Category: राष्ट्रीय

  • छत्तीसगढ़ के लिए राहत भरी खबर, एक और कोरोना मरीज हुआ स्वस्थ, अब तक 10 में से 9 मरीज हुए ठीक

    छत्तीसगढ़ के लिए राहत भरी खबर, एक और कोरोना मरीज हुआ स्वस्थ, अब तक 10 में से 9 मरीज हुए ठीक

    रायपुर। छत्तीसगढ़ से इस वक्त जो खबर निकलकर सामने आई है, वो बड़ी राहत देने वाली है. राज्य में एक और कोरोना मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हो गया है, उसे डिस्चार्ज किया जा रहा है. प्रदेश में यह 9वां पॉजिटिव मरीज है जो ठीक हुआ है. कोरबा का रहने वाला युवक पूरी तरह ठीक हो गया है. यह युवक यूके की यात्रा कर कोरबा लौटा था. इसकी पुष्टि एम्स अधीक्षक करण पिपरे ने की है. अब सिर्फ कटघोरा का 16 साल का जमाती कोरोना पॉजिटिव मरीज ही बच गया हैं, जिसके भी जल्द ठीक होने की उम्मीद है।

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट करते हुए कहा कि अभी सूचना प्राप्त हुई है कि कोरबा निवासी एक और COVID-19 पॉजिटिव मरीज का पूर्णतः इलाज होने के बाद उसे अस्पताल द्वारा डिस्चार्ज कर दिया गया है. अब तक 10 में से 9 मरीज इलाज करवाकर घर जा चुके हैं. देश जीतेगा, कोरोना हारेगा।

    स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने भी ट्वीट कर कहा कि छत्तीसगढ़ में 9 वां मरीज भी अब ठीक हो गया है और घर जाने के लिए तैयार है. इसलिए अब छत्तीसगढ़ में केवल एक ही व्यक्ति है, जिसे कोरोना है. वह भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में है. बाकी सभी लोग ठीक हो गए हैं।

    बता दें कि अब तक छत्तीसगढ़ में कुल 10 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए थे. जिनमें से 9 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है. ये सभी फिलहाल 28 दिन के लिए होम आइसोलेशन पर रहेंगे।

    जानिए छत्तीसगढ़ में कहां-कहां से मिले थे कोरोना पाॅजिटिव मरीज-

    • पहला केस, 19 मार्च- रायपुर के समता कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटिव मिली है. 16 मार्च को लंदन से छत्तीसगढ़ लौटी थी. (डिस्चार्ज- 3 अप्रैल)
    • दूसरा केस, 25 मार्च- राजनांदगांव के भरकापारा निवासी युवक थाईलैंड से घूमकर घर लौटा था. जिसकी कोरोना जांच सैंपल पॉजिटिव मिला. उम्र 30 साल के अंदर है. इसे एम्स में क्वारंटाइन में रखा गया है। (डिस्चार्ज- 5 अप्रैल)
    • तीसरा केस, 25 मार्च- तीसरा पॉजिटिव मरीज रायपुर से सामने आया, वो भी युवती है और उम्र 30 साल के अंदर है. सुभाष स्टेडियम इलाके की रहने वाली है. लंदन से यात्रा कर 16 मार्च को रायपुर आई थी. इसके खिलाफ विदेश से लौटने की जानकारी छुपाने, सरकार के निर्देशों की अवहेलना और दूसरों की जान मुसीबत में डालने पर कोतवाली थाने में एफआईआर भी दर्ज किया गया है।(डिस्चार्ज- 5 अप्रैल)
    • चौथा केस, 25 मार्च- बिलासपुर के रामालाइफ में एक 64 वर्षीय महिला का सैंपल पॉजिटिव आया है. महिला 10 फरवरी को दुबई से बिलासपुर आई थी. विदेश से लौटने की जानकारी इसने छुपाई थी। (डिस्चार्ज- 1 अप्रैल)
    • पांचवां केस, 25 मार्च – दुर्ग-भिलाई जोन सेक्टर 2 के खुर्सीपारा का रहने वाला युवक 10 मार्च को दुबई से लौटा है. जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है. यहां सख्त हिदायत के साथ आस-पास के 100 परिवारों को होम आइसोलेट किया गया था।(डिस्चार्ज- 31 मार्च)
    • छठवां केस, 25 मार्च – रायपुर के बड़े रामनगर में मिला है. जिसकी उम्र करीब 60 वर्ष है. इसका अन्य राज्य और विदेश यात्रा की कोई हिस्ट्री नहीं है. यानी समाज में फैले कोरोना संक्रमण के जरिए यह पॉजिटिव आया था।(डिस्चार्ज- 31 मार्च)
    • सातंवा केस, 28 मार्च- रायपुर के देवेंद्र नगर इलाके में रहने वाला यूके से लौटा युवक कोरोना पाॅजिटिव पाया गया. वह हाल ही में रायपुर आया था. (डिस्चार्ज- 5 अप्रैल)
    • आठवां केस, 30 मार्च- कोरबा निवासी युवक का जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आया, जो कि यूके की यात्रा कर लौटा था।(डिस्चार्ज – 6 अप्रैल)
    • नौवां मरीज, 31 मार्च – रायपुर के डीडी नगर (कंचन गंगा) निवासी युवती कोरोना पॉजिटिव पाई गई, जो कि लंदन की यात्रा कर लौटी थी। (डिस्चार्ज- 5 अप्रैल)
    • दसवां केस, 4 अप्रैल- कटघोरा निवासी 16 वर्षीय लड़का कोरोना पॉजिटिव पाया गया. यह लड़का तबलीगी जमात में शामिल होकर नागपुर के पास कामठी से आया था। जिसका एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।
  • हाईकोर्ट ने कहा लॉकडाउन में बाहर निकलकर खाना भी नहीं बांट सकते हैं, आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा….

