानकारी दें….

    बिलासपुर कलेक्टर ने की अपील,ऐसे व्यक्ति जो कटघोरा के संक्रमित व्यक्तियों के सम्पर्क में आये हों, वे अपनी जानकारी दें….

    बिलासपुर। कोरबा जिले के कटघोरा से एक साथ 7 व्यक्तियों के कोरोना पॉजीटिव पाए जाने के बाद प्रदेश में हड़कंप मच गया है. अब बिलासपुर कलेक्टर ने भी लोगों से सामने आकर जानकारी देने की अपील की है।
    बिलासपुर जिला प्रशासन ने ऐसे सभी लोगों को स्वयं सामने आकर अपने बारे में जानकारी देने के लिए कहा है जिन्होंने बीते एक माह के भीतर कटघोरा आना-जाना किया हो अथवा वे लोग जो वहां के संक्रमित लोगों के सम्पर्क में आये हों।
    कलेक्टर डॉ. संजय अलंग ने कहा है कि समीपवर्ती कोरबा जिले के कटघोरा में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है. अतएव बीते एक माह के भीतर कटघोरा आना जाना करने वाले सभी लोगों की जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है. जिले के ऐसे व्यक्ति जो कटघोरा के संक्रमित व्यक्तियों के सम्पर्क में आये हों, वे भी अपनी जानकारी दें. यह उनके स्वयं, परिवार, मोहल्ले तथा जिले की कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक है. जानकारी देने के लिए जिला कलेक्टोरेट में स्थापित कोरोना सहायता एवं नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07752 251000 तथा स्वास्थ्य विभाग के टोल फ्री नंबर 104 पर सम्पर्क किया जा सकता है।