    हाईकोर्ट ने कहा लॉकडाउन में बाहर निकलकर खाना भी नहीं बांट सकते हैं, आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा….

    दिल्ली। लॉकडाउन में देखा जा रहा है कि लोग घूम घूमकर बाहर खाना बांट रहे हैं। लोगों के इस कदम पर हाईकोर्ट सख्त हो गया है। केरल हाईकोर्ट ने प्रशासन से इस पर तुरंत रोक लगाने को कहा है।
    लोगों के लॉकडाउन के दौरान बाहर निकल कर खाना बांटने पर केरल हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि लॉकडाउन के दौरान लोगों को घर से बाहर घूमने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। चाहे वे खाना बांटने के लिए ही बाहर क्यों न निकले हों। हाईकोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये एक मामले में सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। इसमें राज्य के कोल्लम में जरूरतमंदों को खाना बांटने की इजाजत कुछ लोगों ने मांगी थी।

    हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि लोगों को हर हाल में सरकार की एडवाइजरी का पालन करना होगा। कोई भी अपने मन से कुछ भी नहीं कर सकता है। वर्ना हरकोई मनमानी करने लगेगा। दरअसल, याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट से कहा था कि उसे जिला प्रशासन जरूरतमंदों को खाना बांटने की इजाजत नहीं दे रहा है। इसलिए हाईकोर्ट उसे ऐसा करने की इजाजत दे। जिसपर हाईकोर्ट ने इजाजत देने से साफ इंकार करते हुए ये आदेश दिया।

  • आईआरसीटीसी ने की घोषणा, 30 अप्रैल तक देश की निजी ट्रेनों के थमे रहेंगे पहिए …

    आईआरसीटीसी ने की घोषणा, 30 अप्रैल तक देश की निजी ट्रेनों के थमे रहेंगे पहिए …

    नई दिल्ली। कोरोना वायरस के फैलते संक्रमण की वजह से देश में लागू लॉकडाउन की वजह से रद्द ट्रेन सेवा के जल्द शुरू होने के आसान नजर नहीं आ रहे हैं. इस बीच आईआरसीटीसी ने देश में संचालित तीन निजी ट्रेनों के लिए 30 अप्रैल तक की बुकिंग रद्द करने की घोषणा कर दी है।

    आईआरसीटीसी की ओर से तीन निजी ट्रेन सेवा संचालित की जाती है, जिनमें से दो तेजस और एक काशी महाकाल एक्सप्रेस है. कंपनी के प्रवक्ता ने तीनों ट्रेनों के लिए 30 अप्रैल तक बुकिंग नहीं करने की घोषणा ट्विटर के जरिए की है।

    कंपनी के इस निर्णय से लोग इस बात के कयास लगा रहे हैं कि देश में लॉकडाउन कम से कम 30 अप्रैल तक तो रहने वाला है. हालांकि, सरकार की ओर से इस बारे में औपचारिक तौर से कोई घोषणा नहीं की गई है।

  • कोरोना मरीजों पर मिली सफलता का अनुभव सार्क देशों के साथ साझा करेंगे रायपुर एम्स के डॉक्टर

    कोरोना मरीजों पर मिली सफलता का अनुभव सार्क देशों के साथ साझा करेंगे रायपुर एम्स के डॉक्टर

    ,रायपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर एम्स के चिकित्सक और वैज्ञानिक सार्क देशों के साथ यहां मिली सफलता को साझा करने की तैयारी कर रहे हैं. इन अनुभवों को अन्य देशों के चिकित्सकों को बताकर उन्हें कोरोना वायरस की चुनौती से जूझने के लिए अपनाई गई रणनीति समझाई जाएगी।

    उप-निदेशक नीरेश शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्क देशों के प्रधानमंत्रियों के साथ वार्ता में इसके लिए प्रस्ताव रखा था. इसी के अनुरूप 13 से 20 अप्रैल के मध्य सार्क देशों के चिकित्सकों और वैज्ञानिकों की ऑनलाइन कांफ्रेंस वेबनायर आयोजित करने का प्रस्ताव है. इसमें एम्स दिल्ली के साथ ही एम्स रायपुर के चिकित्सक भी भाग लेंगे. इस वेबनायर में सार्क देशों के प्रतिनिधि मिलकर कोरोना वायरस की चुनौती के बारे में संयुक्त रणनीति पर विचार करेंगे और एक-दूसरे के देशों में मिले अनुभवों को जानेंगे।

    निदेशक प्रो. डॉ. नितिन एम. नागरकर का कहना है कि यह एम्स रायपुर के लिए अति महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां के चिकित्सकों ने अब तक कोरोना वायरस से पीड़ित 6 रोगियों को ठीक करके भेज दिया है. ऐसे में एम्स रायपुर द्वारा जो प्रोटोकॉल अपनाया गया है उसे अन्य देशों के साथ साझा किया जाएगा. जिससे वे भी इससे लाभान्वित हो सके. यह ज्ञान को साझा करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का ही एक भाग होगा।

    गौरतलब है कि प्रदेश में 10 कोरोना पॉजिटिव मरीज थे. जिसमें से 8 मरीज ठीक होने के बाद डिस्चार्च कर दिया गया है. फिलहाल 28 दिन के लिए होम क्वारंटाईन में है।

  • छत्तीसगढ़ में 17 तब्लीगी जमातियों पर एफआइआर, जानकारी छिपाने पर की गई कार्रवाई

    छत्तीसगढ़ में 17 तब्लीगी जमातियों पर एफआइआर, जानकारी छिपाने पर की गई कार्रवाई

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में तब्लीगी जमात के 17 लोगों पर जानकारी छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें 16 लोग कोरबा जिले की कटघोरा मस्जिद में मिले थे, जबकि एक अंबिकापुर में।

    उधर, सरकार ने दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज से लौटे तब्लीगी जमात और उनसे जुड़े 107 लोगों की जांच कराई थी। इसकी रिपोर्ट सोमवार दोपहर बाद जारी की गई। इसके अनुसार, 83 सैंपल निगेटिव पाए गए हैं, जबकि 23 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। इसमें कठघोरा की मस्जिद से मिले एक 16 वर्षीय युवक का सैंपल पहले ही पॉजिटिव पाया गया है। उसे एम्स में भर्ती कराया गया है।

    विदेशी तब्लीगी जमातियों को भेजेंगे उनके मुल्क

    मध्य प्रदेश के भोपाल में मौजूद विदेशी तब्लीगी जमातियों की पूरी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस अब उन्हें डिपोर्ट (देश से बाहर करना) करने की तैयारी कर रही है। अभी उनकी संख्या करीब 70 है। पुलिस के आलाधिकारियों के मुताबिक मार्च के पहले सप्ताह में बेल्जियम, म्यांमार, कनाडा और आईवरी पोस्ट से तब्लीगी जमाती भोपाल पहुंचे थे। इनमें अधिकांश श्यामला हिल्स, ऐशबाग और जहांगीराबाद की मस्जिदों में रुके थे। सभी 70 लोगों की जांच करवाई गई तो उनमें से 20 में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। सभी विदेशी जमातियों को ताजुल मस्जिद में शिफ्ट कर दिया गया है। उपेंद्र जैन, आइजी भोपाल जोन का कहना है कि जमातियों को बाहर भेजा जाएगा। इससे संबंधित प्रक्रिया शुरू कर दी है।

  • जिला अस्पताल में नदारद रहे डॉक्टर, परेशान हुए मरीज और उनके परिजन, CMHO ने दी सफाई, कहा- सभी डॉक्टर ड्यूटी पर थे…

    जिला अस्पताल में नदारद रहे डॉक्टर, परेशान हुए मरीज और उनके परिजन, CMHO ने दी सफाई, कहा- सभी डॉक्टर ड्यूटी पर थे…

    रायपुर। राजधानी के पंडरी स्थित जिला अस्पताल में आज मरीज और उनके परिजन इलाज के लिए भटकते नजर आए. जिला अस्पताल में दोपहर 12 बजे तक कोई डॉक्टर मौजूद नहीं थे। जब इसकी जानकारी जिला चिकित्सा अधिकारी को दी गई तो वे सफाई देने लगे. उन्होंने कहा कि डॉक्टर कही न कही ड्यूटी पर रहे होंगे इस वजह से वे अस्पताल नहीं पहुंच पाए।

    परिजनों ने बताया कि किसी को रिपोर्ट दिखाना था, तो कई इलाज कराने पहुंचे थे. सुबह 9 बजे डॉक्टर और उनकी टीम को बैठना था और हमें रिपोर्ट दिखाने के लिए सुबह ही बुलाए थे. लेकिन 12 बजे के बाद ही डॉक्टर आई. उन्होंने बताया कि एक नंबर कमरा में पीला कार्ड में दवा औऱ इलाज फ्री मिलता है।

    सीएमएचओ मीरा बघेल ने कहा कि अभी मेडिकल स्टॉप का कई जगहों पर ड्यूटी लगाई गई है, जिसके कारण डॉक्टर हॉस्पिटल नहीं पहुंच पा रहे हैं. वहीं शहर में पीलिया को लेकर भी कैंप लगाए गए हैं वहां डाक्टरों की ड्यूटी लगी है. कोरोना जांच में भी ड्यूटी लगाई गई है।

    हॉस्पिटल अधीक्षक रवि तिवारी ने बताया कि ऑन लाईन ट्रेनिंग में गए थे, कही ना कही चूक हुई है, नहीं तो उनकी जगह किसी औऱ की ड्यूटी लगाई जाती, इसमें जानकारी लेता हूं, ताकि आगे ऐसा ना हो और मरीजों को इलाज मिले।

    सवाल उठता है कि ऐसी कौन सी ड्यूटी है, जो दोपहर 12 बजे के पहले तक लगी, फिर इसके बाद डॉक्टर हॉस्पिटल पहुंच गई, इसका जवाब सीएमएचो के पास भी नहीं है।

  • कोरोना से लड़ने दिल्ली से स्पेशल फ्लाइट से पहुंची चिकित्सा सामग्री …

    कोरोना से लड़ने दिल्ली से स्पेशल फ्लाइट से पहुंची चिकित्सा सामग्री …

    रायपुर। कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही लड़ाई में चिकित्सा सामग्री की कमी बड़ी बाधा बनकर सामने आ रही है. इस स्थिति से उबरने के लिए एयर इंडिया विशेष कार्गों फ्लाइट के जरिए चिकित्सा सामग्रियों की आपूर्ति कर रहा है. इसी कड़ी में सोमवार को दोपहर स्पेशल कार्गों प्लेन चिकित्सा सामग्री लेकर रायपुर हवाई अड्डे पर उतरा।

    दिल्ली से चिक्तिसा सामग्री लेकर उड़ान भरने वाला कार्गों प्लेन वाराणसी के बाद दोपहर 2.20 बजे रायपुर हवाई अड्डे में उतरा है, जहां जरूरी चिकित्सा सामग्री को उतारने के बाद हैदराबाद के लिए उड़ान भर ली।
    स्पेशल फ्लाइट के जरिए दूसरी बार चिकित्सा सामग्री की आपूर्ति की जा रही है. उतारी गई चिकित्सा सामग्री राज्य स्वास्थ्य विभाग को प्रदान की जाएगी।

  • कोरोना वायरस का असर, सांसदों को दो साल तक नहीं मिलेगी सांसद निधि, वेतन में 30 प्रतिशत की कटौती भी ….

    कोरोना वायरस का असर, सांसदों को दो साल तक नहीं मिलेगी सांसद निधि, वेतन में 30 प्रतिशत की कटौती भी ….

     दिल्ली। कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही जंग को देखते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सांसदों को अगले दो साल तक मिलने वाली सांसद निधि को निरस्त कर दिया है. वहीं सांसदों को मिलने वाली तनख्वाह में भी चालू वित्तीय वर्ष के लिए 30 प्रतिशत की कटौती की है।

    केंद्रीय कैबिनेट की फैसले की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बताया कि वेतन कटौती को लेकर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और राज्यपालों ने भी अपनी ओर से सहमति पत्र प्रदान किया है. उनके भी तनख्वाह में 30 प्रतिशत की कटौती की जाएगी।
    बता दें कि हर साल सांसदों को स्थानीय क्षेत्र के विकास के लिए पांच करोड़ रुपए प्रदान किए जाते हैं. इस लिहाज से दो वित्तीय वर्ष को मिलाकर प्रत्येक सांसद का 10 करोड़ रुपए वित्तीय वर्ष 2020-21 और 2021-22 के लिए नहीं प्रदान किया जाएगा।

  • छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के तीन अतिरिक्त जजों को नियमित करने के प्रस्ताव को मंजूरी, सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने दी मंजूरी

    छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के तीन अतिरिक्त जजों को नियमित करने के प्रस्ताव को मंजूरी, सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने दी मंजूरी

    नई दिल्ली – सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने आज छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के तीन अतिरिक्त जजों के नियमितीकरण के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है। सुप्रीम कोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक कॉलेजियम ने हाईकोर्ट के तीन अतिरिक्त जजों जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू,जस्टिस गौतम चौरडिया और जस्टिस रजनी दुबे को नियमित करते हुए इन तीनों को हाई कोर्ट जज के रूप में पदस्थापना देने को मंजूरी दी है।

    इसके अलावा हाईकोर्ट के एक अन्य अतिरिक्त जज विमला सिंह कपूर के नियमितीकरण का प्रस्ताव फिलहाल टल गया है । सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने विमला सिंह कपूर को 18 जून 2020 से 1 वर्ष की अवधि के लिए फिर से अतिरिक्त जज के रूप में नियुक्ति देने की बात कही है।

  • कोरोना ने ली इस एयरलाइंंस की बलि, एयर डेक्कन ने बोरिया बिस्तर समेटा, कामकाज किया बंद

    कोरोना ने ली इस एयरलाइंंस की बलि, एयर डेक्कन ने बोरिया बिस्तर समेटा, कामकाज किया बंद

    दिल्ली। कोरोना वायरस ने न सिर्फ लोगों को बल्कि बिजनेस और कंपनियों को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। कई कंपनियों में इसके चलते महीनों से काम ठप है। अब कोरोना के कहर के चलते एयर डेक्कन ने अपना कामकाज बंद कर दिया है।
    दरअसल, कोरोना संकट से निपटने के लिए सरकार ने देश में 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान किया है। इसके चलते फ्लाइट पर भी पाबंदी लगी है। इस बंदी का सबसे बचरा असर पहले से ही परेशान एविएशन सेक्टर पर पड़ा है। अब देश की नामी एयरलाइंस एयर डेक्कन ने ऐलान किया है कि वह अपना कामकाज बंद कर रही है क्योंकि उसके पास इसके अलावा कोई विकल्प इन हालात में नहीं बचा है।
    एयर डेक्कन के सीईओ अरुण कुमार सिंह ने कर्मचारियों को भेजे ई-मेल में कहा कि ‘मौजूदा घरेलू और वैश्विक मुद्दों की वजह से डीजीसीए ने 14 अप्रैल तक सभी कामर्शियल फ्लाइट बंद करने का निर्देश दिया है। ऐसे में एयर डेक्कन के पास अगले नोटिस तक अपना परिचालन बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। इसलिए कंपनी अपना कामकाज बंद कर रही है। इतना ही नहीं कंपनी ने सभी कर्मचारियों को लीव विदआउट पे पर भेज दिया है।